Last Updated:
Sri Ganganagar Railway Track Blast Case: श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में पाकिस्तानी एजेंट का कनेक्शन सामने आया है. राजस्थान एटीएस ने पंजाब पुलिस की मदद से गुरदासपुर में कार्रवाई कर महिला महकदीप कौर और उसके सहयोगी दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि पाकिस्तान में बैठे शाह नाम के एजेंट ने महिला के जरिए 3 नवंबर को श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर इलाके में रेलवे ट्रैक पर धमाका करवाया था. आरोपियों ने वारदात से पहले 6 अक्टूबर और 12-13 अक्टूबर को श्रीगंगानगर पहुंचकर रेलवे ट्रैक की रेकी की थी. हालांकि, शुरुआती कोशिशों में वे धमाका करने में सफल नहीं हुए. इसके बाद 3 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे ब्लास्ट किया. धमाके से रेलवे ट्रैक के दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हुए थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और नकदी बरामद की है. एटीएस मामले के पाकिस्तानी नेटवर्क की जांच कर रही है.
श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में पाकिस्तानी एजेंट का कनेक्शन सामने आया है
श्रीगंगानगर. राजस्थान के श्रीगंगानगर में 3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट के मामले में पाकिस्तानी एजेंट का कनेक्शन सामने आया है. राजस्थान एटीएस ने पंजाब पुलिस के सहयोग से गुरदासपुर में कार्रवाई करते हुए एक महिला और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकदीप कौर और दविंदर सिंह के रूप में हुई है. जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान में बैठे एजेंट ने पंजाब की महिला के जरिए श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर धमाका करवाया था. आरोपियों के कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और ब्लास्ट के लिए मिली नकदी बरामद की गई है. शुरुआती इनपुट के मुताबिक, महिला पाकिस्तान में बैठे शाह नाम के एजेंट के संपर्क में थी. एजेंट ने ही रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की साजिश रची थी.
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने रेलवे ट्रैक पर धमाके को अंजाम देने से पहले कई बार श्रीगंगानगर आकर रेकी की थी. वे सबसे पहले 6 अक्टूबर को श्रीगंगानगर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों की जानकारी जुटाई, लेकिन उस समय धमाका नहीं कर सके. इसके बाद 12-13 अक्टूबर को दोबारा श्रीगंगानगर आए. इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाने की कोशिश की, लेकिन तब भी धमाका करने में सफल नहीं हुए. इसके बाद 3 नवंबर को फिर से श्रीगंगानगर पहुंचे और रात करीब 9:45 बजे रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट कर दिया.
अलग-अलग पॉइंट पर एजेंट ने दिए थे विस्फोटक के पैकेट
जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तानी एजेंट ने आरोपियों को शुरुआत में खाली हाथ श्रीगंगानगर भेजा था. इसके बाद अलग-अलग पॉइंट पर उन्हें आईईडी के पैकेट उपलब्ध करवाए गए. आरोपियों ने इन्हीं विस्फोटकों का इस्तेमाल रेलवे ट्रैक को उड़ाने के लिए किया. पुलिस के मुताबिक, इस वारदात के लिए महकदीप को पाकिस्तानी एजेंट की ओर से 46 हजार रुपए दिए गए थे. वहीं, गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से 30 हजार रुपए बरामद होने की जानकारी भी सामने आई है. इस रकम को ब्लास्ट की साजिश से जुड़ा भुगतान बताया जा रहा है. नकदी की कुल बरामदगी और भुगतान की राशि को लेकर आधिकारिक पुष्टि की जा रही है.
रामसिंहपुर के पास 50 जीबी क्षेत्र में किया था धमाका
3 नवंबर को श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर इलाके में 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट हुआ था. धमाके से रेलवे ट्रैक के दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई थीं और मामले की जांच एटीएस को सौंपी गई थी. जांच में पंजाब और पाकिस्तान से जुड़े तार सामने आने के बाद राजस्थान एटीएस ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर गुरदासपुर में आरोपियों को दबोचा.
एटीएस और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरदासपुर पुलिस की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया. टीम में एडीजी दिनेश एमएन, श्रीगंगानगर के एएसपी नितिन चौधरी, एटीएस के एएसपी मनीष शर्मा और एएसपी सुरेंद्र सिंह शामिल रहे. मामले में एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी देंगे.आरोपियों की भूमिका और पाकिस्तानी कनेक्शन से जुड़े मामलों का खुलासा करेंगे. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में इनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा पाकिस्तान में बैठे एजेंट के नेटवर्क से प्रदेश में अन्य कोई व्यक्ति भी जुड़ा है या नहीं.