Ratlam: नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, डोडाचूरा तस्कर विवेक पोरवाल की 8.90 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

Ratlam: नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, डोडाचूरा तस्कर विवेक पोरवाल की 8.90 करोड़ की संपत्ति फ्रीज


Last Updated:

Ratlam News: रतलाम पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. डोडाचूरा तस्करी में 14 साल की सजा काट रहे तस्कर विवेक पोरवाल की 8.90 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है. मुंबई स्थित सक्षम सफेमा प्राधिकारी ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है.

Zoom

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई.

रतलाम: नशे के अवैध कारोबार पर रतलाम पुलिस ने एक बार फिर बड़ा प्रहार किया है. पुलिस ने डोडाचूरा तस्करी के मामले में 14 साल की सजा काट रहे तस्कर विवेक पोरवाल की 8 करोड़ 90 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई की है. मुंबई स्थित सक्षम सफेमा प्राधिकारी ने 11 नवंबर को संपत्ति फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि की है. यह पूरी कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है.

1900 किलो डोडाचूरा का मामला
यह मामला रतलाम जिले के रिंगनोद थाना क्षेत्र स्थित ढोढर गांव का है. यहां के रहने वाले विवेक पोरवाल को 23 सितंबर 2022 को करीब 1900 किलो डोडाचूरा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था.

14 साल की सजा और जुर्माना
डोडाचूरा तस्करी के इस मामले में ग्वालियर की विशेष एनडीपीएस अदालत ने फैसला सुनाया था. अदालत ने 24 मार्च 2026 को आरोपी विवेक पोरवाल को 14 साल के सश्रम कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी.

7.5 करोड़ की जमीन और प्लॉट फ्रीज
पुलिस की इस कार्रवाई में आरोपी की कृषि और आवासीय दोनों संपत्तियों को शामिल किया गया है. इसमें करीब साढ़े सात करोड़ रुपये मूल्य की कृषि भूमि फ्रीज की गई है. इसके साथ ही एक करोड़ रुपये का आवासीय भूखंड भी फ्रीज हुआ है. कुल फ्रीज की गई संपत्ति का मूल्य 8 करोड़ 90 लाख रुपये है.

नशे के कारोबार की सल्तनत पर प्रहार
रतलाम पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है. रतलाम पुलिस द्वारा अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को फ्रीज कराने के प्रस्ताव सफेमा कोर्ट भेजे जा चुके हैं. इनमें से करीब 48 करोड़ 14 लाख रुपये की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हो चुके हैं.

इस कार्रवाई की पुष्टि रतलाम के एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने की है. पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अब निशाना सिर्फ नशे के तस्कर नहीं, बल्कि नशे के कारोबार से खड़ी की गई उनकी करोड़ों की सल्तनत भी है.



Source link