भाई की किडनी का ट्रांसप्लांट, पिता बेड रेस्ट पर.. मौत के बाद भी नोमान को नहीं मिला इंसाफ, परिवार ने बयां किया दर्द

भाई की किडनी का ट्रांसप्लांट, पिता बेड रेस्ट पर.. मौत के बाद भी नोमान को नहीं मिला इंसाफ, परिवार ने बयां किया दर्द


शामली: दिल्ली के लाल किले के पास हुए बम धमाके में मारे गए शामली के नोमान के परिवार का दर्द एक साल बाद भी कम नहीं हुआ है. घटना की बरसी पर नोमान के पिता इमरान ने दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग की है. उनका कहना है कि जब तक इस घटना के दोषियों को सजा नहीं मिलेगी, तब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिल पाएगा.

दरअसल 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किले के पास एक कार में बम धमाका हुआ था. इस धमाके में शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र के रहने वाले नोमान की मौत हो गई थी, जबकि उसका एक अन्य साथी घायल हो गया था. नोमान अपनी कॉस्मेटिक की दुकान के लिए सामान खरीदने दिल्ली गया था, लेकिन वहां हुए धमाके में उसकी जान चली गई. घटना को एक साल बीत चुका है, लेकिन परिवार को अभी भी दोषियों को सजा मिलने का इंतजार है.

दुकान के लिए सामान लेने गया था नोमान
नोमान अपने घर का छोटा बेटा था. उसके भाई फरमान की दोनों किडनियां खराब थीं और उसका इलाज चल रहा था. फरमान कस्बे में ही कॉस्मेटिक की दुकान चलाता था. तबीयत खराब होने के कारण जब वह दुकान नहीं संभाल पा रहा था, तो नोमान ने दुकान की जिम्मेदारी अपने हाथों में ले ली थी. इसी दुकान के लिए सामान खरीदने वह दिल्ली गया था, जहां बम धमाके में उसकी मौत हो गई.

नोमान के भाई फरमान ने बताया कि करीब तीन महीने पहले उसकी किडनी का ट्रांसप्लांट हुआ है. डॉक्टरों ने उसे घर पर रहकर आराम करने की सलाह दी थी, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसे मजबूरन दुकान पर बैठना पड़ रहा है.

पिता और भाई दोनों की तबीयत खराब
नोमान के पिता इमरान भी इन दिनों बेड रेस्ट पर हैं. कुछ दिन पहले एक हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में दिक्कत आ गई थी. डॉक्टरों ने उन्हें भी आराम करने की सलाह दी है. एक तरफ छोटे बेटे को खोने का दर्द है, तो दूसरी तरफ परिवार की आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी बनी हुई हैं.

‘यह गांव पर नहीं, पूरे देश पर हमला था’
नोमान के पिता इमरान ने कहा कि उनका बेटा सिर्फ दुकान का सामान लेने दिल्ली गया था, उसका क्या कसूर था? उन्होंने कहा, ‘हम तो यहां बैठे हैं, हमें तो यह भी नहीं पता कि कौन दोषी है और कौन नहीं. हमारी तो यही मांग है कि जो दोषी है, उसे सजा मिल जाए. यह कोई छोटा-मोटा मामला नहीं है कि किसी गांव पर हमला कर दिया गया. यह तो देश पर हमला हुआ है, हमारी राजधानी दिल्ली पर हमला हुआ है. यह पूरे देश पर हमला था. अगर हमलावरों को सजा नहीं मिलेगी, तो फिर क्या फायदा? धीरे-धीरे देश खत्म हो जाएगा. हमारी मांग है कि जिसने भी यह काम किया है, उसे जल्द से जल्द सजा मिले.’

भाई ने भी सरकार से की इंसाफ की मांग
नोमान के भाई फरमान ने बताया कि नोमान उसका छोटा भाई था. उसकी तबीयत खराब होने और किडनी फेल होने के कारण नोमान ने दुकान संभालनी शुरू की थी. वह दुकान के लिए सामान लेने दिल्ली गया था, लेकिन उसी दिन धमाके में उसकी जान चली गई. फरमान ने कहा, ‘मेरा किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है. डॉक्टरों ने मुझे अभी दुकान पर बैठने से मना किया था, लेकिन घर की स्थिति को देखते हुए मजबूरन दुकान पर बैठना पड़ रहा है. हमारी सरकार से यही मांग है कि इस मामले में जो भी दोषी हैं, उन्हें जल्द से जल्द सजा मिले, ताकि हमें भी इंसाफ मिल सके.’



Source link