Last Updated:
जीथू माधवन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘सीन’ दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है. 6 नवंबर को रिलीज हुई फिल्म ने 205 करोड़ रुपए से ज्यादा कमा लिए हैं. सूर्या ने फिल्म की सफलता पर खास पोस्ट शेयर किया और फिल्मी सितारों, कलाकारों का आभार जताया. एक्टर ने फिल्म ‘सीन’ में नेगेटिव भूमिका निभाने के लिए टोविनो थॉमस का धन्यवाद किया.
‘सीन’ दुनिया भर में सराही गई.
नई दिल्ली: दीपावली के अवसर पर 6 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज हुई फिल्म ‘सीन’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल कर चुकी है. फिल्म की कमाई 205 करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर चुकी है. इसकी परफॉर्मेंस लगातार मजबूत बनी हुई है. जीथू माधवन ने फिल्म का निर्देशन किया है. फिल्म की शानदार सफलता के बीच सूर्या ने सोशल मीडिया पर कलाकारों के प्रति आभार जताया है. सूर्या ने ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘सीन’ में निगेटिव भूमिका निभाने के लिए मलयालम एक्टर टोविनो थॉमस का धन्यवाद किया है.
सूर्या ने एक्स अकाउंट पर फिल्म में टोविनो थॉमस के किरदार विक्टर की एंट्री वाला एक वीडियो साझा किया. उन्होंने लिखा, ‘डियर टोविनो, हमारे विक्टर बनने के लिए आपका जितना धन्यवाद करूं कम है. जिस प्यार और उदारता के साथ आप इस फिल्म का हिस्सा बने, वह मेरे लिए शब्दों से परे है.’ उन्होंने मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के उन सभी कलाकारों, तकनीशियनों और क्रिएटिव साथियों का भी आभार जताया, जो ‘सीन’ का हिस्सा रहे.
सूर्या ने बयां किए जज्बात
सूर्या ने लिखा, ‘मेरे सभी शानदार साथी-कलाकारों, तकनीशियनों और मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के क्रिएटिव साथियों का धन्यवाद. ‘सीन’ में हमारे साथ रहने के लिए आप सभी का आभार. यह मलयालम सिनेमा के लिए हमारा एक छोटा सा प्रेम पत्र है.’ फिल्म ‘सीन’ में मलयालम फिल्म जगत के कई अहम कलाकार नजर आए हैं. फिल्म में सूर्या ने पुलिस अधिकारी इनबराज की भूमिका निभाई है, जबकि मलयालम एक्टर नासलेन ने सीरियल किलर ईश्वरन का किरदार निभाया है.
(फोटो साभार: Instagram@actorsuriya)
‘सीन’ ने दुनिया भर में सफलता हासिल की
अभिनेत्री नाजरिया नाजिम फिल्म में माया की भूमिका में हैं, जो इनबराज की असिस्टेंट है. वहीं सीनियर एक्टर लाल ने सूर्या के वरिष्ठ अधिकारी की भूमिका निभाई है. टोविनो थॉमस ने विक्टर का किरदार निभाया है, जो फिल्म की कहानी में अहम भूमिका निभाता है. फिल्म का निर्देशन मलयालम निर्देशक जीथू माधवन ने किया है. फिल्म की सिनेमैटोग्राफी विनीथ ऑगस्टियन ने, संगीत सुशिन श्याम ने, प्रोडक्शन डिजाइन अश्विनी काले ने और एडिटिंग अजमल साबू ने किया है. फिल्म के स्टंट कोरियोग्राफर चेतन डी सूजा हैं.