पटाखे तो पूरे देश में चले, फिर दिल्ली का दम ही क्यों घुट रहा? कहां फंस जाता है प्रदूषण, साइंस के नजरिए से समझिए

पटाखे तो पूरे देश में चले, फिर दिल्ली का दम ही क्यों घुट रहा? कहां फंस जाता है प्रदूषण, साइंस के नजरिए से समझिए


Last Updated:

दिल्ली में जहरीली हो रही हवा का दोष दिवाली पर चले पटाखों को दिया जा रहा है. मगर क्या सच में ऐसा है? पटाखे को पूरे भारत में चले, फिर आखिर दिल्ली का ही दम क्यों घुट रहा है. आखिर ऐसा क्यों है जो दिल्ली एनसीआर से प्रदूषण बाहर नहीं निकल पा रहा.

Zoom

दिल्‍ली में प्रदूषण बेहद गंभीर स्थिति में पहुंच गया है. (PTI)

दिल्ली की हवा में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है. दीपावली के तीसरे दिन मंगलवार को कुछ इलाकों में इससे आंशिक राहत तो मिली. हालांकि कई इलाके ऐसे भी रहे जहां प्रदूषण का स्तर तकरीबन 400 रहा. इससे एक दिन पहले हालात बेहद खराब थे. कई जगहों पर तो धुंध की वजह से दृश्यता शून्य तक हो गई थी.

दीपावली पर हर साल दिल्ली गैस चैंबर बन जाती है, जबकि प्रदूषण की रोकथाम के लिए तैयारियां इससे पहले ही शुरू कर दी जाती हैं. इसके बावजूद दीपावली और उसके आसपास दिल्ली की हवा सांस लेने लायक नहीं रह जाती. ज्यादातर लोग इसका दोष पटाखों को देते हैं. मगर सबसे बड़ा सवाल यही है कि पटाखे तो पूरे देश में चलते हैं, फिर आखिर दिल्ली का दम ही क्यों घुटता है? इसके पीछे असल में सिर्फ प्रदूषण ही कारण नहीं है. दिल्ली की भौगोलिक स्थिति, मौसम, हवा सब मिलकर देश की राजधानी को बदनामी के शिखर पर पहुंचाते हैं.

दूसरों शहरों में क्यों नहीं रुकता प्रदूषण

पटाखे भारत के हर शहर में चलते हैं, हवा में प्रदूषण भी खूब होता है, ऐसे में सवाल ये है कि आखिर दूसरे शहरों में पॉल्यूशन क्यों नहीं रुकता. CAQM की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में सिर्फ दिल्ली का पॉल्यूशन नहीं है. यहां आसपास के प्रदेशों से भी धुआं आकर इकट्ठा हो रहा है. इसीलिए दिल्ली में हवा की गुणवत्ता ज्यादा खराब दिखती है.

असल में हवा में पॉल्यूशन लखनऊ, कानपुर, पटना या जयपुर जैसे शहरों में भी होता है, मगर दिल्ली जितनी मात्रा में नहीं. इसीलिए उन पर ध्यान नहीं जाता. दूसरा हर शहर में हवा की गति, तापमान, नमी अलग होती है. चूंक दिल्ली हिमालय की तलहटी में है, इसीलिए यहां ठंड का असर पहले और ज्यादा होता है. अगर हवा हो तो ये असर कम हो सकता है. 2024 में ऐसा हुआ था जब दिवाली की रात AQI 600 के आसपास पहुंच गया था, मगर हवा तेज चलने की वजह से अगले दिन यह महज 97 था. जो दिल्ली के नजरिए से सामान्य था. खुद सेंटर ऑप साइंस एंड इनवायरमेंट ने इस पर रिसर्च की थी.

दिल्ली में दिवाली के अगले दिन AQI में कुछ सुधार जरूर दर्ज किया गया, लेकिन इसने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं. (फाइल फोटो- पीटीआई)

दिल्ली की जहरीली हवा की प्रमुख वजह क्या?

  • दिल्ली NCR में धुआं और प्रदूषण के अलग-अलग कारक होते हैं. गर्मियों में हवा तेज चलती है, जो इन प्रदूषक तत्वों को उड़ाकर इधर उधर ले जाती हैं, मगर सर्दी में तापमान में गिरावट की वजह से धुआं व अन्य प्रदूषक तत्व जमीन के आसपास जमा होने लगते हैं. हवा के न चलने की वजह से ये हानिकारक गैसें हवा में बनी रहती हैं और एयर क्वालिटी को बिगाड़ती हैं. अगर हवा तेज चले तो ये प्रदूषक तत्व हवा के साथ दिल्ली से बाहर जा सकते हैं. मौसम विज्ञान में इसें वेंटिलेशन कहते हैं. जो हो नहीं पाता.
  • दिल्ली में प्रदूषण की वजह से हुए इस रिसर्च के मुताबिक सर्दी में मौसम में तापमान इन्वर्जन बहुत तेजी से होता है. दरअसल हवा अगर हवा गर्म होती है तो ऊपर की ओर उठती है और ठंडी हवा नीचे की ओर आती है. हालांकि सर्दियों में हालात इसेस उलट हो जाते हैं, क्योंकि जमीन के संपर्क में रहने वाली हवा ठंडी हो जाती है. इससे ऊपर जो हवा होती है वो गर्म होती है, जो एक परत बना लेती है. यानी ठंडी हवा, जिसमें प्रदूषक तत्व जमा हैं उन्हें बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिलता.
  • काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरमेंट एंड वॉटर CEEW की एक रिसर्च के मुताबिक एक और वजह है मिक्सिंग हाइट का कम होना. दरअसल गर्मियों में जमीन से 1500 मीटर ऊपर तक हवा की हलचल अच्छी होती है. वहां से ठंडी हवा नीचे की ओर आती है और गर्म हवा ऊपर की ओर जाती है. सर्दी में यह हाइट 300 मीटर ही रह जाती है. ऐसे में अगर हवा प्रदूषक तत्वों को लेकर ऊपर उठती भी है तो ज्यादा ऊंचाई न होने की वजह से आसपास ही बनी रहती है.
  • CAQM के एक विशेषज्ञ पैनल की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में आसपास के राज्यों में जलने वाली पराली भी प्रदूषण का मुख्य कारण है. खासकर अक्टूबर और नवंबर के दौरान पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धान की कटाई के बाद पराली जलाने की घटनाएं होती हैं. इससे भारी मात्रा में धुआं और प्रदूषक निकलते हैं. इनमें PM2.5 और PM10 जैसे बारीक कण भी शामिल होते हैं. उत्तर-पश्चिमी दिशा में चल रही हवा की वजह से ये दिल्ली-NCR तक पहुंच जाते हैं और यहां से बाहर नहीं निकल पाते.
  • सर्दी में नमी और कोहरा भी मुसीबत बढ़ाते हैं. इस दौरान हवा में नमी बढ़ने पर कुछ प्रदूषक कण पानी को अपने ऊपर जमा कर लेते हैं. खासकर PM2.5 जैसे बारीक कण नमी के संपर्क में आकर बड़े हो सकते हैं. कुछ परिस्थितियों में हवा में मौजूद गैसों से नए कण भी बनते हैं. इससे प्रदूषण की मात्रा और दृश्यता दोनों प्रभावित हो सकती हैं. इसी वजह से सर्दियों में कई बार दिल्ली की सड़कों पर धुंध जैसी सफेद या भूरी परत दिखाई देती है.

पटाखे करते हैं आग में घी का काम

दिवाली की रात चलने वाले पटाखे प्रदूषण का एक अतिरिक्त सोर्स बनते हैं. दरअसल दिल्ली की हवा में पहले से ही प्रदूषक तत्व जमा होते हैं. पटाखों का धुआं और हानिकारक गैसें भी उसमें शामिल हो जाती हैं और दिल्ली को गैस चैंबर बना देती हैं. CAQM की फरवरी 2026 में जारी विशेषज्ञ रिपोर्ट के अनुसार, सर्दियों में दिल्ली के PM2.5 प्रदूषण में 27 प्रतिशत योगदान सेकेंडरी पार्टिकल्स, 23 प्रतिशत परिवहन, 20 प्रतिशत बायोमास बर्निंग, 15 प्रतिशत धूल और 9 प्रतिशत उद्योग के थर्मल पावर प्लांट का योगदान है.



Source link