Last Updated:
कॉर्पोरेट अस्पतालों में मरीजों को भर्ती करने के लिए डॉक्टरों पर दबाव बनाने का दावा किया गया है. ICU एक्सपर्ट डॉक्टर ने एक मरीज से जुड़ा अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि मरीज को डिस्चार्ज करने पर अस्पताल के डायरेक्टर ने उन्हें फटकार लगाई, जिसके बाद उन्होंने नौकरी छोड़ दी.
डॉक्टरों को दिए जाते हैं मरीज भर्ती करने के टारगेट(फोटो: Instagram-@maheshkhanna96)
अस्पताल का नाम सुनते ही हमारे मन में इलाज, डॉक्टर और मरीज की देखभाल की तस्वीर सामने आती है. किसी की तबीयत खराब होने पर परिवार यही उम्मीद करता है कि अस्पताल में उसे सही इलाज मिलेगा और डॉक्टर उसकी हालत के हिसाब से फैसला लेंगे. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कुछ अस्पतालों में मरीज को भर्ती करने का फैसला उसकी बीमारी के बजाय कमाई के नजरिए से भी देखा जा सकता है? सोशल मीडिया पर एक डॉक्टर ने कॉर्पोरेट अस्पतालों के कामकाज को लेकर ऐसा ही दावा किया है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था पर नई बहस छेड़ दी है. क्रिटिकल केयर और ICU विशेषज्ञ डॉक्टर महेश खन्ना ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपने साथ हुई एक घटना बताई है. उनका दावा है कि कॉर्पोरेट अस्पतालों में डॉक्टरों पर मरीजों को भर्ती करने का दबाव बनाया जाता है. उन्होंने बताया कि एक बार उन्होंने डायरिया से पीड़ित मरीज को जरूरी दवा देकर अस्पताल से छुट्टी दे दी थी. इसके बाद अस्पताल के डायरेक्टर ने उन्हें मीटिंग में बुलाकर जवाब मांगा. डॉक्टर के मुताबिक, डायरेक्टर ने उनसे कहा कि अगर मरीजों को भर्ती नहीं करेंगे तो अस्पताल और डॉक्टरों की कमाई कैसे होगी?
‘कॉर्पोरेट अस्पतालों में डॉक्टरों पर रहता है दबाव’
डॉक्टर महेश खन्ना (@maheshkhanna96) ने अपने वीडियो में कहा कि यह सुनने में कड़वा लग सकता है, लेकिन हमारी स्वास्थ्य व्यवस्था में ऐसा होता है. उन्होंने कॉर्पोरेट अस्पतालों की काम करने के तरीके पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि वहां डॉक्टरों को मरीजों को भर्ती करने के लिए दबाव का सामना करना पड़ता है. डॉक्टर ने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि अस्पतालों में मरीजों की संख्या और भर्ती से जुड़े टारगेट भी दिए जाते हैं. ऐसे में कई बार डॉक्टरों के सामने परेशानी खड़ी हो जाती है. एक तरफ मरीज की जरूरत और उसकी आर्थिक स्थिति होती है, तो दूसरी तरफ अस्पताल प्रबंधन की अपेक्षाएं.
नाइट शिफ्ट में आया था डायरिया का मरीज
डॉ. महेश ने एक प्राइवेट अस्पताल में काम करने के दौरान की घटना याद की. उन्होंने बताया कि वह एक रात अस्पताल में ड्यूटी पर थे. इसी दौरान एक मरीज पेट में हल्के दर्द की शिकायत लेकर आया. जांच के बाद पता चला कि उसे एक्यूट डायरिया यानी अचानक होने वाला दस्त था. डॉक्टर के मुताबिक, उन्होंने इस मामले में GI विशेषज्ञ से भी बात की. विशेषज्ञ ने भी मरीज की स्थिति को देखते हुए उसे ओरल एंटीबायोटिक देकर डिस्चार्ज करने की सलाह दी. इसके बाद डॉ. महेश ने मरीज को दवा लिखी और अस्पताल से छुट्टी दे दी. उनका कहना था कि मरीज की स्थिति ऐसी नहीं थी कि उसे अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत पड़े. इसके अलावा मरीज की आर्थिक हालत भी अच्छी नहीं थी. ऐसे में उसे बिना जरूरत अस्पताल में रखने से उसका खर्च बढ़ता. डॉक्टर ने अपने हिसाब से मरीज के लिए उचित फैसला लिया और अपनी ड्यूटी पूरी की.
View this post on Instagram