Last Updated:
Lokayukt Raid: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) पचमढ़ी के सहायक संचालक संजीव कुमार शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में लोकायुक्त भोपाल ने बड़ी कार्रवाई की है. शनिवार सुबह पचमढ़ी और छिंदवाड़ा स्थित आवासों पर एक साथ छापेमारी की गई. जांच में भारी मात्रा में कैश, सोने-चांदी के आभूषण और…
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के एसडीओ के यहां लोकायुक्त की कार्रवाई.
Narmadapuram News: मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) के सहायक संचालक और वन विभाग के सब डिवीजनल ऑफिसर (SDO) संजीव कुमार शर्मा के खिलाफ लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. आय से अधिक पत्ति अर्जित करने की शिकायत सही पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है.
एक साथ दो ठिकानों पर शनिवार सुबह छापा
लोकायुक्त भोपाल की टीम ने शनिवार सुबह 6:30 बजे संजीव कुमार शर्मा के दो ठिकानों पर एक साथ छापा मारा. कार्रवाई पचमढ़ी स्थित उनके शासकीय आवास और छिंदवाड़ा की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित मूल निवास पर की गई. लोकायुक्त में शिकायत के सत्यापन के बाद प्रकरण दर्ज किया गया था. इसके बाद अदालत से अनुमति लेकर दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया और एक साथ जांच शुरू की गई.
नकदी और आभूषण बरामद
कार्रवाई की जानकारी देते हुए लोकायुक्त भोपाल के डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पचमढ़ी आवास पर तलाशी के दौरान कीमती सामान और नकदी जब्त की गई है. जांच में ₹23 लाख नगद बरामद किए गए हैं. इसके अलावा 1 किलो 600 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग 1.5 किलो चांदी के आभूषण जब्त किए गए हैं.
सामान का मूल्यांकन जारी
लोकायुक्त टीम ने घर में रखी विलासिता की वस्तुओं की भी पूरी इन्वेंट्री तैयार की है. इसमें महंगी घड़ियां, कीमती सामान और महंगे फर्नीचर का मूल्यांकन किया जा रहा है. डीएसपी वीरेंद्र सिंह के अनुसार, इन सभी वस्तुओं का मूल्यांकन पूरा कर इसे अधिकारी की आय और व्यय के ब्योरे में शामिल किया जाएगा.
दफ्तर में नहीं मिले संदिग्ध दस्तावेज
लोकायुक्त की टीम ने पचमढ़ी स्थित संजीव कुमार शर्मा के कार्यालय (ऑफिस) की भी तलाशी ली. टीम ने वहां अपराध या बेनामी संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड और अभिलेख खंगाले. हालांकि, दफ्तर में कोई भी आपत्तिजनक वस्तु या संदेहास्पद दस्तावेज नहीं मिला है. मामले में आगे की कानूनी व मूल्यांकन कार्रवाई जारी है.