पाकिस्तान में हाफिज सईद की पार्टी को झटका, उपचुनाव में PML-N ने हराया, मिले 30000 वोट

पाकिस्तान में हाफिज सईद की पार्टी को झटका, उपचुनाव में PML-N ने हराया, मिले 30000 वोट


Last Updated:

Pakistan By Election Hafiz Saeed Party Looses: जिस हाफिज सईद को मोस्ट वांटेड अपराधियों में शुमार किया गया है, उसे पाकिस्तान ने न सिर्फ पनाह दी है बल्कि उससे जुड़ी हुई राजनीतिक पार्टी भी है. हालांकि गुजरांवाला के उपचुनाव में आतंकी हाफिज सईद की पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

हाफिज सईद. (फाइल फोटो)

पाकिस्तान की राजनीति में हुए एक उपचुनाव में मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद से जुड़ी राजनीतिक पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है. पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) के उम्मीदवार को सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के प्रत्याशी ने हरा दिया. इस चुनाव के नतीजे ऐसे समय सामने आए हैं, जब पाकिस्तान में राजनीतिक दलों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिशें जारी हैं.

यह उपचुनाव पंजाब प्रांत के गुजरांवाला जिले के एनए-77 निर्वाचन क्षेत्र में कराया गया था. यह इलाका लाहौर से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित है. यहां सांसद महमूद बशीर विर्क के निधन के बाद खाली हुई सीट पर रविवार को मतदान हुआ था. चुनाव आयोग ने सोमवार को नतीजों की घोषणा की. घोषित परिणामों के मुताबिक, PML-N के उम्मीदवार राशिद बशीर विर्क को 43 हजार से अधिक वोट मिले. वहीं हाफिज सईद से जुड़ी PMML के उम्मीदवार मुहम्मद इब्राहिम गुर्जर को 30 हजार वोट मिले. इस तरह PML-N ने सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा.

इस चुनाव में पाकिस्तान की कई प्रमुख पार्टियों ने अपने उम्मीदवार नहीं उतारे थे. जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI), पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) और जमात-ए-इस्लामी ने चुनाव से दूरी बनाए रखी. हालांकि मतदान के दौरान कई तरह की विवादित स्थितियां भी सामने आईं. निर्वाचन क्षेत्र में वोट डालने वालों की संख्या काफी कम रही. एक गांव के लोगों ने पूरी तरह मतदान का बहिष्कार किया. इसके अलावा, चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन को लेकर PML-N की पांच महिला सांसदों को चुनाव आयोग ने स्पष्टीकरण नोटिस जारी किए.

दूसरी तरफ, PMML ने चुनाव परिणामों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया. पार्टी ने सत्तारूढ़ PML-N पर बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली करने का आरोप लगाया है. गौरतलब है कि हाफिज सईद का संबंध प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और जमात-उद-दावा से रहा है. वह पहले मिली मुस्लिम लीग से जुड़ा था. बाद में PMML एक अन्य राजनीतिक मंच के रूप में सामने आई. वर्ष 2024 के आम चुनाव में भी इस पार्टी ने किस्मत आजमाई थी, लेकिन उसे एक भी सीट हासिल नहीं हुई थी. इस उपचुनाव में हार के बाद PMML को एक बार फिर राजनीतिक मोर्चे पर झटका लगा है.



Source link