ललित मोदी के सपोर्ट में खड़ी हुईं जूही चावला, बदलना चाहती हैं IPL की ‘पहचान’
Last Updated:
Juhi Chawla Lalit Modi: जूही चावला ने ललित मोदी के आईपीएल को जनवरी में शुरू करने के सुझाव का समर्थन करते हुए बयान दिया है. आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स की को-ओनर जूही ने एक्स पोस्ट करते हुए अपनी बात रखी.
ललित मोदी के सुझाव को जूही चावला ने दिया समर्थन.
नई दिल्ली. आईपीएल का रोमांच हर साल मार्च से मई के बीच देखने को मिलता है, लेकिन अब इस टूर्नामेंट के आयोजन के समय में बदलाव की मांग उठने लगी है. आईपीएल के संस्थापक ललित मोदी ने हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को टूर्नामेंट जनवरी में शुरू करने का सुझाव दिया था. अब कोलकाता नाइट राइडर्स की को-ओनर और एक्ट्रेस जूही चावला भी उनके समर्थन में उतर आई हैं. जूही का मानना है कि अप्रैल-मई की गर्मी में दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग का आयोजन करने के बजाय इसे जनवरी में कराया जाना चाहिए.
ललित मोदी ने क्या कहा था?
दरअसल, ललित मोदी ने आईपीएल के मौजूदा शेड्यूल पर दोबारा विचार करने के लिए कहा. उनका कहना है कि आईपीएल अब सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि दुनिया का बड़ा खेल और व्यावसायिक ब्रांड बन चुका है. ऐसे में उसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर में अपने लिए अलग जगह तलाशने की जरूरत नहीं है. अब आईपीएल इतना बड़ा हो गया है कि वह खुद क्रिकेट कैलेंडर को प्रभावित कर सकता है.
ललित मोदी ने टूर्नामेंट के विकास, खिलाड़ियों के लिए बेहतर परिस्थितियों और प्रसारण से मिलने वाले फायदे को ध्यान में रखते हुए जनवरी में आईपीएल कराने का सुझाव दिया था. उन्होंने यह भी कहा था कि अप्रैल-मई में भारत में पड़ने वाली गर्मी खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए परेशानी खड़ी करती है. ऐसे में टूर्नामेंट को पहले कराने से इसका अनुभव बेहतर हो सकता है और प्रसारण के लिहाज से भी नए अवसर मिल सकते हैं.
जूही चावला ने किया ललित मोदी का समर्थन
जूही चावला ने ‘एक्स’ पर ललित मोदी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उनके सुझाव का समर्थन किया. जूही चावला ने लिखा, ‘आईपीएल को अब क्रिकेट कैलेंडर में अपनी जगह तलाशने की जरूरत नहीं है. उसने इसे प्रभावित करने का अधिकार हासिल कर लिया है. तो फिर दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट को इतनी भीषण गर्मी में क्यों खेला जाए? और अगर कैलेंडर पर दोबारा विचार किया जा रहा है, तो अप्रैल-मई के बजाय जनवरी क्यों नहीं?’
जूही चावला ने एक्स पर किया पोस्ट.
उन्होंने आगे लिखा, ‘बेहतर परिस्थितियां. बेहतर क्रिकेट. कुल मिलाकर सभी के लिए बेहतर अनुभव! आईपीएल विकसित हो चुका है. शायद अब इसके कैलेंडर को भी बदलना चाहिए!’ अब देखना यह होगा कि BCCI इस बारे में क्या विचार कर रहा है. आने वाले सीजन में कुछ बदलाव होता है या नहीं?