डोपामाइन ड्रेसिंग एक फैशन और मनोविज्ञान से जुड़ा कॉन्सेप्ट है.(Image : Canva)
यूसीएलए हेल्थ में प्रकाशित शोध के मताबिक, डोपामाइन ड्रेसिंग का सीधा-सा मतलब है ऐसे कपड़े पहनना, जिन्हें देखकर या पहनकर आपको खुशी महसूस हो. इसमें फैशन के किसी तय नियम या ट्रेंड को फॉलो करना जरूरी नहीं है. आप अपनी पसंद के रंग, प्रिंट, डिजाइन और फिटिंग वाले कपड़े चुन सकती हैं. मसलन, किसी को पीला और गुलाबी रंग पहनकर अच्छा महसूस होता है, तो किसी को काले रंग की ड्रेस या अपनी पसंदीदा साड़ी में आत्मविश्वास आता है.
दरअसल, डोपामाइन हमारे दिमाग में बनने वाला एक न्यूरोट्रांसमीटर है, जो प्रेरणा, सीखने और इनाम से जुड़ी प्रक्रियाओं में भूमिका निभाता है. जब हम कोई पसंदीदा काम करते हैं या कुछ अच्छा अनुभव करते हैं, तो ‘दिमाग का रिवॉर्ड सिस्टम’ एक्टिव हो जाता है. डोपामाइन ड्रेसिंग इसी खुशी और पसंद के अनुभव को कपड़ों के चुनाव से जोड़ती है. हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि कोई खास रंग पहनने से दिमाग में डोपामाइन बढ़ जाता है.
कपड़ों का हमारे मूड और दिमाग से क्या है कनेक्शन?
डोपामाइन ड्रेसिंग के लिए कैसे चुनें कपड़े?
(Image Canva)
इसके लिए आपको अपनी पूरी अलमारी बदलने या महंगे कपड़े खरीदने की जरूरत नहीं है. अपनी पसंद को समझकर छोटे-छोटे बदलाव किए जा सकते हैं.
1.पसंदीदा रंगों को दें जगह:
अगर पीला, गुलाबी, हरा, नारंगी या आसमानी रंग पहनने से आपको अच्छा महसूस होता है, तो इन्हें अपने रोजमर्रा के कपड़ों में शामिल करें. जरूरी नहीं कि हर किसी का पसंदीदा रंग चमकीला ही हो. किसी को काला, सफेद या नीला रंग भी खुशी दे सकता है.
2.प्रिंट के साथ प्रयोग करें:
फूलों वाले प्रिंट, पोल्का डॉट्स और रंगीन डिजाइन आपके रोज के लुक में ताजगी ला सकते हैं.
3.आराम को प्राथमिकता दें:
ऐसे कपड़े चुनें जिनकी फिटिंग अच्छी हो और जिन्हें पहनकर आप सहज महसूस करें.
4.एक्सेसरीज से बदलें अपना लुक:
अगर किसी दिन ज्यादा तैयार होने का मन नहीं है, तो अपनी पसंद की बालियां, रंगीन स्कार्फ, घड़ी या हैंडबैग से भी लुक में बदलाव ला सकती हैं. कई बार छोटी-सी एक्सेसरी भी आपको अच्छा महसूस करा सकती है.
5.अपनी पसंद से पहनें:
किसी सेलिब्रिटी या सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की नकल करने के बजाय वही स्टाइल चुनें जिसमें आप खुद को अच्छा महसूस करती हैं.
क्या सिर्फ कपड़े बदलने से खराब मूड ठीक हो सकता है?
यहां एक बात समझना जरूरी है. डोपामाइन ड्रेसिंग को खराब मूड, तनाव या डिप्रेशन का इलाज नहीं माना जा सकता. कपड़े पहनने से आपका आत्मविश्वास बढ़ सकता है या दिन की शुरुआत थोड़ी अच्छी हो सकती है, लेकिन हर व्यक्ति पर इसका असर एक जैसा नहीं होता.
रिसर्च में भी ऐसा पुख्ता प्रमाण नहीं है कि ब्राइट कलर पहनने से सीधे दिमाग में डोपामाइन रिलीज होता है. रंगों के प्रति हमारी पसंद, उनसे जुड़ी यादें, सांस्कृतिक धारणाएं और व्यक्तिगत अनुभव अलग-अलग हो सकते हैं. इसलिए किसी के लिए पीला रंग खुशी का एहसास हो सकता है, तो किसी दूसरे के लिए उसकी पसंदीदा काली ड्रेस ही सबसे ज्यादा सुकून देने वाली हो सकती है.
अगर आपका मूड लंबे समय तक खराब रहता है, रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं या लगातार उदासी महसूस होती है, तो इसे सिर्फ कपड़ों से जोड़कर न देखें. ऐसी स्थिति में मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है.
डिस्क्लेमर- डोपामाइन ड्रेसिंग एक फैशन और मनोविज्ञान से जुड़ा कॉन्सेप्ट है. इसे मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज न समझें. कपड़ों का मूड पर असर हर व्यक्ति के लिए अलग हो सकता है.