Last Updated:
बेंती महल में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा का आयोजन हो रहा है. घरेलू विवाद की वजह से कई सालों से दूर रह रहीं राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने भी इस आयोजन में शामिल होने की इच्छा जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखे लंबे-चौड़े संदेश में राजा भैया को हुजूर कहकर संबोधित करते हुए न्योता देने का निवेदन किया है.
राजा भैया पत्नी भानवी सिंह
रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया अपने बेंती महल में भव्य आयोजन करा रहे हैं. यह धार्मिक आयोजन बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा को लेकर है. बड़ी संख्या में लोगों को न्यौता दिया गया है. इस बीच घरेलू विवाद की वजह से कई सालों से दूर रह रहीं उनकी पत्नी भानवी सिंह ने भी इस आयोजन में शामिल होने की इच्छा जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखे लंबे-चौड़े संदेश में राजा भैया को हुजूर कहकर संबोधित करते हुए न्योता देने का निवेदन किया है.
भानवी सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा स्थित मेरी ससुराल बेती राजभवन में पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से आयोजित होने जा रही भव्य श्रीराम कथा का समाचार पाकर मन श्रद्धा, आस्था और भावनाओं से अभिभूत है. मेरी भी हार्दिक अभिलाषा है कि मुझे इस पावन आध्यात्मिक आयोजन में सम्मिलित होने, पूज्य बाबा बागेश्वर जी के दर्शन करने और प्रभु श्रीराम की दिव्य कथा का श्रवण करने का सौभाग्य प्राप्त हो.
साल 2017 से ही अलग रह रहीं भानवी ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास और आशा है कि मेरे हजूर, रघुराज प्रताप सिंह जी मेरी इस धार्मिक और आध्यात्मिक अभिलाषा का सम्मान करते हुए मुझे इस पुण्य आयोजन में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान करेंगे, जिससे श्रीराम कथा के श्रवण और आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ पूरे परिवार को मिल सके. प्रभु श्रीराम के श्रीचरणों में मेरी यही प्रार्थना है कि उनकी कृपा से परिवार में व्याप्त समस्त नकारात्मकता, कटुता और अशांति का अंत हो. जिन प्रतिकूल परिस्थितियों और नकारात्मक शक्तियों ने परिवार की सुख-शांति एवं पारिवारिक सौहार्द को प्रभावित किया है, उनसे मुक्ति मिले और परिवार में पुनः प्रेम, विश्वास, एकजुटता, सद्भाव एवं खुशहाली का वातावरण स्थापित हो.
अपनी दो बेटियों को लेकर दिल्ली में रह रहीं भानवी सिंह ने आगे लिखा- मैं पूज्य बाबा बागेश्वर सरकार से भी विनम्र प्रार्थना करती हूं कि वे अपने आध्यात्मिक आशीर्वाद और मार्गदर्शन से परिवार में व्याप्त नकारात्मकता को दूर करने तथा सकारात्मकता, प्रेम और सद्भाव का संचार करने की कृपा करें. इसके साथ ही, इस पावन कथा में सम्मिलित होने की मेरी अभिलाषा पूर्ण होने का मार्ग प्रशस्त करें. श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को मर्यादा, त्याग, करुणा, धैर्य और पारिवारिक मूल्यों की राह दिखाने वाली दिव्य प्रेरणा है.
भदरी राजघराने की बहू ने कहा- प्रभु श्रीराम की मर्यादा और उनके आदर्श हम सभी को परिवार और समाज में प्रेम, सम्मान तथा समरसता बनाए रखने की सीख देते हैं. मेरी कामना है कि यह श्रीराम कथा केवल भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का ही नहीं, बल्कि परिवारों को जोड़ने, रिश्तों में विश्वास जगाने और समाज में सकारात्मकता का संदेश देने वाला पावन अवसर बने. प्रभु श्रीराम सबका कल्याण करें. जय श्रीराम! जय बागेश्वर धाम सरकार! भानवी कुमारी, भदरी, कुंडा, जनपद प्रतापगढ़.