25 हफ्ते का भ्रूण, रीढ़ की हड्डी में था छेद, मां के गर्भ में ही 6 घंटे सर्जरी
Last Updated:
दिल्ली एम्स के डॉक्टरों ने देश में पहली बार गर्भ में पल रहे बच्चे की रीढ़ की हड्डी की जटिल सर्जरी कर नया इतिहास रच दिया है. 25 सप्ताह की गर्भवती महिला के भ्रूण की यह सफल सर्जरी ‘माइलोमेनिंगोसील’ बीमारी से राहत देगी. डॉक्टरों की टीम ने 6 घंटे तक सर्जरी की. यह एम्स में ऐसी पहली सर्जरी थी.
25 हफ्ते का भ्रूण, रीढ़ की हड्डी में था छेद, मां के गर्भ में ही 6 घंटे सर्जरी कर एम्स ने रच दिया इतिहास.
ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एम्स ने एक और इतिहास रच दिया है. महज 25 हफ्ते के भ्रूण की रीढ़ की हड्डी की गर्भ में ही बेहद जटिल सर्जरी कर डॉक्टरों ने उस बच्चे को तो जिंदगी दी ही है. मेडिकल क्षेत्र में बड़ा कीर्तिमान भी रच दिया है. एम्स के निदेशक डॉक्टर निखिल टंडन का कहना है कि अस्पताल के इतिहास में यह इस तरह की पहली सर्जरी की गई है.
एम्स में 12 नवंबर को 25 सप्ताह की गर्भवती महिला के गर्भ में पल रहे भ्रूण की सर्जरी की गई. जब डॉक्टर ऑपरेशन थिएटर से बाहर निकले तो उनके चेहरों पर सफलता की मुस्कुराहट थी. दरअसल इस भ्रूण की रीढ़ की हड्डी में गंभीर खराबी ‘माइलोमेनिंगोसील’ (स्पाईना बिफिडा का सबसे गंभीर रूप) थी. इस बीमारी में बच्चे की रीढ़ की हड्डी में एक छेद रह जाता है, जिससे रीढ़ की नसें और उनकी झिल्ली बाहर निकल आती हैं.
अगर यह छेद बच्चे के जन्म के बाद बना रहे तो आने वाले जीवन में इससे लकवा, दिमाग में पानी भरने (हाइड्रोसिफेलस) और अन्य गंभीर समस्याएं होने की संभावना रहती है और बच्चा गंभीर बीमारियों से घिर जाता है.
एम्स के डॉक्टरों ने बताया कि आमतौर पर ऐसी सर्जरी जन्म के बाद की जाती है, लेकिन गर्भ में ही ऑपरेशन करने से नसों को और नुकसान होने से बचाया जा सकता है. लिहाजा एम्स के डॉक्टरों ने पांच हफ्तों की तैयारी के बाद यह छह घंटे लंबा ऑपरेशन किया. इसमें न्यूरोसर्जरी, प्रसूति-स्त्री रोग, एनेस्थीसिया, प्लास्टिक सर्जरी और नवजात विशेषज्ञों सहित 30 से अधिक डॉक्टरों और नर्सों की टीम शामिल रही.
इस सर्जरी के दौरान न्यूरोसर्जरी टीम से प्रोफेसर दीपक गुप्ता, मातृ-भ्रूण चिकित्सा टीम से प्रोफेसर नीना मल्होत्रा और प्रोफेसर के अपर्णा शर्मा ने डॉक्टरों की टीम को साथ लेकर ऑपरेशन को अंजाम दिया.
जन्म से पहले सर्जरी है फायदेमंद
डॉक्टरों के अनुसार, इस बीमारी में सर्जरी जन्म के बाद भी हो सकती थी लेकिन गर्भ में ही सर्जरी का मकसद गर्भ में बचे हुए समय के दौरान बच्चे की नसों को और चोट लगने से बचाना है. अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों में पाया गया है कि जन्म से पहले सर्जरी करने वाले बच्चों में दिमाग में पानी भरने के इलाज की जरूरत काफी कम पड़ती है और पैरों की हरकत बेहतर हो सकती है.
क्या पूरी तरह ठीक हो गया बच्चा
हालांकि डॉक्टरों ने बताया कि इस सर्जरी से बच्चे की बीमारी पूरी तरह ठीक हो गई यह नहीं कह सकते. बच्चे को आगे भी लंबे समय तक देखभाल की जरूरत पड़ सकती है. यह सर्जरी केंद्र सरकार की जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत मुफ्त में की गई है. फिलहाल मां और भ्रूण दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login