Last Updated:
Balod Madai Festival: दीपावली के बाद बालोद जिले में मड़ई मेलों की धूम शुरू हो जाती है. नवंबर से मार्च तक गांव-गांव में आयोजित होने वाले इन मेलों में देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना, पारंपरिक शोभायात्रा और हाट बाजार आकर्षण का केंद्र रहते हैं. रात में नाचा-गम्मत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियां मेले की रौनक बढ़ाती हैं. स्थानीय कमल किशोर के मुताबिक, मड़ई किसी त्योहार से कम नहीं है.
बालोद. छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं की बात हो और बालोद जिले की मड़ई का जिक्र न हो, ऐसा संभव नहीं है. यहां दीपावली के बाद से ही गांव-गांव में मड़ई मेलों की रौनक शुरू हो जाती है. नवंबर से लेकर मार्च तक चलने वाले इन पारंपरिक आयोजनों में देवी-देवताओं की आस्था, आदिवासी संस्कृति, लोक परंपराओं और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलता है. यही वजह है कि बालोद की मड़ई पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान रखती है.
बालोद जिले की मड़ई केवल एक मेला नहीं बल्कि ग्रामीण जनजीवन और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है. जिले के अलग-अलग गांवों और कस्बों में पारंपरिक देव मड़ई से जुड़े ऐतिहासिक मेलों का आयोजन किया जाता है. इसकी शुरुआत आसपास के गांवों के देवी-देवताओं के प्रतीक डांग, छत्र और आंगा देव को शोभायात्रा के रूप में मड़ई स्थल तक लाने से होती है. इस दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन और लोक परंपराओं के बीच देवी-देवताओं का स्वागत किया जाता है.
मड़ई स्थल पर गांव के बैगा यानी पुजारी द्वारा विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. ग्रामीण अपने गांव और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी फसल की कामना करते हुए देवी-देवताओं की आराधना करते हैं. इसके बाद मड़ई में हाट बाजार सजता है. आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. खानपान, खिलौने, घरेलू सामान और पारंपरिक वस्तुओं की दुकानों से मेले में दिनभर रौनक बनी रहती है.
वहीं रात होते ही मड़ई का रंग और भी खास हो जाता है. छत्तीसगढ़ी नाचा, गम्मत और लोक नृत्य मंडलियों की प्रस्तुतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनती हैं. इन कार्यक्रमों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोककला और पारंपरिक मनोरंजन की विरासत आज भी जीवंत बनी हुई है.
स्थानीय निवासी कमल किशोर टुवानी लोकल 18 को बताते हैं कि बालोद की मड़ई पूरे प्रदेश में प्रसिद्ध है. दीपावली के बाद गांव-गांव में मड़ई मेला आयोजित होता है, जिसे लोग किसी त्योहार की तरह मनाते हैं. इसमें गांव के देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की जाती है और रात में नाचा कार्यक्रम होता है. मेले में हर वर्ग के लोग बड़ी संख्या में शामिल होते हैं.
बालोद की मड़ई केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही आस्था, भाईचारे और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को सहेजने वाला उत्सव है.