दिल्ली. दिल्ली पुलिस में कई ऐसे पुलिसकर्मी हैं, जिनकी वर्दी के पीछे संघर्ष, हिम्मत और जिम्मेदारियों की लंबी कहानी छिपी है. ऐसी ही कहानी है दिल्ली पुलिस की हेड कांस्टेबल चंचल की, जिन्होंने कभी अपने परिवार की मुश्किलों से लड़ते हुए पुलिस में आने का सपना देखा था. आज वही चंचल न सिर्फ अपने परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रही हैं, बल्कि ड्यूटी के दौरान लापता बच्चों को उनके परिवार तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं. जैतपुर थाने में तैनात चंचल अब तक 119 बच्चों को तलाशने में मदद कर चुकी हैं. इनमें 16 ऐसे बच्चे भी शामिल हैं, जो 18 साल की उम्र पार कर चुके थे.
मां के संघर्ष से मिली आगे बढ़ने की प्रेरणा
चंचल बताती हैं कि जब वह 8-9 साल की थीं, तब उनके पिता की तबीयत खराब रहने लगी थी. परिवार की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी. ऐसे में उनकी मां ने पूरे परिवार को संभालने के लिए काफी मेहनत की. मां घर में भैंस पालती थीं और घरेलू जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ फैक्ट्री में भी काम करती थीं. उन्होंने अपनी मां को हर दिन संघर्ष करते देखा. यही वजह रही कि बचपन से ही चंचल के मन में परिवार के लिए कुछ करने और अपने पैरों पर खड़े होने की इच्छा पैदा हुई.
प्राइवेट नौकरी से शुरू हुआ सफर
चंचल ने शुरुआत में प्राइवेट सेक्टर में काम किया. इसी दौरान आसपास के लोग उनसे कहते थे कि वह पुलिस में जाने के लिए बनी हैं और उन्हें दिल्ली पुलिस में नौकरी की तैयारी करनी चाहिए. लोगों की इन बातों ने उनके मन में भी पुलिस में जाने का विचार मजबूत किया. इसके बाद उन्होंने तैयारी शुरू की और आखिरकार साल 2014 में दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हो गईं. आज उन्हें अपनी इस यात्रा पर गर्व है.
बटालियन से PCR और CAW सेल तक का सफर
साल 2014 में भर्ती होने के बाद चंचल की पहली पोस्टिंग पहली बटालियन में हुई. ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उन्होंने वहां करीब 8-10 महीने काम किया. इसके बाद उनका ट्रांसफर PCR में हुआ, जहां उन्होंने लगभग तीन साल तक सेवाएं दीं. फिर वह आउटर नॉर्थ जिले में तैनात रहीं. बाद में साउथ ईस्ट जिले के CAW सेल में करीब चार साल तक काम किया. फिलहाल वह जैतपुर थाने में तैनात हैं और बच्चों को तलाशने से जुड़े काम में अहम जिम्मेदारी निभा रही हैं.
परिवार की जिम्मेदारी बेटे की तरह निभाई
चंचल के जीवन में पारिवारिक जिम्मेदारियां भी कम नहीं रहीं. वह बताती हैं कि पिता की बीमारी के दौरान उन्होंने घर की जिम्मेदारी एक बेटे की तरह संभाली. आज भी उनके पिता उन्हें बेटे की तरह ही मानते हैं. उनकी दो बड़ी बहनों का निधन हो चुका है. एक बहन की शादी के बाद ससुराल में मृत्यु हो गई थी. चंचल कहती हैं कि अगर उनकी बड़ी बहन आज जीवित होतीं, तो उन्हें वर्दी में देखकर बहुत खुश होतीं. उनका एक भाई BSF में है, जबकि छोटी बहन की शादी हो चुकी है. आज परिवार की स्थिति पहले से बेहतर है, लेकिन पुराने संघर्षों को याद करके वह भावुक हो जाती हैं.
परिवार और ड्यूटी के बीच बनाती हैं तालमेल
पुलिस की नौकरी में कई बार अचानक ड्यूटी और बाहर जाने की जिम्मेदारी आ जाती है. ऐसे में परिवार और नौकरी के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं होता. चंचल बताती हैं कि उनके पति और ससुराल वाले उनका पूरा सहयोग करते हैं. उन्हें जब भी कहीं जाना होता है, परिवार उनका साथ देता है. कई बार ड्यूटी के चलते परिवार को समय देना मुश्किल होता है, लेकिन वह अपनी जिम्मेदारियां निभाने की कोशिश करती हैं. उनकी बेटी गुड़िया भी उनसे काफी जुड़ी हुई है. चंचल बताती हैं कि कई बार उसे अपने साथ ले जाना पड़ता है, क्योंकि वह उनके बिना नहीं रह पाती और ठीक से खाना भी नहीं खाती.
महिलाओं को दिया आत्मनिर्भर बनने का संदेश
चंचल का कहना है कि जो महिलाएं दिल्ली पुलिस में आना चाहती हैं, उन्हें मेहनत से पढ़ाई करनी चाहिए और अपने लक्ष्य के लिए पूरी तैयारी रखनी चाहिए. उनके मुताबिक, आज महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस विभाग में कई महिला अधिकारी और संगठन भी सहयोग कर रहे हैं. ऐसे में महिलाओं को खुद आगे आकर अपने लिए रास्ता बनाना चाहिए.