Last Updated:
Indian Railway News: अब जनरल टिकट लेने के लिए यात्रियों को बुकिंग काउंटर की लंबी कतार में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी. रेलवे ऐसी व्यवस्था शुरू करने जा रहा है, जिसमें प्लेटफॉर्म पर ही मोबाइल-यूटीएस सहायकों से अनारक्षित टिकट मिल सकेगा. अलीगढ़ जंक्शन समेत प्रयागराज मंडल के चार प्रमुख स्टेशनों पर 102 सहायकों की तैनाती की जाएगी. खासकर एक ट्रेन से उतरकर दूसरी ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी. दिलचस्प बात यह है कि इस योजना में हाईस्कूल पास युवाओं और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को भी काम करने का मौका मिलेगा, जिन्हें टिकट बिक्री पर कमीशन दिया जाएगा.
अब प्लेटफॉर्म पर ही मिलेगा जनरल टिकट, यूपी के 4 स्टेशनों पर शुरू होगी सुविधा
प्रयागराज: ट्रेन पकड़ने की जल्दी में जनरल टिकट के लिए बुकिंग काउंटर की लाइन में लगना कई बार यात्रियों के लिए परेशानी बन जाता है. खासकर उन लोगों को दिक्कत होती है, जिन्हें एक ट्रेन से उतरकर तुरंत दूसरी ट्रेन पकड़नी होती है. ऐसे यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे नई व्यवस्था शुरू करने जा रहा है. अब यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर ही मोबाइल टिकट सहायकों से जनरल टिकट मिल सकेगा. इस व्यवस्था के तहत अलीगढ़ जंक्शन समेत उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के चार प्रमुख स्टेशनों पर 102 मोबाइल-यूटीएस सहायकों की नियुक्ति की जाएगी.
इस सुविधा का फायदा यात्रियों को तो मिलेगा ही, साथ ही युवाओं और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के लिए भी काम का मौका खुलेगा. रेलवे की ओर से 18 साल से अधिक उम्र के हाईस्कूल पास युवाओं और रिटायर्ड रेलकर्मियों को इस काम से जोड़ने की योजना है. चयनित लोगों को टिकट बिक्री के आधार पर कमीशन दिया जाएगा.
अलीगढ़ समेत इन चार स्टेशनों पर होगी तैनाती
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के तहत अलीगढ़ जंक्शन, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल और प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर मोबाइल-यूटीएस सहायक तैनात किए जाएंगे. इन चारों स्टेशनों पर कुल 102 लोगों को यह जिम्मेदारी दी जाएगी. जिसके लिए स्टेशन के हिसाब से सहायकों की संख्या इस तरह तय की गई है.
• अलीगढ़ जंक्शन पर 18 सहायक.
• प्रयागराज स्टेशन पर 36 सहायक.
• कानपुर सेंट्रल पर 36 सहायक.
• प्रयागराज छिवकी पर 12 सहायक.
प्लेटफॉर्म पर ही बन जाएगा जनरल टिकट
इस व्यवस्था के तहत मोबाइल-यूटीएस सहायक अपने पास टिकट बनाने वाली पोर्टेबल मशीन रखेंगे. उनके पास इंटरनेट कनेक्टिविटी, ब्लूटूथ प्रिंटर और टिकट रोल भी होगा. यात्री प्लेटफॉर्म पर ही इन सहायकों से संपर्क करके अनारक्षित टिकट बनवा सकेंगे. टिकट मिलने के बाद क्यूआर कोड के जरिए डिजिटल भुगतान भी किया जा सकेगा. इससे यात्रियों को जनरल टिकट लेने के लिए प्लेटफॉर्म से बाहर बुकिंग काउंटर तक जाने और लंबी कतार में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी. खासकर कम समय में दूसरी ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को इससे राहत मिलेगी.
युवाओं और रिटायर्ड रेलकर्मियों को मिलेगा मौका
रेलवे की इस योजना में 18 साल से अधिक उम्र के हाईस्कूल पास युवाओं और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को काम करने का मौका दिया जाएगा. इस काम के लिए चयनित सहायकों को टिकट बिक्री पर 1 से 3 प्रतिशत तक कमीशन मिलेगा. उन्हें यात्रियों की मांग पर प्लेटफॉर्म पर ही टिकट जारी करना होगा. प्रयागराज मंडल के अमित कुमार सिंह के मुताबिक, इस काम के लिए इच्छुक लोगों से 26 नवंबर तक आवेदन मांगे गए हैं. चयनित सहायकों को 30 जून 2027 तक कॉन्ट्रैक्ट पर रखा जाएगा.
यात्रियों को कतार से मिलेगी राहत
रेलवे की इस पहल का मकसद जनरल टिकट खरीदने की प्रक्रिया को आसान बनाना है. प्लेटफॉर्म पर ही टिकट मिलने से यात्रियों का समय बचेगा और ट्रेन छूटने की चिंता भी कम होगी. खासकर त्योहारों और यात्रियों की ज्यादा भीड़ वाले समय में यह सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है.