लंदन में ‘केलवा के पात पर’ सुनकर भर आया दिल, अनिल अग्रवाल बोले- बिहार से दूर होने का एहसास नहीं हुआ

लंदन में ‘केलवा के पात पर’ सुनकर भर आया दिल, अनिल अग्रवाल बोले- बिहार से दूर होने का एहसास नहीं हुआ


पटना: बिहार से लंदन तक का सफर तय करने वाले वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल छठ के मौके पर बेहद भावुक हो गए. लंदन में बसे बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के लोगों के साथ उन्होंने छठ महापर्व मनाया. इस दौरान छठ के पारंपरिक गीतों और जय छठी मइया के जयकारों ने उन्हें भावुक कर दिया. उन्होंने सोशल मीडिया पर छठ पूजा की तस्वीरें शेयर करते हुए अपना अनुभव भी बताया.

अनिल अग्रवाल ने लिखा कि लंदन में संध्या अर्घ्य के समय अपने बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के भाई-बहनों के साथ छठ मनाना उनके लिए बेहद भावुक अनुभव रहा. जब वहां ‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल…’ का गीत गूंजा और चारों तरफ जय छठी मइया के जयकारे सुनाई दिए, तो उन्हें लगा ही नहीं कि वे बिहार से इतनी दूर हैं.

उन्होंने पारंपरिक कपड़ों में सजी महिलाओं और उनके कठिन निर्जला व्रत के प्रति समर्पण की भी तारीफ की. अग्रवाल ने लिखा कि बिहार में एक कहावत है, ‘रउआ जहाँ रहब, छठी मइया के नेह आ आशीर्वाद उहां पहुंचिए जाई.’ यानी आप दुनिया के किसी भी कोने में रहें, छठी मइया का प्यार और आशीर्वाद वहां जरूर पहुंचेगा.

पटना की गलियों से शुरू हुआ था सफर
अनिल अग्रवाल का छठ से जुड़ाव सिर्फ आस्था तक सीमित नहीं है. बिहार उनकी जन्मभूमि है. उनका जन्म 24 जनवरी 1954 को पटना में हुआ था. उनकी शुरुआती पढ़ाई पटना के मिलर हाई स्कूल से हुई. उनके पिता द्वारका प्रसाद अग्रवाल का एल्युमिनियम कंडक्टर बनाने का छोटा कारोबार था.



Source link