Last Updated:
Muzaffarpur Job News: मुजफ्फरपुर में 19 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. इस मेले में 25 से 30 कंपनियां युवाओं को नौकरी का मौका देंगी. इच्छुक युवा अपने बायोडाटा की 2 कॉपी और साथ में सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स लेकर वेन्यू पर पहुंचें.
मुजफ्फरपुर. मुजफ्फरपुर जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है. बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग तथा निदेशालय नियोजन, बिहार, पटना के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, मुजफ्फरपुर की ओर से 19 नवंबर 2026 को एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा. मेले का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), गन्नीपुर, मुजफ्फरपुर के मैदान परिसर में किया जाएगा.
कई कंपनियां लेंगी हिस्सा
इस रोजगार मेले में बिहार सहित अन्य राज्यों की लगभग 25 से 30 कंपनियां हिस्सा लेंगी. ये कंपनियां विभिन्न क्षेत्रों में निजी क्षेत्र की रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी. ऐसे में जिले के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों से आने वाले बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार पाने का अवसर मिलेगा. खास बात यह है कि मेले में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ युवाओं को व्यावसायिक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा.
स्वरोजगार शुरू करने वालों की भी होगी मदद
आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे. इन स्टॉलों के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और कौशल विकास से जुड़ी जानकारियां दी जाएंगी. इससे नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के साथ-साथ खुद का रोजगार शुरू करने की इच्छा रखने वाले युवाओं को भी मदद मिलेगी.
दो प्रतियों में बायोडाटा लेकर पहुंचें अभ्यर्थी
नियोजन मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ दो प्रतियों में बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ तथा शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता से संबंधित प्रमाण पत्र लाने होंगे. यदि किसी अभ्यर्थी के पास कार्य अनुभव है तो उससे संबंधित प्रमाण पत्र भी साथ रखना होगा.
नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य
मेले में भाग लेने के लिए बिहार के किसी भी नियोजनालय में निबंधन होना अनिवार्य है. जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर अपना निबंधन नहीं कराया है, वे https://detjob.bihar.gov.in/registration पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं. इसके अलावा मेले के आयोजन स्थल पर भी निबंधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
जिला नियोजनालय की ओर से साफ किया गया है कि मेले में केवल निजी क्षेत्र की रिक्तियां उपलब्ध रहेंगी. रिक्तियों, नियुक्ति की शर्तों और चयन के मापदंडों की जिम्मेदारी संबंधित नियोजक कंपनियों की होगी. वहीं, मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा.