Chhath Puja 2026 third day today Sandhya Arghya know sandhya arghya time | छठ पूजा का तीसरा दिन आज, जानें संध्या अर्घ्य का शुभ समय, पूजा विधि, महत्व औ

Chhath Puja 2026 third day today Sandhya Arghya know sandhya arghya time | छठ पूजा का तीसरा दिन आज, जानें संध्या अर्घ्य का शुभ समय, पूजा विधि, महत्व औ


Chhath Puja 2026 Sandhya Arghya Today: लोक आस्था का महापर्व छठ अब अपने सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गया है. चार दिवसीय छठ पूजा का आज तीसरा दिन है और इस शुभ दिन पर छठ पूजा का पहला अर्घ्य दिया जाएगा. छठ पूजा के तीसरे दिन अस्तगामी यानी डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है इसलिए इस दिन को संध्या अर्घ्य कहा जाता है. छठ पूजा में इस दिन का विशेष महत्व होता है, क्योंकि व्रती करीब 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के दौरान नदी, तालाब और जलाशयों में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना करते हैं. मान्यता है कि सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और संतान को लंबी उम्र तथा अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिलता है.

संध्या अर्घ्य का धार्मिक महत्व
छठ के चार दिवसीय अनुष्ठान में तीसरे दिन संध्या अर्घ्य दिया जाता है. व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में खड़े होकर सूर्य की उपासना करते हैं. बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य प्रसाद सजाए जाते हैं. छठ में अस्त होते सूर्य की पूजा अपने आप में अनूठी परंपरा है. आमतौर पर उगते सूर्य को नई उम्मीद और सफलता का प्रतीक माना जाता है, लेकिन इस पर्व में डूबते सूर्य को भी समान श्रद्धा से अर्घ्य दिया जाता है. माना जाता है कि इसके पीछे संदेश है कि सम्मान केवल सफलता और उन्नति के समय ही नहीं, बल्कि उस समय भी मिलना चाहिए, जब कोई अपनी यात्रा पूरी कर रहा हो. सूर्य दिनभर दुनिया को रोशनी देता है और उसके अस्त होने पर भी कृतज्ञता व्यक्त की जाती है. छठ पूजा के चौथे दिन दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा होता है. शाम और सुबह के ये दोनों अनुष्ठान जीवन के दो पहलुओं को सामने रखते हैं. अस्त होता सूर्य समय के बदलाव को स्वीकार करने का संदेश देता है, जबकि उगता सूर्य नई शुरुआत और उम्मीद का प्रतीक है.

संध्या अर्घ्य की पूजा विधि
छठ पूजा के तीसरे दिन सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. व्रती और परिवार के सदस्य बांस के सूप और टोकरी में ठेकुआ, चावल के लड्डू, नारियल, केला, सेब, गन्ना, अदरक, हल्दी और अन्य मौसमी फल रखते हैं. शाम को सभी लोग पूजा की सामग्री लेकर नदी, तालाब या छठ घाट पर पहुंचते हैं. व्रती पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य की ओर मुख करके जल और दूध से अर्घ्य अर्पित करते हैं. इस दौरान सूर्य देव और छठी मैया की आराधना की जाती है. घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गाए जाते हैं और परिवार की खुशहाली की कामना की जाती है.

संध्या अर्घ्य का समय
दिल्ली: शाम 5:28 बजे
पटना: शाम 5:01 बजे
कोलकाता: शाम 4:53 बजे
मुंबई: शाम 6:00 बजे
वाराणसी: शाम 5:10 बजे
गोरखपुर: शाम 5:06 बजे
कानपुर: शाम 5:19 बजे
मेरठ: शाम 5:25 बजे
प्रयागराज: शाम 5:14 बजे
दरभंगा: शाम 4:57 बजे

छठ पूजा के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के नियम

  1. पूजा के दौरान साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखें
  2. प्रसाद बनाने में शुद्धता और पारंपरिक नियमों का पालन करें
  3. व्रती निर्जला व्रत के नियमों का पालन अपनी क्षमता और परंपरा के अनुसार करें
  4. पूजा के प्रसाद को जूठा न करें और उसकी पवित्रता बनाए रखें
  5. घाट पर जाते समय बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
  6. नदी या तालाब में अधिक गहराई तक जाने से बचें

छठ पर्व का प्रकृति से संबंध
छठ पर्व का प्रकृति से भी गहरा संबंध है. सूर्य और जल छठ पूजा के प्रमुख आधार हैं. सूर्य की ऊर्जा से फसलें पकती हैं और पृथ्वी पर जीवन का चक्र चलता है. वहीं, जल के बिना जीवन संभव नहीं है. खुले आकाश के नीचे जल में खड़े होकर सूर्य की आराधना करना प्रकृति के प्रति मनुष्य की निर्भरता और कृतज्ञता को दर्शाता है. यह पर्व याद दिलाता है कि प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करने के साथ उनकी रक्षा करना भी हमारी जिम्मेदारी है.

छठ पूजा में छठी मैया और सूर्य पूजा
धार्मिक मान्यताओं में छठी मैया की पूजा सूर्योपासना के साथ की जाती है. लोकविश्वास के अनुसार छठी मैया संतान और परिवार की रक्षा करती हैं. इसलिए इस पर्व में संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है. बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में इसकी परंपरा काफी पुरानी है. अब यह देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों में रहने वाले भारतीय समुदायों के बीच भी लोकप्रिय है.



Source link