झुंझुनूं: आमतौर पर पुलिस थानों की पहचान कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और फरियादियों की समस्याओं के समाधान से होती है, लेकिन जिले का धनूरी थाना इन सबसे अलग अपनी एक नई पहचान बना रहा है. कभी बंजर टीले पर बना यह थाना आज हरियाली, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बन चुका है. यहां पुलिसकर्मी सिर्फ कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी ही नहीं संभाल रहे, बल्कि अपने हाथों से पौधों को सींचकर उन्हें बड़ा करने में भी जुटे हैं. थाने के परिसर में कदम रखते ही चारों तरफ हरियाली, सजे हुए लॉन, पेड़-पौधे और साफ-सुथरा वातावरण नजर आता है.
यहां अब तक 1300 से अधिक फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए जा चुके हैं. खास बात यह है कि इन पौधों की देखभाल के लिए कोई अलग माली नहीं रखा गया है, बल्कि पुलिसकर्मी खुद इस जिम्मेदारी को निभा रहे हैं.
वर्दी के साथ हाथों में झाड़ू और फावड़ा, पौधों की देखभाल भी ड्यूटी का हिस्सा
धनूरी थाने में पुलिसकर्मियों की दिनचर्या कुछ अलग है. ड्यूटी से समय मिलते ही जवान पौधों को पानी देने, घास काटने और परिसर की सफाई में जुट जाते हैं. कोई पौधों की सिंचाई करता है तो कोई लॉन की घास को व्यवस्थित करता है. पुलिसकर्मियों का कहना है कि पौधों की देखभाल करना उनके लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सुकून और सेहत से जुड़ी गतिविधि भी है. जवान इसे अपना वर्कआउट मानते हैं. इससे एक तरफ परिसर हरा-भरा रहता है, वहीं दूसरी तरफ शारीरिक सक्रियता भी बनी रहती है. नीम, शीशम, खेजड़ी, अशोक, जामुन, खजूर, पीपल और बरगद सहित कई प्रजातियों के पौधे यहां की सुंदरता बढ़ा रहे हैं.
डेढ़ साल में बदल गई थाने की तस्वीर, थानाधिकारी की पहल बनी प्रेरणा
इस बदलाव के पीछे थानाधिकारी रामनारायण चोयल की पहल और पुलिसकर्मियों की सामूहिक मेहनत है. रामनारायण चोयल 21 फरवरी 2024 को धनूरी थाने में थानाधिकारी के रूप में आए थे. उस समय थाना परिसर वीरान और बंजर नजर आता था. चारों तरफ खाली जमीन और टीले जैसा वातावरण था. आसपास न तो पर्याप्त हरियाली थी और न ही परिसर आकर्षक दिखाई देता था. उन्होंने खाली जमीन पर पौधे लगाने और पूरे परिसर को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने भी इस मुहिम में सहयोग करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते डेढ़ साल में थाने की तस्वीर बदल गई. आज यहां हरियाली के साथ पार्क, लॉन और व्यवस्थित परिसर दिखाई देता है.
भामाशाहों के सहयोग से बने चार झोंपड़े, पुलिसकर्मियों को मिलता है सुकून
थाने की सुंदरता और सुविधाओं को बढ़ाने में भामाशाहों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उनके सहयोग से पुलिसकर्मियों के लिए परिसर में चार झोंपड़े तैयार करवाए गए हैं. इनमें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. इन झोंपड़ों से परिसर को एक अलग ही स्वरूप मिला है. इसके अलावा थाने तक पक्की सड़क बनवाई गई है और पार्क तथा बाग विकसित किए गए हैं. परिसर के चारों ओर लॉन तैयार किया गया है, जिसमें दूब घास लगाई गई है. पुलिसकर्मियों के लिए तैयार ये झोंपड़े न केवल बैठने और आराम करने की जगह हैं, बल्कि थाने के वातावरण को भी आत्मीय बनाते हैं.
बारिश की हर बूंद सहेजने का इंतजाम, दो कुंडों से होती है पौधों की सिंचाई
धनूरी थाना केवल हरियाली के लिए ही नहीं, बल्कि जल संरक्षण के प्रयासों के लिए भी खास है. परिसर में पौधों की सिंचाई के लिए दो कुंड बनाए गए हैं. इन कुंडों में छतों से आने वाले वर्षा जल को एकत्रित किया जाता है. इसके अलावा परिसर में बोरवेल की सुविधा भी है. पानी को सुरक्षित रखने के लिए बड़ी टंकी बनाई गई है. यहां से पाइपलाइन के माध्यम से पूरे परिसर में पौधों तक पानी पहुंचाया जाता है. इस व्यवस्था से पौधों की नियमित सिंचाई आसान हुई है और वर्षा जल का भी बेहतर उपयोग हो रहा है. पशुओं से पौधों को बचाने के लिए थाने के चारों ओर तारबंदी भी करवाई गई है.
ग्रामीणों को भी मिली पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा
थाने में आए इस बदलाव का असर आसपास के गांवों में भी दिखाई देने लगा है. ग्रामीण भी पुलिसकर्मियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हैं. ग्रामीण रोहिताश सिंह बताते हैं कि जब धनूरी थाना शुरू हुआ था, तब यहां केवल बंजर और वीरान जमीन दिखाई देती थी. आसपास हरियाली का नामोनिशान नहीं था, लेकिन अब पूरा परिसर पेड़-पौधों से घिरा हुआ है. पुलिसकर्मियों ने अपनी मेहनत से इस जगह की तस्वीर बदल दी है. उनका कहना है कि थाने का यह प्रयास गांव के लोगों को भी पौधरोपण और स्वच्छता के प्रति प्रेरित करता है.
11 नवंबर 2022 को शुरू हुआ था थाने का काम, नौ बीघा में फैला है परिसर
धनूरी थाना करीब नौ बीघा जमीन में फैला हुआ है. इसका काम 11 नवंबर 2022 को शुरू हुआ था. शुरुआत में यहां बुनियादी सुविधाओं और हरियाली का अभाव था. तत्कालीन थानाधिकारी मुकेश कुमार के बाद 21 फरवरी 2024 को रामनारायण चोयल ने यहां जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने परिसर को विकसित करने की दिशा में प्रयास शुरू किए. पुलिसकर्मियों, भामाशाहों और स्थानीय लोगों के सहयोग से आज यह थाना एक अलग पहचान बना चुका है.
जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच की मिसाल
धनूरी थाने की कहानी बताती है कि किसी स्थान की तस्वीर बदलने के लिए केवल संसाधन ही नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति और सामूहिक प्रयास भी जरूरी होते हैं. यहां पुलिसकर्मी वर्दी पहनकर कानून व्यवस्था संभालते हैं तो खाली समय में पौधों की देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देते हैं. बंजर टीले से हरियाली भरे परिसर तक का यह सफर पुलिसकर्मियों की मेहनत, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच की मिसाल बन गया है.