बंगाल की खाड़ी में हलचल से बिगड़ा बिहार का मौसम, आज सभी पटना समेत 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में हलचल से बिगड़ा बिहार का मौसम, आज सभी पटना समेत 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट


Last Updated:

Bihar Aaj Ka Mausam: मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के सभी 38 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है. 19 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. वहीं, 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बारिश तेज होगी. बिजली गिरने का भी खतरा है, इसलिए सतर्क रहें.

ख़बरें फटाफट

Zoom

बिहार आज का मौसम(सांकेतिक फोटो)

पटनाः पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को बिहार के सभी 38 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, बाकी 19 जिलों में मध्यम बारिश को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है.

किन जिलों में कैसा रहेगा मौसम

  • मौसम विभाग के अनुसार ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार शामिल हैं.
  • दूसरी तरफ पटना, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, जमुई, खगड़िया, मुंगेर, बांका और भागलपुर में येलो अलर्ट जारी है. उत्तर बिहार की तुलना में दक्षिण बिहार के अधिकतर हिस्सों में बारिश की संभावना कम है. हालांकि, कुछ स्थानों पर तेज बिजली चमकने और तेज हवा चलने के आसार बने हुए हैं.
बिहार वेदर अपडेट

बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का दिख रहा असर

  • पूर्व-मध्य और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है. अगले 24 घंटे में इसके और ज्यादा प्रभावी होने की संभावना है. यह सिस्टम उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों की ओर बढ़ सकता है. इसके असर से बिहार में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी.
  • पटना में आज दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है. शहर में एक या दो दौर की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. बीते 24 घंटे में भी पटना, खगड़िया, सुपौल, जमुई और सासाराम में बारिश दर्ज की गई. पटना में बुधवार को दिनभर धूप खिली रही, लेकिन शाम को काले बादल छा गए और रात में मूसलाधार बारिश हुई.

25 से 27 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का दौर

  • मौसम विभाग की मानें तो 24 सितंबर के बाद भी बारिश से राहत नहीं मिलेगी. 25 सितंबर को राज्य में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. 26 और 27 सितंबर को भी अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. पटना में 25 सितंबर को तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है.

कमजोर पड़ा मानसून, अब तक 37% कम बारिश

  • पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मानसून की रफ्तार थोड़ी कमजोर रही. पूर्वी बिहार के कई इलाकों और बाकी हिस्सों में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश हुई. बांका, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, किशनगंज, मधुबनी और पूर्वी चंपारण में अच्छी बारिश दर्ज की गई.
  • राज्य में अब तक कुल 591.7 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 943.4 मिमी होना चाहिए था. इस तरह बिहार में सामान्य से करीब 37 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. बीते दिन कैमूर में सबसे ज्यादा 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. वहीं पटना का तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा.
बिहार वेदर अपडेट

किसानों और आम लोगों के लिए जरूरी सलाह

  • खरीफ फसलों की कटाई का समय चल रहा है. इसलिए मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि कटी हुई फसलों को तुरंत सुरक्षित और सूखे स्थानों पर रखें. खड़ी फसलों में सिंचाई फिलहाल रोक दें. बारिश के दौरान खेतों में न जाएं.
  • बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों, तालाबों और जलाशयों से दूर रहने की अपील की गई है. आंधी-तूफान के समय घरों के अंदर रहें और बिजली उपकरणों का प्रयोग सावधानी से करें.



Source link