लखनऊः उत्तर प्रदेश में लगातार सड़कों की बेहतर कनेक्टिविटी के लिए एक्सप्रेसवे, हाईवे और लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है. इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश में विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर काम तेजी से चल रहा है. जिसके लिए जिन-जिन जिलों से यह एक्सप्रेसवे गुजरने वाला है, उन जिलों के गांवों के किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है. विंध्य एक्सप्रेसवे 26315 करोड़ रुपये में तैयार हो रहा है. अधिग्रहित जमीन के लिए मुआवजा दिए जाने के लिए 1900 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है. विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए भदोही जिले के 58 गांवों के 16000 किसानों की जमीन अधिग्रहित होगी.
विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए भदोही में 400 हेक्टेयर जमीन ली जाएगी
बता दें कि विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए यूपीईडा की तरफ से जिले में 400 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होगा. यह एक्सप्रेसवे प्रयागराज के हँड़िया से भदोही के दुर्गागंज में प्रवेश करेगा. फिर वहां से सीधे मिर्जापुर और सोनभद्र तक जाएगा. प्राप्त जानकारी के मुताबिक भदोही में इस एक्सप्रेसवे पर एक कट होगा. यह कट जिला मुख्यालय के पास चकमान सिंह कांवल गांव में रहेगा.
भदोही के किसानों को कितना मिलेगा मुआवजा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए किसानों को उनकी जमीन का मुआवजा सर्किल रेट से चार गुना अधिक दिया जा रहा है. बता दें कि इस एक्सप्रेसवे का 35 किलोमीटर का हिस्सा भदोही, ज्ञानपुर और औराई तहसील के 58 गांवों से गुजरेगा. इस एक्सप्रेसवे के तैयार होने से पूर्वी यूपी में व्यापार, पर्यटन और लॉजिस्टिक को रफ्तार मिलेगी. जिले की करीब 400 हेक्टेयर में 90 प्रतिशत जमीन एग्रीकल्चरल लैंड है.
किन-किन गांवों के किसान होंगे मालामाल
प्राप्त जानकारी के मुताबिक विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए भदोही तहसील के अभोली, सरायभाव सिंह, एकौनी, भोरी, कसौड़ा, खरगपुर, बहरैची, कपुरीपुर, चंवर, बीरापुर, घटमापुर, आनंदडीह, सराय होला, गंगारामपुर, भटेवरा, महजूदा, चकबसुही, चकधरनी गांव के किसानों से जमीन ली जाएगी. इसके अलावा ज्ञानपुर तहसील के गजधरा, जयसिंहपुर, चकमानसिंह कांवल, मानकपुर, श्रीपुर, भगवानपुर, मेढ़ी, हरीपट्टी, शुकुलपुर, पकरी कला, वारी, पूरे गड़ेरिया, चक सिखारी, भुसौला, गिरधरपुर, लक्ष्मणपट्टी, कला खुर्द, चक कौलपति गांव से यह एक्सप्रेसवे गुजरेगा. वहीं औराई तहसील के बैरी खास, अछबर, हेवतपुर, गरौली, नकटापुर, सेउर, जयरामपुर, माधोसिंह, कालियापुर, पीपरगांव, महथुवा, अहरपुर, लसमणिया, गौरी व मुकुंदपट्टी गांव भी शामिल है.