महाकाल मंदिर में REEL बनाना पड़ा महंगा, रुद्राक्ष शुक्ला पर 1 साल का VIP प्रतिबंध, जानें पूरा मामला

महाकाल मंदिर में REEL बनाना पड़ा महंगा, रुद्राक्ष शुक्ला पर 1 साल का VIP प्रतिबंध, जानें पूरा मामला


Last Updated:

Mahakal Temple Reel Controversy: बीजेपी विधायक के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला को महाकाल मंदिर में एक रील बनाई थी. महाकाल में फोटो-वीडियो बनाना बैन है. लेकिन रुद्राक्ष ने चांदी द्वार से गर्भगृह तक रील बनाई. इसका वीडियो वायरल हुआ, तो संत समाज ने आपत्ति जताई. इसके बाद महाकाल मंदिर समिति नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसमें रुद्राक्ष की एक साल के लिए VIP एंट्री बैन कर दी गई है. हालांकि वह एक आम आदमी की तरह महाकाल के दर्शन कर सकते हैं.

ख़बरें फटाफट

Zoom

रुद्राक्ष शुक्ला पर बैन लगने का नोटिफिकेशन जारी.

उज्जैन. उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में नियमों के उल्लंघन पर आखिरकार मंदिर प्रबंध समिति ने कार्रवाई कर दी है. इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला को अब एक साल तक वीआईपी दर्शन और प्रोटोकॉल की सुविधा नहीं मिलेगी. इस अवधि में उन्हें आम श्रद्धालुओं की तरह ही भगवान महाकाल के दर्शन करने होंगे. दरअसल, रुद्राक्ष शुक्ला वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत महाकाल मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और दर्शन के समय रील बनाई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मंदिर में मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध होने के बावजूद रील सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे थे.

मामले में शुक्रवार को मंदिर समिति ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर संबंधित सुरक्षाकर्मियों और सुरक्षा एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की थी. लेकिन इस कार्रवाई के बाद यह सवाल उठने लगा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई कब होगी. लगातार उठ रहे सवालों और आलोचनाओं के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने शनिवार को रुद्राक्ष शुक्ला के खिलाफ भी सख्त कदम उठाया. समिति ने उनके वीआईपी प्रोटोकॉल और विशेष दर्शन की सुविधा पर एक साल के लिए रोक लगा दी है.

अब आम श्रद्धालुओं की कतार में लगना होगा

इस फैसले के बाद रुद्राक्ष शुक्ला को अगले एक साल तक महाकाल मंदिर में सामान्य दर्शन व्यवस्था के तहत ही प्रवेश मिलेगा. न वीआईपी प्रवेश की सुविधा होगी और न ही विशेष प्रोटोकॉल का लाभ मिलेगा. मंदिर समिति की इस कार्रवाई को साफ संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि महाकाल मंदिर में नियम सभी के लिए समान हैं और उनका उल्लंघन करने पर किसी को भी कार्रवाई से छूट नहीं मिलेगी.

महाकाल मंदिर का नोटिफिकेशन.

मंदिर समिति के आदेश में क्या लिखा

दिनांक 13.11.2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें रूद्राक्ष शुक्ला नामक व्यक्ति मंदिर परिसर, कुण्ड परिसर, सभामंडप, गर्भगृह द्वार, नंदीमंडपम् एवं अन्य स्थानों पर स्वयं का चित्रीकरण करते हुए फोटो/वीडियो बनाते हुए दिखाई देना प्रदर्शित हुए. उक्त संबंध में सी.सी.टी.वी. फुटेज का अवलोकन किया गया, जिसमें रूद्राक्ष शुक्ला नामक व्यक्ति उक्त स्थानों के साथ-साथ श्री महाकालेश्वर मंदिर के आंतरिक परिक्षेत्र में मोबाईल के माध्यम से वीडियोग्राफी-फोटोग्राफी करते हुए दिखाई दे रहे है. जबकि कार्यालयीन आदेश क्रमांक 4789 दिनांक 19/12/2022 एवं 2824 दिनांक 25/08/2026 से श्री महाकालेश्वर मंदिर के आंतरिक परिसर में मोबाईल का उपयोग किया जाना प्रतिबंधित किया गया है.

1 साल के लिए मंदिर समिति ने लगाया बैन

रूद्राक्ष शुक्ला नामक व्यक्ति द्वारा मंदिर में मोबाईल लेकर प्रवेश किया जाकर मंदिर के आंतरिक परिक्षेत्र में मोबाइल के माध्यम से वीडियों बनाकर फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए, जिससे उक्त आदेश के उल्लंघन के साथ-साथ श्री महाकालेश्वर मंदिर की प्रतिष्ठा का अल्पीकरण हुआ हैं एवं श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई. अतः उक्त कारित कृत्य के फलस्वरूप रूद्राक्ष शुक्ला नामक व्यक्ति का आगामी 01 वर्ष के लिए श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभी विशेष मार्गो से प्रवेश प्रतिबंधित किया जाता है. रूद्राक्ष शुक्ला सामान्य श्रद्धालु की भांति श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कर सकेंगे. आदेश तत्काल प्रभावशील होगा.



Source link