बागेश्वर: उत्तराखंड की पहाड़ी संस्कृति में मिट्टी और पत्थर से बने पारंपरिक चूल्हों का खास महत्व है. ये चूल्हे केवल खाना पकाने का साधन नहीं, बल्कि पहाड़ की जीवनशैली, पारिवारिक एकता और लोकपरंपराओं की पहचान हैं. सदियों से ग्रामीण क्षेत्रों में घरों की रसोई में इन चूल्हों का यूज होता आया है. खासकर सर्दियों के मौसम में चूल्हे की गर्माहट पूरे परिवार को एक साथ बैठने का मौका देती थी.
स्थानीय जानकार रमेश कृषक पांडे बताते हैं कि पहाड़ी चूल्हों का निर्माण स्थानीय संसाधनों से किया जाता है. इसके लिए मिट्टी, पत्थर और गोबर का यूज होता था. घर की जरूरत और उपलब्ध जगह के अनुसार चूल्हे का आकार तैयार किया जाता था. कई पारंपरिक घरों में दो मुंह वाले चूल्हे भी बनाए जाते हैं. इनमें एक तरफ खाना पकाया जाता था, जबकि दूसरी तरफ पानी गर्म करने या अन्य घरेलू काम किए जाते थे. चूल्हे की बनावट ऐसी रखी जाती है कि लकड़ी की आंच का बेहतर यूज हो सकें.
चूल्हा परिवार के लोगों के बीच बातचीत का केंद्र
पहाड़ों में सर्दियों के दौरान तापमान काफी कम हो जाता है. ऐसे में रसोई में जलने वाला चूल्हा गर्मी का मुख्य साधन होता है. परिवार के सदस्य सुबह और शाम चूल्हे के आसपास बैठते हैं. महिलाएं खाना बनाते हुए घरेलू काम करती हैं, जबकि बुजुर्ग बच्चों को पुराने समय की कहानियां, लोककथाएं और पहाड़ की परंपराओं के बारे में बताते थे. इस तरह चूल्हा परिवार के लोगों के बीच बातचीत और मेल-मिलाप का केंद्र था.
पहाड़ी चूल्हों पर बनते है कई तरह के व्यंजन
पारंपरिक पहाड़ी चूल्हों पर मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, गहत की दाल, भट की चुड़कानी और अन्य स्थानीय व्यंजन तैयार किए जाते हैं. लकड़ी की धीमी आंच पर पकने के कारण भोजन में अलग तरह का सोंधापन और स्वाद आता है. इसके साथ ही तांबे, पीतल और लोहे के बर्तनों का यूज भी पहाड़ी रसोई की खास पहचान है. इन बर्तनों में भोजन पकाने और परोसने की अपनी अलग परंपरा है.
ग्रामीण परिवारों में आज भी पारंपरिक चूल्हों का इस्तेमाल
समय के साथ गांवों में भी एलपीजी गैस और आधुनिक रसोई उपकरणों का यूज बढ़ा है. इससे खाना पकाना पहले की तुलना में आसान और कम समय वाला हो गया है. हालांकि, कई ग्रामीण परिवारों में आज भी पारंपरिक चूल्हों का यूज किया जाता है. कुछ घरों में इनका उपयोग खास व्यंजन बनाने और पारंपरिक स्वाद बनाए रखने के लिए किया जाता है.
सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा पहाड़ी चूल्हा
पहाड़ी चूल्हों से जुड़ी यह परंपरा केवल पुराने समय की याद नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है. चूल्हे के आसपास बैठकर परिवार के साथ समय बिताना, बुजुर्गो से अनुभव सुनना और पारंपरिक भोजन का आनंद लेना पहाड़ी जीवन की ऐसी तस्वीर है, जिसे आज भी लोग याद करते हैं.