काशी आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी… नवंबर से नमो घाट से उड़ान भरेंगे हॉट एयर बैलून, 45 मिनट तक आसमान से दिखेगी घाटों की छटा

काशी आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी… नवंबर से नमो घाट से उड़ान भरेंगे हॉट एयर बैलून, 45 मिनट तक आसमान से दिखेगी घाटों की छटा


Last Updated:

Varanasi Hot Air Balloon: धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी आने वाले पर्यटक अब नाव और क्रूज के बाद आसमान की ऊंचाइयों से भी मां गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों की अद्भुत छटा निहार सकेंगे. देव दीपावली के महाउत्सव से पहले वाराणसी के पर्यटन में एक नया रोमांच जुड़ने जा रहा है, जहां नमो घाट से नियमित रूप से हॉट एयर बैलून की उड़ान शुरू होने वाली है.

Varanasi Hot Air Balloon: देव दीपावली के महाउत्सव से पहले पर्यटकों को काशी में नया अनुभव मिलेगा. इसी नवंबर महीने में हॉट एयर बैलून के जरिए काशी आने वाले पर्यटक यहां के खूबसूरत घाटों की अद्भुत छटा को आसमान से निहार सकेंगे. आसमान से काशी के घाटों को निहारने का नजारा सबसे खास होगा. यह हॉट एयर बैलून वाराणसी के नमो घाट से उड़ेंगे. इसकी तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी हैं. हालांकि इसके आधिकारिक शुरुआत की तारीख अभी तय नहीं है.

45 मिनट तक 500 फीट की ऊंचाई से दिखेगी काशी
हॉट एयर बैलून का यह रोमांचक सफर फरवरी महीने तक नियमित रूप से चलेगा. एक हॉट एयर बैलून में 10 यात्री सफर कर पाएंगे. एक राइड करीब 45 मिनट की होगी. जिससे आप 500 फीट से ज्यादा ऊंचाई से घाटों की ऐतिहासिकता को देख पाएंगे. आसमान से काशी को निहारने का यह सफर सबसे अद्भुत होगा. इससे काशी के पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा. इसके साथ ही पर्यटक कुछ नया अनुभव भी करेंगे. इसके पहले भी काशी में 3 दिनों का हॉट एयर बैलून शो भी हो चुका है.

मिलेगा नया अनुभव
स्थानीय राहुल पांडेय ने बताया कि काशी में हर दिन लाखों श्रद्धालु आते हैं. वे काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के साथ यहां के खूबसूरत घाटों को नाव या क्रूज के जरिए निहारते हैं लेकिन हॉट एयर बैलून से यह सफर उनके लिए बिल्कुल नया होगा. इसके पहले भी 3 दिनों के हॉट एयर बैलून शो को हमने देखा है. लेकिन उस दौरान लिमिटेड लोग ही इससे सफर कर पाए थे, यदि यह रेगुलर बेसिस पर शुरू होगा तो हर कोई इस रोमांचक सफर को कर सकेगा.

वहीं अमित ने बताया कि इसकी शुरुआत के साथ ही काशी में पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ेगी क्योंकि उन्हें नया अनुभव मिलेगा. बताते चलें कि इसके आधिकारिक शुरुआत की तारीख तय होने के बाद ही इस रोमांचक सफर के लिए लोगों को कितना खर्च करना पड़ेगा ये सब कुछ तय होगा.

आसमान में उड़ेंगे रंग-बिरंगे एयर बैलून
जानकारी के अनुसार, इसकी शुरुआत के बाद एक साथ आसमान में रंग-बिरंगे 5 से 10 हॉट एयर बैलून उड़ते नजर आएंगे. नमो घाट के साथ डोमरी में इसके उड़ान के लिए तैयारियों को पूरा किया गया है. डीजीसीए (DGCA) से इसकी अनुमति भी मिल गई है.



Source link