Last Updated:
आमतौर पर किसी कंपनी को खड़ा करने की बात आती है तो लोगों के जेहन में बड़ी पूंजी, बेहतर शैक्षणिक योग्यता और कारोबारी अनुभव की तस्वीर उभरती है. कई लोग इन्हीं कमियों को लेकर बैठे रहते हैं लेकिन, जिनको करना होता है वो बिना डिग्री और बहुत कम पूंजी में भी अपना काम धंधा शुरू कर देते हैं. अपनी लगन की बदौलत धंधे को बढ़ाते जाते हैं. ऐसा कुछ कर दिखाया है रोहतास की महिलाओं ने. इन महिलाओं ने बिना डिग्री समूह के पैसे से बिजनेस शुरू किया.
रोहतास: आमतौर पर किसी कंपनी को खड़ा करने की बात आती है तो लोगों के जेहन में बड़ी पूंजी, बेहतर शैक्षणिक योग्यता और कारोबारी अनुभव की तस्वीर उभरती है लेकिन रोहतास जिले की कुछ ग्रामीण महिलाओं ने इस सोच को बदलकर रख दिया है. सीमित पढ़ाई और कम पूंजी के बावजूद इन महिलाओं ने न सिर्फ अपना कारोबार शुरू किया बल्कि करीब 100 महिलाओं को इससे जोड़कर आत्मनिर्भरता की नई राह भी दिखाई है. यह कहानी है रोहतास जिले के बलुआही गांव की रहने वाली पुष्पा देवी और उनके साथ जुड़ी महिलाओं की जिन्होंने मिलकर ‘महानंदा’ नाम से ऑर्गेनिक चाय की कंपनी स्थापित की है.
10 हजार रुपये से शुरू हुआ कंपनी का सफर
सूर्यमुखी स्वयं सहायता समूह की सचिव पुष्पा देवी बताती हैं कि इस पहल के पीछे मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा करना और उन्हें रोजगार का अवसर देना था. इसकी शुरुआत उन्होंने बिहार सरकार की ओर से मिली 10 हजार रुपये की सहायता राशि से की. इसके बाद समूह की अन्य महिलाओं ने भी स्वयं सहायता समूह से राशि लेकर और अपनी पूंजी लगाकर इस कारोबार में भागीदारी की. आज इस पहल से करीब 50 स्थानीय महिलाओं सहित कुल 100 से ज़्यादा महिलाएं जुड़ी हुई हैं.
किशनगंज में उत्पादन, गांव-गांव तक पहुंच रहा ब्रांड
‘महानंदा’ ब्रांड के तहत ऑर्गेनिक चाय का उत्पादन किशनगंज में किया जाता है. इसकी बिक्री और ग्राहकों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी से जुड़ी महिलाएं खुद संभाल रही हैं. महिलाएं बाजार में चाय बेचने के साथ घर-घर तक इसकी डिलीवरी भी कर रही हैं. इस तरह ग्रामीण महिलाएं केवल उत्पाद की बिक्री ही नहीं कर रही हैं बल्कि एक ब्रांड को लोगों के बीच पहचान दिलाने में भी जुटी हैं.
हर पैकेट की बिक्री पर मिलते हैं 20 रुपये
पुष्पा देवी के मुताबिक, इस कारोबार से जुड़ी महिलाओं को कमाई का सीधा अवसर दिया गया है. चाय के प्रत्येक पैकेट की बिक्री पर संबंधित महिला को 20 रुपये मिलते हैं. इसके अलावा उनको निवेश के अनुपात में भी कमीशन दिया जाता है. इससे महिलाएं अपनी मेहनत के साथ-साथ निवेश के जरिए भी आमदनी कर रही हैं.
70 रुपये में घर मंगवाएं 250 ग्राम ऑर्गेनिक चाय
कीमत की बात करें तो ‘महानंदा’ ऑर्गेनिक चाय का 250 ग्राम का पैकेट 70 रुपये में उपलब्ध है. ग्राहक इसे आसानी से अपने घर भी मंगवा सकते हैं. पुष्पा देवी बताती हैं कि स्थानीय स्तर पर इस चाय को अच्छी मांग मिल रही है. कम पूंजी से शुरू हुआ यह प्रयास अब महिलाओं के लिए रोजगार और आमदनी का माध्यम बन रहा है.
हौसले ने बदली पहचान, दूसरी महिलाओं के लिए बनी मिसाल
पुष्पा देवी और उनके साथ जुड़ी महिलाओं की यह पहल सिर्फ चाय का कारोबार नहीं बल्कि ग्रामीण महिलाओं की बदलती सोच और आत्मनिर्भर बनने के संकल्प की कहानी है. जिन महिलाओं को अक्सर कम पढ़ी-लिखी और सीमित संसाधनों वाली मानकर उनकी क्षमताओं को कम आंका जाता है उन्होंने मिलकर एक कंपनी खड़ी कर दी. इन महिलाओं ने साबित कर दिया कि कारोबार शुरू करने के लिए बड़ी पूंजी से ज्यादा जरूरी एक अच्छा विचार, आपसी सहयोग और उसे जमीन पर उतारने का हौसला है.