Government Jobs 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नवंबर 2026 काफी अहम रहने वाला है. रेलवे, ONGC, इंडियन बैंक, BEL, सुप्रीम कोर्ट और कैबिनेट सचिवालय समेत कई सरकारी संस्थानों में भर्ती प्रक्रिया चल रही है. इन सभी भर्तियों को मिलाकर 8,930 पदों के अवसर सामने आए हैं. इनमें 12वीं पास, ग्रेजुएट और इंजीनियरिंग की डिग्री रखने वाले उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग मौके हैं. कुछ भर्तियों में आवेदन की आखिरी तारीख 13 नवंबर है, जबकि कुछ के फॉर्म 18, 20 और 25 नवंबर तक भरे जा सकते हैं. दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी की भर्ती के लिए आवेदन का मौका दिसंबर तक रहेगा.
इन भर्तियों की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को अपनी योग्यता के हिसाब से कई अलग-अलग क्षेत्रों में आवेदन करने का विकल्प मिल रहा है. रेलवे में अंडरग्रेजुएट और स्टेशन मास्टर के पद हैं तो ONGC, NICL, इंडियन बैंक और RITES में अप्रेंटिसशिप के अवसर हैं वहीं BEL में इंजीनियरिंग उम्मीदवारों और दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की इच्छा रखने वालों के लिए भर्ती निकली है. आइए जानते हैं किस संस्थान में कितने पद हैं और आवेदन की आखिरी तारीख कब है.
रेलवे में 12वीं पास से ग्रेजुएट तक के लिए मौका
रेलवे भर्ती बोर्ड यानी RRB ने अलग-अलग स्तर पर भर्तियां निकाली हैं. 12वीं पास उम्मीदवारों के लिए NTPC अंडरग्रेजुएट लेवल के 1,688 पदों पर आवेदन मांगे गए हैं. इनमें कमर्शियल कम टिकट क्लर्क, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट, जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और ट्रेन क्लर्क जैसे पद शामिल हैं. इस भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 13 नवंबर 2026 है. उम्मीदवारों को निर्धारित समय तक ऑनलाइन आवेदन पूरा करना होगा. आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 नवंबर है.
रेलवे में ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए स्टेशन मास्टर के 1,265 पदों पर भी भर्ती की जा रही है. इस भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 25 नवंबर 2026 तय की गई है यानी जिन उम्मीदवारों के पास ग्रेजुएशन की डिग्री है.वे स्टेशन मास्टर के पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं. इस भर्ती में चयन के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा के साथ कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच की प्रक्रिया शामिल है.दोनों भर्तियों के लिए आवेदन रेलवे के आधिकारिक भर्ती पोर्टल के माध्यम से किया जाना है. उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित भर्ती का नोटिफिकेशन पढ़ लेना चाहिए क्योंकि दोनों पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और चयन प्रक्रिया अलग है.
सुप्रीम कोर्ट में जूनियर कोर्ट अटेंडेंट के 130 पद
सरकारी संस्थान में काम करने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों के लिए सुप्रीम कोर्ट में भी अवसर है. भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने जूनियर कोर्ट अटेंडेंट के 130 पदों पर भर्ती निकाली है. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 25 नवंबर 2026 है.इस पद के लिए शैक्षणिक योग्यता को लेकर उम्मीदवारों को नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ना चाहिए. भर्ती में 10वीं पास होने के साथ किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कुकिंग या कलिनरी आर्ट्स में कम से कम एक साल का डिप्लोमा मांगा गया है. नोटिफिकेशन में अधिकतम सामान्य शैक्षणिक योग्यता 12वीं बताई गई है. चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और इंटरव्यू शामिल हैं इसलिए इसे केवल 12वीं पास उम्मीदवारों के लिए सामान्य भर्ती समझकर आवेदन न करें, बल्कि कुकिंग डिप्लोमा की शर्त भी जरूर जांचें.
कैबिनेट सचिवालय में डिप्टी फील्ड ऑफिसर के 250 पद
केंद्र सरकार के कैबिनेट सचिवालय में डिप्टी फील्ड ऑफिसर यानी DFO के 250 पदों पर भर्ती का अवसर दिया गया है. इस भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 25 नवंबर 2026 बताई गई है. यह पद सामान्य क्लर्क या कार्यालय सहायक की भर्ती से अलग है. उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित विज्ञापन में दी गई शैक्षणिक योग्यता, विषय संबंधी शर्तों, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया की जानकारी देखनी चाहिए. केवल पदों की संख्या देखकर आवेदन करने के बजाय यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं.
ONGC में अप्रेंटिस के सबसे ज्यादा 3,047 पद
इस भर्ती सूची में सबसे ज्यादा अवसर तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम यानी ONGC में हैं. संस्थान ने अलग-अलग ट्रेड और विषयों में अप्रेंटिस के 3,047 पदों पर आवेदन मांगे हैं. इस भर्ती में 10वीं, 12वीं, ITI, डिप्लोमा और ग्रेजुएशन की योग्यता रखने वाले उम्मीदवार अपनी संबंधित ट्रेड के अनुसार आवेदन कर सकते हैं.ONGC की अप्रेंटिस भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 20 नवंबर 2026 है. आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है. उम्मीदवारों को अपने ट्रेड और शैक्षणिक योग्यता के अनुसार NAPS या NATS पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा. अप्रेंटिसशिप के दौरान उम्मीदवारों को संबंधित क्षेत्र में काम सीखने और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा.
NICL में ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 200 पद
नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड यानी NICL में भी युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप का मौका है. कंपनी ने ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 200 पदों पर भर्ती निकाली है. इसके लिए किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से नियमित और फुल टाइम ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं.इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 4 नवंबर से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 18 नवंबर 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को अप्रेंटिस के तौर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा. इस कार्यक्रम के जरिए बैंकिंग और बीमा क्षेत्र से जुड़े कामकाज को समझने और अनुभव हासिल करने का अवसर मिल सकता है.
इंडियन बैंक में अप्रेंटिस के 1,500 पद
बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए इंडियन बैंक ने अप्रेंटिस के 1,500 पदों पर भर्ती निकाली है. इस भर्ती के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 25 नवंबर है.इंडियन बैंक की अप्रेंटिस भर्ती के जरिए चयनित उम्मीदवारों को बैंक के कामकाज का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा. उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले अपनी ग्रेजुएशन की योग्यता, आयु सीमा, स्थानीय भाषा से जुड़ी शर्तों और अन्य पात्रता संबंधी नियमों को देखना चाहिए. अप्रेंटिसशिप पूरी होने का मतलब बैंक में स्थायी नियुक्ति मिलना नहीं है.
BEL में इंजीनियरिंग उम्मीदवारों के लिए 350 पद
इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके युवाओं के लिए भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड यानी BEL में प्रोबेशनरी इंजीनियर के 350 पदों पर भर्ती निकली है. ये पद इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल इंजीनियरिंग से जुड़े हैं. कुल पदों में इलेक्ट्रॉनिक्स के 200 और मैकेनिकल के 150 पद शामिल हैं.इस भर्ती के लिए संबंधित विषय में BE या BTech की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 28 अक्टूबर से चल रही है और आखिरी तारीख 18 नवंबर 2026 है. चयन प्रक्रिया में कंप्यूटर आधारित परीक्षा और इंटरव्यू शामिल हैं. कंप्यूटर आधारित परीक्षा 22 दिसंबर 2026 को संभावित रूप से आयोजित की जा सकती है. उम्मीदवारों को विषय और अन्य पात्रता शर्तों की पुष्टि आधिकारिक विज्ञापन से करनी चाहिए.
दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के 219 पद
दिल्ली में नौकरी तलाश रहे उच्च शिक्षित उम्मीदवारों के लिए दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी यानी DTU में भी भर्ती निकली है. विश्वविद्यालय ने असिस्टेंट प्रोफेसर के 219 पदों पर आवेदन मांगे हैं. ये पद 24 अलग-अलग विषयों से जुड़े हैं. उच्च शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले योग्य उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं.इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 23 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुके हैं. आवेदन की आखिरी तारीख 7 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे तक है. उम्मीदवारों को अपने विषय के अनुसार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और भर्ती नियमों की जांच करनी होगी. अलग-अलग विषयों के लिए पात्रता की शर्तें अलग हो सकती हैं.
RITES में अप्रेंटिस के 281 पदों पर भर्ती
रेल मंत्रालय के तहत आने वाली कंपनी राइट्स लिमिटेड यानी RITES में अप्रेंटिस के 281 पदों पर भर्ती निकाली गई है. इन पदों के लिए उम्मीदवार 25 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. अप्रेंटिसशिप के जरिए चयनित युवाओं को संबंधित क्षेत्र में प्रशिक्षण और काम का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा.उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले यह देखना चाहिए कि वे किस श्रेणी के अप्रेंटिस पद के लिए पात्र हैं और उसके लिए कौन-सी शैक्षणिक योग्यता जरूरी है. अप्रेंटिसशिप के पदों को नियमित सरकारी नौकरी से अलग समझना जरूरी है.
किस भर्ती की आखिरी तारीख कब है?
नवंबर और दिसंबर 2026 में आवेदन की समयसीमा अलग-अलग है. RRB NTPC अंडरग्रेजुएट भर्ती के लिए 13 नवंबर आखिरी तारीख है. NICL अप्रेंटिस और BEL प्रोबेशनरी इंजीनियर भर्ती के फॉर्म 18 नवंबर तक भरे जा सकते हैं. ONGC अप्रेंटिस भर्ती के लिए 20 नवंबर तक आवेदन करना होगा.वहीं RRB स्टेशन मास्टर, सुप्रीम कोर्ट जूनियर कोर्ट अटेंडेंट, कैबिनेट सचिवालय DFO, इंडियन बैंक अप्रेंटिस और RITES अप्रेंटिस भर्ती के लिए 25 नवंबर 2026 तक आवेदन का मौका है. दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में सबसे बाद में यानी 7 दिसंबर 2026 तक आवेदन किया जा सकता है.इस तरह उम्मीदवारों के पास सबसे पहले RRB NTPC अंडरग्रेजुएट भर्ती का फॉर्म भरने का समय है. इसलिए जिन भर्तियों की आखिरी तारीख नजदीक है उनके लिए आवेदन में देरी नहीं करनी चाहिए.
आवेदन करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
उम्मीदवारों को सलाह है कि किसी भी भर्ती के लिए आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ें. इसमें दी गई शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया की जानकारी जरूर जांचें. एक ही योग्यता सभी भर्तियों में लागू नहीं होती. उदाहरण के लिए रेलवे के अंडरग्रेजुएट पदों के लिए 12वीं की योग्यता मांगी गई है जबकि स्टेशन मास्टर के लिए ग्रेजुएशन जरूरी है. BEL में इंजीनियरिंग की डिग्री और DTU में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए विषय के अनुसार उच्च शैक्षणिक योग्यता की शर्तें हैं.फॉर्म भरने से पहले जाति प्रमाण पत्र, EWS प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, फोटो और हस्ताक्षर जैसे दस्तावेज तैयार रखें. दस्तावेजों को नोटिफिकेशन में बताए गए आकार और फॉर्मेट के अनुसार अपलोड करें. आवेदन जमा करने के बाद उसका प्रिंट या डाउनलोड की गई कॉपी अपने पास सुरक्षित रखें.