Last Updated:
Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अक्वान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है. इसके असर से छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में भारी बारिश की संभावना है. सुकमा और बीजापुर में अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में भी हल्की बारिश हो सकती है.
चक्रवात अक्वान का असर छत्तीसगढ़ के साथ कई राज्यों में दिखेगा.
रायपुर. बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब ने चक्रवात का रूप ले लिया है. मौसम विभाग ने इसका नाम चक्रवात अक्वान रखा है. इस तूफान का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, 20 नवंबर को बस्तर संभाग के कई जिलों में बारिश की संभावना है. खासतौर पर सुकमा और बीजापुर में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात अक्वान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लौर और तूनी के बीच तट से टकरा सकता है. इस दौरान तूफान की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है, जबकि झोंकों की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके प्रभाव से दक्षिण छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव होगा.
20 नवंबर को सुकमा और बीजापुर जिले में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं बस्तर संभाग के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम के इस बदलाव को देखते हुए किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में भी बदलेगा मौसम
चक्रवात का असर केवल बस्तर तक सीमित रहने की संभावना नहीं है. 20 और 21 नवंबर को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि इन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है.
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में ज्यादा असर
चक्रवात अक्वान का सबसे ज्यादा प्रभाव आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया है. ओडिशा में 19 से 21 नवंबर के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. समुद्र में तेज लहरें उठने और हवाओं की रफ्तार बढ़ने का भी अनुमान है. मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.