Last Updated:
फिल्म ‘ओम शांति ओम’ के सीक्वल को लेकर अफवाहें तेज हैं. लेखक मयूर पुरी ने संकेत दिया है कि शाहरुख खान और फराह खान के साथ यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकती है, हालांकि उन्होंने इसकी तुलना नानी की डिश से की. उन्होंने कहा कि भले डिश की रेसिपी दूसरों को बता दी जाए, मगर वह स्वाद लाना मुमकिन नहीं.
‘ओम शांति ओम’ 17 साल पहले रिलीज हुई थी. (फोटो साभार: IMDb)
नई दिल्ली: फिल्म ‘ओम शांति ओम’ से दीपिका पादुकोण ने डेब्यू किया था, जो 2007 में रिलीज हुई थी. फिल्म के गाने और कहानी दर्शकों के दिलों में घर कर गई. शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण का रोमांस भी खूब हिट रहा. फिल्म की रिलीज के 19 साल बाद भी लोग इसे लेकर नॉस्टाल्जिक हैं. अब फिल्म ‘ओम शांति ओम 2’ को लेकर अफवाहें फैल रही हैं. हालांकि डायरेक्टर फराह खान ने अभी तक सीक्वल को लेकर कोई ऐलान नहीं किया है, लेकिन फिल्म के लेखक मयूर पुरी ने कुछ संकेत दिए हैं.
‘ओम शांति ओम’ की नानी की डिश से की तुलना
‘ओम शांति ओम 2’ की रिलीज की संभावना पर मयूर ने कहा कि इस फिल्म को दोबारा नहीं बनाया जा सकता. इसे अपनी नानी की बनाई किसी खास रेसिपी से जोड़ते हुए मयूर ने कहा, ‘कुछ चीजें हमारी यादों में गहराई से बस जाती हैं. मेरी नानी बिना किसी नाप-तौल के पंजीरी बनाती थीं और उसका स्वाद लाजवाब होता था. अगर मैं वही रेसिपी किसी फाइव-स्टार होटल के शेफ को दे दूं, तो भी वह वैसा स्वाद नहीं ला पाएगा. ‘ओम शांति ओम’ मेरी नानी की पंजीरी जैसी है. इसे दोबारा नहीं बनाया जा सकता.’
मयूर पुरी की फैंस से अपील
मयूर ने आगे कहा कि ‘ओम शांति ओम’ का सीक्वल मूल फिल्म के काफी करीब होगा और उन्हें यकीन है कि फराह खान एक मनोरंजक फिल्म बनाएंगी. उन्होंने दर्शकों से अपील की कि अगर यह फिल्म बनती है, तो वे इसके सीक्वल की तुलना मूल फिल्म से न करें. उन्होंने कहा, ‘आप ‘ओम शांति ओम’ की दुनिया के विस्तार की उम्मीद कर सकते हैं. ‘शोले’ को दोबारा नहीं बनाया जा सकता. वैसा ही परिणाम फिर से मिलना मुमकिन नहीं है.’ ‘ओम शांति ओम’ में शाहरुख दीपिका के अलावा अर्जुन रामपाल, श्रेयस तलपड़े और किरण खेर ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं.