Last Updated:
Jaipur Maulana Assault Case: जयपुर के जयसिंहपुरा खोर इलाके में एक मौलाना के साथ कोर्ट परिसर के बाहर जमकर मारपीट की गई. शनिवार को पेशी के बाद बाहर निकलते समय गुस्साए लोगों ने उसे घेर लिया और लात-घूंसों से हमला कर दिया. पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद मौलाना को भीड़ से बचाया. मौलाना पर आरोप है कि वह शादीशुदा और तीन बच्चों का पिता होने के बावजूद मदरसे में पढ़ने वाली 18 साल की छात्रा को अपने प्रभाव में लेकर उससे निकाह कर चुका है. परिजनों का आरोप है कि समझाने के बावजूद युवती ने उनकी सहमति के बिना निकाह किया. मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने थाने पहुंचकर विरोध जताया था. जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने मौलाना को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया. कोर्ट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए.
जयपुर के जयसिंहपुरा खोर इलाके में एक मौलाना के साथ कोर्ट परिसर के बाहर जमकर मारपीट
जयपुर. जयपुर में कोर्ट में पेशी के बाद बाहर निकल रहे एक मौलाना के साथ गुस्साए लोगों ने जमकर मारपीट की. लोगों ने मौलाना को लात-घूंसों से पीटा. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद उसे भीड़ के चंगुल से बाहर निकाला. मौलाना पर आरोप है कि वह शादीशुदा होने और तीन बच्चों का पिता होने के बावजूद मदरसे में पढ़ने वाली 18 साल की छात्रा को अपने प्रभाव में लेकर उससे निकाह कर चुका है. इतना ही नहीं, मौलाना पर मदरसे में पढ़ने आने वाली अन्य लड़कियों का भी ब्रेनवॉश करने के आरोप लगाए गए हैं.
घटना के बाद इलाके में तनाव और लोगों में आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने मौलाना को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया था. शनिवार दोपहर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए गए. कोर्ट से बाहर निकलते समय वहां मौजूद गुस्साए लोगों ने मौलाना पर हमला कर दिया. अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिसकर्मियों ने भीड़ को हटाकर किसी तरह मौलाना को बचाया और वहां से बाहर निकाला.
मदरसे में पढ़ने आती थी आसपास की बच्चियां
जयसिंहपुरा खोर थाना प्रभारी रघुवीर सिंह ने बताया कि नाई की थड़ी इलाके में स्थित मदरसे में आसपास की बच्चियां पढ़ाई के लिए आती हैं. आरोप है कि मदरसे का मौलाना पढ़ाई के दौरान बच्चियों को अपने प्रभाव में लेने की कोशिश करता था. इसी मदरसे में पढ़ने आने वाली 18 साल की एक युवती के साथ भी ऐसा ही होने का आरोप है. बताया गया कि मौलाना ने युवती का ब्रेनवॉश कर उसे अपने पक्ष में कर लिया था. परिजनों को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने युवती को समझाने का प्रयास किया. परिवार के लोगों ने उसे मौलाना से दूरी बनाने के लिए भी कहा, लेकिन युवती शादी करने की जिद पर अड़ी रही. आरोप है कि मौलाना पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है. इसके बावजूद युवती ने परिजनों की सहमति के बिना उससे निकाह कर लिया. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में नाराजगी बढ़ गई.
निकाह के बाद थाने पहुंचा परिवार, गिरफ्तारी की मांग
मौलाना और युवती के निकाह का पता चलने पर परिजनों ने जयसिंहपुरा खोर थाने में शिकायत दी. मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी फैल गई. शनिवार को बड़ी संख्या में लोग विरोध जताने के लिए थाने पहुंच गए. लोगों ने मौलाना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इसके बाद पुलिस ने मौलाना को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया.
कोर्ट से बाहर निकलते ही भीड़ ने किया हमला
पुलिस ने शनिवार दोपहर मौलाना को कोर्ट में पेश किया. सुनवाई के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए. इसके बाद जब मौलाना को कोर्ट परिसर से बाहर ले जाया जा रहा था, तभी वहां मौजूद गुस्साए लोगों ने उसे घेर लिया. लोगों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी. पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. आखिरकार पुलिस ने मौलाना को लोगों से बचाकर बाहर निकाला. फिलहाल पुलिस के सामने मामले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ लगाए गए आरोपों की जांच की चुनौती है. मौलाना पर लगे आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.