5 साल तक अटकी रही नीतू कपूर की ये फिल्म, 1982 में हुई रिलीज, 44 साल बाद एक्ट्रेस ने खोला बड़ा राज

5 साल तक अटकी रही नीतू कपूर की ये फिल्म, 1982 में हुई रिलीज, 44 साल बाद एक्ट्रेस ने खोला बड़ा राज


Last Updated:

बॉलीवुड एक्ट्रेस नीतू कपूर ने अपनी पुरानी फिल्म ‘तीसरी आंख’ से जुड़ा एक दिलचस्प राज शेयर किया है. साल 1982 में रिलीज हुई उनकी इस फिल्म को बनने में पूरे 5 साल लग गए थे. नीतू ने सोशल मीडिया पर फिल्म की एक पुरानी फोटो शेयर करते हुए यह खास जानकारी दी. वहीं, हाल ही में पैपराजी के ‘बैक शॉट’ लेने की आदत पर उनके मजेदार तंज ने भी खूब ध्यान खींचा.

ख़बरें फटाफट

Zoom

नीतू कपूर ने शेयर किया अपना नजरिया

नई दिल्ली. बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस नीतू कपूर इन दिनों अपनी पुरानी फिल्मों से जुड़े किस्सों को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने अपनी फिल्म ‘तीसरी आंख’ से जुड़ी एक दिलचस्प जानकारी शेयर की है. इस फिल्म में नीतू कपूर के साथ सारिका और जीनत अमान भी नजर आई थीं. एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए फिल्म की रिलीज से जुड़ी खास बात बताई.

नीतू कपूर ने आज यानी मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक फैन की पोस्ट री-शेयर की. इस पोस्ट में नीतू कपूर, सारिका और जीनत अमान की एक पुरानी फोटो नजर आ रही है. इसके साथ नीतू ने लिखा, ‘तीसरी आंख, 1982 में रिलीज हुई थी.’फैन की पोस्ट में फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प फैक्ट भी बताया गया था.

नीतू ने पोस्ट शेयर कर बताया किस्सा

नीतू ने बताया कि फिल्म ‘तीसरी आंख’ की शुरुआत साल 1977 में हुई थी, लेकिन इसे पूरा होने में करीब पांच साल लग गए. फिल्म आखिरकार 1982 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई. पोस्ट में यह भी बताया गया कि ‘गंगा मेरी मां’, ‘चोरनी’ और ‘राज महल’ के साथ यह नीतू कपूर की बतौर हीरोइन आखिरी फिल्मों में से एक थी. सुबोध मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सुबीर मुखर्जी ने प्रोड्यूस किया था. फिल्म में नीतू कपूर के अलावा धर्मेंद्र, शत्रुघ्न सिन्हा, राकेश रोशन, अमजद खान और निरूपा रॉय जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में थे. इसकी कहानी अशोक नाम के एक अनाथ लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे कैलाश नाथ और उनकी पत्नी पालते हैं.

नीतू की पोस्ट वायरल
फोटो साभार: instagram@neetu54

पैपराजी की हरकत पर भी तंज कस चुकी हैं नीतू कपूर

फिल्म से जुड़ा किस्सा शेयर करने के अलावा नीतू कपूर हाल ही में पैपराजी को लेकर अपने एक मजेदार जवाब की वजह से भी सुर्खियों में आई थीं. दरअसल, जब वह एक जगह से बाहर निकलकर अपनी कार की तरफ जा रही थीं, तभी वहां मौजूद फोटोग्राफर्स ने उनसे पीछे से तस्वीर लेने के लिए कहा. इस पर नीतू ने पलटकर तंज भरे अंदाज में पूछा, ‘आपको ये बड़ा अच्छा लगता है ना, बैक?’ एक्ट्रेस के इस जवाब पर पैपराजी ने मना किया, जिसके बाद वह अपनी कार में बैठ गईं और दरवाजा बंद कर लिया.

नेहा धूपिया भी उठा चुकी हैं यह मुद्दा

गौरतलब है कि नीतू कपूर पहली ऐसी एक्ट्रेस नहीं हैं, जिन्होंने अभिनेत्रियों की पीछे से तस्वीरें लेने की आदत पर सवाल उठाया है. इससे पहले नेहा धूपिया भी पैपराजी की इस हरकत पर नाराजगी जता चुकी हैं. मुंबई में आयोजित एक अवॉर्ड कार्यक्रम के दौरान उन्होंने फोटोग्राफर्स को टोकते हुए कहा था कि इस तरह से पीछे से तस्वीरें लेना बदतमीजी है और इसे बंद किया जाना चाहिए. नेहा ने साफ कहा था कि वह सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि सभी महिलाओं के लिए यह बात उठा रही हैं. अभिनेत्रियां कई बार इस तरह की तस्वीरें न लेने की अपील कर चुकी हैं, लेकिन बार-बार समझाने के बावजूद यह सिलसिला जारी है. बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने भी नेहा धूपिया की इस बात का समर्थन किया था.



Source link