‘शादी नहीं, पढ़ना है…’ बलिया में 16 वर्षीय लड़की ने चाइल्ड हेल्पलाइन की मदद से रुकवाई अपनी शादी, 25 वर्षीय NRI से हुई थी तय

‘शादी नहीं, पढ़ना है…’ बलिया में 16 वर्षीय लड़की ने चाइल्ड हेल्पलाइन की मदद से रुकवाई अपनी शादी, 25 वर्षीय NRI से हुई थी तय


बलिया: 16 वर्षीय एक लड़की ने अपने माता-पिता के फैसले के खिलाफ जाकर चाइल्ड हेल्पलाइन पर फोन किया और अपनी शादी रुकवाने में सफल रही. दरअसल, लड़की के माता-पिता ने उसकी शादी सऊदी अरब में रहने वाले 25 वर्षीय एक व्यक्ति से तय की थी. बुधवार को होने वाली शादी के लिए शादी के कपड़े देखने के बजाय लड़की ने 1098 नंबर पर फोन कर चाइल्ड हेल्पलाइन से मदद मांगी.

शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन
शिकायत के बाद बाल विवाह रोकने की प्रक्रिया शुरू हुई और अंततः नाबालिग लड़की की शादी रुकवा दी गई. लड़की का नाम गुड़िया (बदला हुआ नाम) है. उसने पिछले सप्ताह यह कदम तब उठाया, जब उसे पता चला कि उसके परिवार ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र के एक गांव में उसकी शादी तय कर दी है. गुड़िया ने 10वीं की पढ़ाई पूरी कर ली है और आगे भी पढ़ना चाहती है.

शादी की कानूनी उम्र से भली-भांति वाकिफ थी किशोरी
जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र कुमार पौत्सायन ने फोन पर पीटीआई-भाषा को बताया, ‘लड़की को अच्छी तरह पता था कि शादी की कानूनी उम्र 18 वर्ष है और वह इससे कम उम्र की है. इसलिए उसने शादी की तय तारीख से पहले ही हेल्पलाइन पर संपर्क किया.’ गुड़िया का फोन आने के बाद पौत्सायन ने तत्काल एक समिति गठित की.

उन्होंने स्वीकार किया कि लड़की के फोन से अधिकारियों को कार्रवाई करने की प्रेरणा मिली, जिसके बाद जिला महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस और एक स्थानीय बाल संरक्षण संगठन को इस प्रक्रिया में शामिल किया गया.

टीम ने गांव पहुंचकर की त्वरित कार्रवाई
सुरेमनपुर थाने के सहयोग से टीम गांव पहुंची, शिकायत की पुष्टि की और हस्तक्षेप किया. पौत्सायन ने बताया, ‘आखिरकार दोनों परिवारों को शादी का समारोह रद्द करने के लिए राजी कर लिया गया.’ कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने गुड़िया के पिता से भी बात की.

उन्होंने अपनी नाबालिग बेटी की शादी कराने के फैसले को सही ठहराने के लिए परिवार की खराब आर्थिक स्थिति और अपनी दिव्यांगता का हवाला दिया. गुड़िया की मां पास की एक फैक्टरी में मजदूरी करती हैं.

कानूनी परिणामों की जानकारी के बाद दूल्हा पक्ष हुआ सहमत
बाल विवाह कराना दंडनीय अपराध होने की जानकारी दिए जाने के बाद लड़की के माता-पिता शादी रद्द करने के लिए राजी हो गए, लेकिन दूल्हे के परिवार ने शुरू में इसका विरोध किया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूल्हे के परिवार का तर्क था कि शादी के निमंत्रण पत्र पहले ही बांटे जा चुके हैं और समारोह रद्द करने से उन्हें सामाजिक रूप से शर्मिंदगी उठानी पड़ेगी.

हस्तक्षेप करने वाली टीम ने दोनों परिवारों को बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रावधानों और शादी आगे बढ़ाने पर होने वाले कानूनी परिणामों की जानकारी दी. इसके बाद दूल्हे का परिवार भी शादी रद्द करने के लिए राजी हो गया. अधिकारियों के मुताबिक, दोनों परिवारों से इस आशय के शपथपत्र पर हस्ताक्षर कराए गए कि गुड़िया की शादी कानूनी रूप से निर्धारित उम्र पूरी होने से पहले नहीं की जाएगी.



Source link