नई दिल्ली. भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार (19 नवंबर) से दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है. पहला मुकाबला वेलिंगटन में खेला जाएगा. इस मैच से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टीम की प्लेइंग-11 को लेकर बड़ा संकेत दिया. प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने बताया कि टीम चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान में उतरेगी. जसप्रीत बुमराह का खेलना तो तय है ही. इसके अलावा अंशुल कंबोज और आकाश दीप को प्लेइंग-11 में मौका मिलने की संभावना ज्यादा है. गिल ने इन दोनों खिलाड़ियों को लेकर कहा कि आठवें और नौवें नंबर पर वो थोड़ी बहुत बल्लेबाजी भी कर सकते हैं.
गिल ने कहा कि वनडे सीरीज में भारतीय तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने माना कि इससे टीम मैनेजमेंट के सामने प्लेइंग-11 चुनने को लेकर अच्छी परेशानी खड़ी हो गई है. प्लेइंग-11 चुनने को लेकर उन्होंने कहा, ”यह अच्छी परेशानी है. तेज गेंदबाजों ने वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया. हम अभी अपनी आखिरी प्लेइंग-11 पर विचार कर रहे हैं, लेकिन हम चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेंगे.” पिच के मिजाज को देखते हुए बुमराह के अलावा तीन अन्य पेसर अंशुल, आकाशदीप और प्रसिद्ध कृष्णा हो सकते हैं. मोहम्मद सिराज और गुरनूर बराड़ को बाहर बैठना पड़ सकता है.
टेस्ट सीरीज को बताया कठिन चुनौती
भारतीय कप्तान ने यह भी माना कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज वनडे मुकाबलों से ज्यादा चुनौतीपूर्ण होने वाली है. उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड का अपने घर में रिकॉर्ड अच्छा है और यहां खेलना आसान नहीं होगा. ऐसे में भारतीय टीम को बेहतर तैयारी के साथ उतरना होगा. बता दें कि टीम इंडिया का न्यूजीलैंड में टेस्ट खेलते हुए कुछ खास रिकॉर्ड नहीं रहा है. भारत ने यहां सिर्फ दो बार ही टेस्ट सीरीज अपने नाम की है. आखिरी बार 2009 में टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज 1-0 से जीती थी.
सात बल्लेबाजों के साथ उतरेगी टीम इंडिया
गिल ने बताया कि टीम सात विशेषज्ञ बल्लेबाजों के साथ उतरने पर विचार कर रही है. केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल पारी को शुरुआत करेंगे, जबकि नंबर-3 के लिए देवदत्त पडीक्कल को साई सुदर्शन पर तरजीह दी जाने की संभावना है. पडिक्कल ने सुदर्शन की गैरमौजूदगी में श्रीलंका दौरे पर शानदार बल्लेबाजी की थी. नंबर-4 पर कप्तान गिल खुद बल्लेबाजी के लिए आएंगे। इसके बाद ऋषभ पंत आएंगे. ध्रुव जुरेल और दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के भी प्लेइंग-11 में शामिल होने की संभावना है.
आठवें और नौवें नंबर पर अंशुल कंबोज और आकाश दीप जैसे खिलाड़ी बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकते हैं. गिल ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार रेड्डी भी बल्लेबाजी कर सकते हैं, इसलिए अंतिम फैसला लेते समय सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है. टीम चार प्रमुख तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी. ऐसे में नीतीश का खेलना मुश्किल लग रहा है. भारतीय कप्तान ने कहा, ‘टीम को इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि गेंद पुरानी होने के बाद किस तरह के गेंदबाज की जरूरत पड़ेगी. टीम ऐसे गेंदबाज को शामिल करना चाहेगी, जो पिच पर गेंद को जोर से हिट कर सके और अतिरिक्त उछाल हासिल कर सके.’
ऋषभ पंत को लेकर क्या बोले गिल?
भारतीय कप्तान ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि पंत टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं. उन्होंने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में शतक लगाए हैं. ऐसे में उनकी मौजूदगी टीम के लिए काफी अहम होगी. पंत चोट से उबरने के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं और उनसे एक बार फिर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
भारत की संभावित प्लेइंग-11
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप.