Last Updated:
Neemrana Love Story: ऑनलाइन डेटिंग एप पर हुए प्यार के बाद शादी की उम्मीद में कनाडा से 61 वर्षीय विदेशी महिला राजस्थान के नीमराना पहुंची, लेकिन उम्र अधिक होने का पता चलते ही पानीपत के युवक ने शादी से इनकार कर दिया. विवाद बढ़ने पर महिला ने कनाडा दूतावास को सूचना दी, जिसके बाद नीमराना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निजी स्कूल शिक्षक युवक को डिटेन कर लिया है और मामले की जांच जारी है.
Neemrana Viral News: शादी के लिए कनाडा से नीमराना पहुंची 61 वर्षीय महिला, उम्र देखकर युवक ने किया इनकार
Canadian Woman Neemrana News: ऑनलाइन डेटिंग एप पर शुरू हुई दोस्ती जब प्यार में बदली, तो कनाडा की एक 61 वर्षीय महिला सात समंदर पार कर शादी की उम्मीद लेकर राजस्थान पहुंच गई. लेकिन कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना पहुंचने के बाद इस प्रेम कहानी में ऐसा मोड़ आया कि महिला के अरमानों पर पानी फिर गया. हरियाणा के पानीपत निवासी युवक ने महिला की उम्र अधिक होने का हवाला देते हुए शादी करने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला कनाडा दूतावास और स्थानीय पुलिस तक जा पहुंचा.
नीमराना थाना अधिकारी सुरेंद्र यादव ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि करीब एक साल पहले हरियाणा के पानीपत निवासी युवक नितिन की मुलाकात एक ऑनलाइन डेटिंग एप के माध्यम से कनाडा की रहने वाली महिला से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला बढ़ा और दोस्ती प्यार में तब्दील हो गई. दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने पर भी सहमति जता दी. इसी भरोसे और शादी के सपने को लेकर कनाडाई महिला टूरिस्ट वीजा पर 11 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची.
नीमराना के फ्लैट में दो दिन साथ रहे, उम्र पता चलते ही युवक ने किया इनकार
दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर युवक नितिन स्वयं महिला को रिसीव करने पहुंचा और वहां से उसे कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना क्षेत्र स्थित अपने मौसा-मौसी के फ्लैट पर ले आया. बताया जा रहा है कि महिला दो दिन तक युवक के साथ इसी सोसायटी के फ्लैट में रही. इस दौरान जब शादी की बात आगे बढ़ी और महिला की वास्तविक उम्र करीब 61 वर्ष होने की जानकारी सामने आई, तो युवक ने उम्र का अंतर अधिक होने की बात कहते हुए शादी करने से इनकार कर दिया.
कनाडा दूतावास की सूचना पर पुलिस ने युवक को किया डिटेन
हजारों किलोमीटर दूर से शादी की उम्मीद लेकर भारत आई महिला के लिए युवक का यह फैसला किसी बड़े झटके से कम नहीं था. देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी कहासुनी और विवाद शुरू हो गया. स्थिति बिगड़ती देख विदेशी महिला ने तुरंत कनाडा दूतावास से संपर्क किया और पूरे घटनाक्रम की सूचना दी. दूतावास की ओर से अलर्ट मिलने पर नीमराना थाना पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर दोनों को थाने ले आई. पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक नितिन पानीपत का रहने वाला है और एक निजी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत है. फिलहाल पुलिस ने युवक को डिटेन कर लिया है और पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.