चिराग पासवान को यूपी में क्यों नहीं घुसने देंगे NDA के साथी अरविंद राजभर?
Last Updated:
उत्तर प्रदेश की राजनीति में NDA के सहयोगी दलों के बीच सियासी दावेदारी का सवाल चर्चा में है. सुभासपा महासचिव अरविंद राजभर ने चिराग पासवान की यूपी में एंट्री रोकने की बात कही है. दूसरी तरफ अखिलेश यादव के साथ गठबंधन की संभावना पर भी सवाल उठ रहे हैं. लेकिन अरविंद ने सपा के साथ दोबारा जाने से साफ इनकार किया है. जानते हैं पूरी कहानी.
84 सीटों पर जीत और 36 सीटों की मांग, अरविंद राजभर ने NDA के सामने क्यों खड़ी की नई चुनौती?
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सहयोगी दलों की अपनी-अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं सामने आने लगी हैं. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर ने चिराग पासवान को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने सियासी चर्चा बढ़ा दी है. उन्होंने कहा कि चिराग पासवान को उत्तर प्रदेश में एंट्री नहीं करने देंगे. वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी उन्होंने तीखा हमला बोला है. ऐसे में सवाल है कि NDA में रहते हुए अरविंद का यह रुख क्या संकेत देता है? आखिर चिराग पासवान से अरविंद राजभर को क्या दिक्क्त है? तो बिना देरी किए जानते हैं अंदर की बात.
चिराग पासवान की यूपी में एंट्री से क्यों परेशान हैं अरविंद राजभर?
मीडिया में छपी खबर के मुताबिक, अरविंद राजभर के चिराग पासवान का विरोध करने के पीछे बिहार चुनाव की नाराजगी बड़ी वजह बताई जा रही है. जिसमें बताया गया है कि बिहार विधानसभा चुनाव में NDA का घटक दल होने के बावजूद सुभासपा को गठबंधन में जगह नहीं मिली थी. वहां के स्थानीय दलों ने सुभासपा को सीटें देने से इनकार कर दिया था. इसके पीछे बिहार में पार्टी का जनाधार नहीं होना बताया गया था. इसलिए अरविंद राजभर का तर्क है कि जब बिहार में सुभासपा को राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं मिली थी तो बिहार की पार्टियों को उत्तर प्रदेश में विस्तार का मौका क्यों दिया जाए? इसी आधार पर उन्होंने चिराग पासवान की पार्टी की यूपी में एंट्री का विरोध किया है. उन्होंने साफ कहा है कि बिहार की पार्टियों को उत्तर प्रदेश में पैर नहीं पसारने देंगे.
पूर्वांचल की सीटों पर है असली सियासी नजर?
चिराग पासवान की यूपी में एंट्री का विरोध सिर्फ बिहार चुनाव की नाराजगी तक ही सीमित नहीं माना जा रहा है. इसके पीछे पूर्वांचल का चुनावी गणित भी अहम बताया जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट के माने तो सुभासपा को आशंका है कि अगर चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को NDA में यूपी की सीटें मिलती हैं, तो उसका असर पूर्वांचल की सीटों पर पड़ सकता है. उसके पीछे वजह यह है कि पूर्वांचल को सुभासपा अपना प्रमुख प्रभाव क्षेत्र मानती है. ऐसे में वह नहीं चाहती कि इस इलाके में किसी दूसरे सहयोगी दल को राजनीतिक विस्तार का मौका मिले. यही वजह है कि चिराग पासवान की यूपी में एंट्री को लेकर अरविंद राजभर का रुख सख्त दिखाई दे रहा है.
गठबंधन छोड़ने तक की दे चुके हैं चेतावनी
यही नहीं अरविंद राजभर ने बिहार की पार्टियों को उत्तर प्रदेश NDA में शामिल करने का विरोध करते हुए कड़ा रुख अपनाया हुआ है. उन्होंने यहां तक संकेत दिया था कि जरूरत पड़ने पर सुभासपा गठबंधन से बाहर जाने का विकल्प भी चुन सकती है. यानी यह मामला केवल चिराग पासवान की राजनीतिक एंट्री का नहीं, बल्कि यूपी में NDA के भीतर सीटों और राजनीतिक हिस्सेदारी का भी है. बाकी समय बताएगा.
अखिलेश यादव के साथ फिर गठबंधन करेंगे अरविंद राजभर?
अब बात सपा की करें तो अखिलेश यादव के साथ गठबंधन को लेकर अरविंद राजभर ने दो टूक जवाब दिया है. उन्होंने समाजवादी पार्टी के साथ दोबारा गठबंधन की संभावना खारिज कर दिया है. इतना ही नहीं, उन्होंने अखिलेश यादव को धोखेबाज और ड्रामेबाज तक कह दिया है. अरविंद ने सपा को दलित विरोधी और यादव वर्चस्व वाली पार्टी भी बताया है. अखिलेश यादव ने दावा किया था कि राजभर के लोग सपा से 36 सीटों पर सहमति जता रहे हैं. अरविंद राजभर ने इस दावे को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के साथ अब दोबारा कभी नहीं जाएंगे. ऐसे में फिलहाल सपा के साथ गठबंधन की कोई संभावना उनके बयान से नहीं दिखती.
चिराग पासवान ने भी दिया था जवाब
इसके पहले चिराग पासवान ने भी उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी की तैयारी को लेकर स्थिति स्पष्ट की थी. 5 नवंबर को वाराणसी में उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी BJP के साथ गठबंधन की बातचीत कर रही है. अगर गठबंधन नहीं हुआ तो लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी रखती है. हालांकि, बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चुनाव की तैयारी के संदर्भ में कही गई बात थी. उन्होंने यूपी में अपनी पार्टी के बढ़ते संगठन और मिल रहे समर्थन का भी जिक्र किया था. चिराग की पार्टी ने उत्तर प्रदेश में पहले से ही संगठन मजबूत करने और बूथ कमेटियां बनाने पर काम किया है.
NDA में रहते हुए सहयोगियों के बीच सीटों की लड़ाई?
उत्तर प्रदेश में BJP के साथ सुभासपा, अपना दल (सोनेलाल) और निषाद पार्टी जैसे सहयोगी दल हैं. इन सभी की अपनी राजनीतिक जमीन और चुनावी महत्वाकांक्षा है. ऐसे में अगर बिहार के सहयोगी दल भी यूपी में सीटों की मांग करते हैं, तो मौजूदा सहयोगियों के बीच सीटों और राजनीतिक प्रभाव को लेकर खींचतान बढ़ सकती है. सुभासपा की चिंता भी इसी राजनीतिक हिस्सेदारी से जुड़ी है. पार्टी नहीं चाहती कि दूसरे राज्यों से आने वाले सहयोगी यूपी में उसकी राजनीतिक जमीन और चुनावी हिस्सेदारी में दखल दें. यही वजह है कि अरविंद राजभर ने बिहार की पार्टियों की एंट्री को लेकर सख्त बयान दिया है.