Badrinath Dham Kapat: श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद, चारधाम यात्रा का समापन, आज बदरी विशाल की पालकी करेगी पांडुकेश्वर की ओर प्रस्थान

Badrinath Dham Kapat: श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद, चारधाम यात्रा का समापन, आज बदरी विशाल की पालकी करेगी पांडुकेश्वर की ओर प्रस्थान


होमताजा खबरधर्म

बद्रीनाथ धाम कपाट बंद, चारधाम यात्रा खत्म, आज पालकी करेगी पांडुकेश्वर प्रस्थान

Last Updated:

Badrinath Dham Kapat Closed 2026: शीतकाल के लिए श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर की रात बंद कर दिए गए. उस समय भक्तों ने भगवान बदरी विशाल के अंतिम दर्शन किए. उसके साथ ही चारधाम यात्रा का समापन हो गया. आज 17 नवंबर को भगवान बदरी विशाल की पालकी पांडुकेश्वर ओर प्रस्थान करेगी.

Zoom

शीतकाल के लिए श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद कर दिए गए. (Photo: IANS)

Badrinath Dham Kapat: श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट बंदी के पावन अवसर के लिए पुष्पमालाओं से सजा भू-बैकुंठ धाम 16 नवंबर, सोमवार की रात शीतकाल के लिए बंद हो गया. कपाट बंद होने के साथ ही चारधाम यात्रा का आधिकारिक रूप से समापन हो गया. आज 17 नवंबर को भगवान बदरी विशाल की पालकी पांडुकेश्वर जाएगी, उनके साथ भगवान उद्धव, भगवान कुबेर और आदि गुरु शंकराचार्य की मूर्तियां भी पालकियों अपने-अपने शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी.

कपाट बंदी के लिए ‘पंच पूजा’

शीतकाल के लिए मंदिर के कपाट बंद होने से पहले, विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में 12 नवंबर से ‘पंच पूजा’ शुरू हो गई थी. इसके अंतर्गत पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार कई धार्मिक अनुष्ठान किए गए.

मंदिर के वार्षिक समापन अनुष्ठानों के हिस्से के रूप में 12 नवंबर को भगवान गणेश के मंदिर के कपाट बंद होने के साथ ‘पंच पूजा’ शुरू हुई. इसके बाद अगले दिनों में विभिन्न देवी-देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना की गई. पंच पूजा पूरी होने के बाद 16 नवंबर, रात 9:37 बजे बद्रीनाथ धाम के मुख्य कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए.

भक्तों ने किए भगवान बदरी विशाल के अंतिम दर्शन

कपाट बंद होने के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. पुष्पमालाओं से सजे धाम में भक्तों ने भगवान बदरी विशाल के अंतिम दर्शन किए और जय बदरी विशाल के जयकारों से पूरा धाम गूंज उठा. कपाट बंद होने के साथ ही भगवान बद्री विशाल अगले छह माह तक शीतकालीन प्रवास में विराजमान रहेंगे.

पांडुकेश्वर की ओर जाएगी बदरी विशाल की पालकी

आज 17 नवंबर को भगवान बद्री विशाल और अन्य देवी-देवताओं की पालकियां अपने-अपने शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी, जिससे शीतकालीन तीर्थयात्रा की व्यवस्थाओं की शुरुआत होगी. 17 नवंबर को भगवान उद्धव, भगवान कुबेर और आदि गुरु शंकराचार्य की मूर्तियों को लेकर पालकियां अपने-अपने शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी. भगवान बदरी विशाल की पालकी भी पांडुकेश्वर की ओर प्रस्थान करेगी.

ये अनुष्ठान मंदिर के रावल, धर्माधिकारी और अन्य आचार्यों द्वारा संपन्न कराए जाएंगे. इस दौरान बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.

मंदिर समिति ने ‘पंच पूजा’ और कपाट बंद करने की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की थी. उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ, चारधाम सर्किट के चार प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक है. यह ‘छोटा चारधाम’ तीर्थ सर्किट का भी एक महत्वपूर्ण स्थान है और अपने पवित्र बद्रीनाथ मंदिर के लिए प्रसिद्ध है.



Source link