Last Updated:
Jewar Airport: उत्तर प्रदेश में जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास विकास की एक बड़ी योजना तैयार की जा रही है. इसके तहत एयरपोर्ट के नजदीक एक नया शहर बसाने की योजना बनाई जा रही है, जिसे एयरोपोलिस के रूप में तैयार किया जाएगा.
जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बनेगा नया शहर.
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाले समय में सिर्फ हवाई यात्रा का ठिकाना नहीं रहेगा, बल्कि इसके आसपास एक नया शहर भी बसाने की तैयारी है. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने इसके लिए एयरोपोलिस बनाने की योजना बनाई है. यानी एयरपोर्ट के आसपास ऐसा शहर तैयार किया जाएगा, जहां विमानन सेवाओं के साथ उद्योग, कारोबार, लॉजिस्टिक्स और रहने की सुविधाएं भी मिलेंगी.
इस योजना से जेवर और आसपास के इलाकों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है. यहां नए उद्योग लग सकेंगे, कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. इसका फायदा स्थानीय लोगों के साथ दूसरे शहरों से काम के लिए आने वाले लोगों को भी मिल सकता है.
मास्टर प्लान 2041 में शामिल है एयरोपोलिस
यमुना प्राधिकरण ने एयरोपोलिस की योजना को अपने मास्टर प्लान 2041 में शामिल किया है. इसके तहत जेवर एयरपोर्ट के आसपास के इलाके को एक योजना के तहत विकसित किया जाएगा. यहां सड़क, आवास और दूसरी जरूरी शहरी सुविधाओं के साथ आर्थिक गतिविधियों के लिए भी जगह तैयार की जाएगी. इसका मकसद एयरपोर्ट के आसपास बेतरतीब विकास के बजाय एक ऐसा आधुनिक शहर बसाना है, जहां लोगों को कामकाज और रहने की सुविधाएं एक ही इलाके में मिल सकें.
एक ही जगह मिलेंगी कई सुविधाएं
प्रस्तावित एयरोपोलिस में विमानन से जुड़ी गतिविधियों के अलावा लॉजिस्टिक्स, उद्योग और व्यापार को भी बढ़ावा दिया जाएगा. यहां गोदाम, परिवहन और कारोबार से जुड़ी सुविधाओं के विकास की योजना है. इसके साथ ही आवासीय क्षेत्र भी विकसित किए जाएंगे. इससे एयरपोर्ट और आसपास के उद्योगों में काम करने वाले लोगों को रहने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. कारोबारियों को भी माल के परिवहन और दूसरे व्यावसायिक कामों में सहूलियत मिल सकती है.
उद्योग और रोजगार का नया ठिकाना
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद जेवर और यमुना सिटी में विकास की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है. एयरोपोलिस की योजना इस बदलाव को और गति दे सकती है. एयरपोर्ट के जरिए देश-दुनिया से जुड़ाव बढ़ेगा, वहीं उद्योग और व्यापार के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं.