Last Updated:
Zomato के फाउंडर दीपेंद्र गोयल का नया वेयरेबल डिवाइस टेम्पल (Temple) भारी विवादों में घिर गया है. गोयल के ‘यह डिवाइस इंडिया के लिए नहीं बना’ वाले एटीट्यूड से खफा होकर अनस्टॉप के CEO अंकित अग्रवाल ने इसे खरीदने से साफ इनकार कर दिया है. अंकित ने खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि जब ग्लोबल ब्रांड्स भारत को अहमियत देते हैं, तो एक इंडियन फाउंडर ऐसा बर्ताव कैसे कर सकता है.
टेम्पल को लेकर नई कंट्रोवर्सी शुरू हो गई.
जोमैटो (Zomato) के फाउंडर दीपेंद्र गोयल का नया वेयरेबल डिवाइस Temple लॉन्च होते ही विवादों में आ गया है. गोयल ने दिवाली पर एक पोस्ट में साफ कह दिया था कि उनका यह प्रोडक्ट इंडिया के लिए नहीं, बल्कि दुनिया के लिए बना है. उन्हें नेशनलिज्म के नाम पर कोई सपोर्ट नहीं चाहिए और भारत से उन्हें 1% से ज्यादा सेल की उम्मीद नहीं है. अब उनके इसी एटीट्यूड पर टैलेंट एंगेजमेंट प्लेटफॉर्म अनस्टॉप (Unstop) के फाउंडर और CEO अंकित अग्रवाल ने करारा जवाब दिया है.
अंकित अग्रवाल ने अपनी लिंक्डइन पोस्ट में बताया कि वो Temple का ऑर्डर करने ही वाले थे. उन्हें इसकी भारी कीमत या डॉक्टरों द्वारा की जा रही आलोचनाओं से कोई परेशानी नहीं थी. लेकिन जब उन्होंने गोयल की वो पोस्ट पढ़ी कि ‘ये इंडिया के लिए नहीं है’, तो उन्होंने अपना मन बदल लिया. अंकित ने साफ कहा कि यह उनका अपना निजी फैसला है, वो किसी और को इसे खरीदने या न खरीदने का ज्ञान नहीं दे रहे हैं.
ग्लोबल ब्रांड्स से की सीधी तुलना
अंकित ने एक बहुत वैलिड और लॉजिकल पॉइंट उठाया. उन्होंने कहा कि Apple और Whoop जैसे ग्लोबल ब्रांड्स इंडियन कस्टमर्स को हाथोंहाथ लेते हैं. अगर आप तीन साल तक Apple Watch Ultra या Whoop का सब्सक्रिप्शन लें, तो उसकी कीमत भी लगभग Temple के बराबर ही बैठती है. लेकिन ये विदेशी कंपनियां कभी अपने भारतीय ग्राहकों से यह नहीं कहतीं कि ‘यह प्रोडक्ट आपके लिए नहीं बना है.’
‘मैं इसे प्रमोट नहीं करूंगा’
अंकित का सीधा सवाल है कि जिस प्रोडक्ट को एक इंडियन फाउंडर ने बनाया, जिसमें इंडियन इन्वेस्टर्स का पैसा लगा है, और जिसके प्री-ऑर्डर को प्रमोट करने के लिए भारतीय क्रिएटर्स और एथलीट्स का सहारा लिया गया… वो भारत को इतना इग्नोर कैसे कर सकता है? अंकित ने दो टूक शब्दों में कहा, अगर वो खुद कह रहे हैं कि ये इंडिया के लिए नहीं है, तो मैं उनकी बात मान लेता हूं. मैं इसे नहीं खरीदूंगा और न ही इसका एंडोर्समेंट करूंगा.
गोयल ने क्या दी थी सफाई?
8 नवंबर को दीपेंद्र गोयल ने सोशल मीडिया X पर सफाई देते हुए लिखा था कि Temple मुख्य रूप से ग्लोबल मार्केट के लिए डिजाइन किया गया है. उन्होंने कहा, अगर किसी को इसकी कीमत ज्यादा लग रही है, तो मुझे खेद है. हमने इस पर बहुत मेहनत की है और इसकी कीमत वही रखी है जो हमें सही लगी.