नैनीताल (गौरव जोशी): दीपावली का त्योहार जहां लोगों के लिए खुशियों और उल्लास का संदेश लेकर आता है, वहीं तेज पटाखों का शोर बेजुबान जीवों के लिए मुसीबत बन रहा है. आसमान को रोशन करने वाली आतिशबाजी और लगातार हो रहे बम-पटाखों के धमाकों का असर अब पक्षियों के जीवन पर भी दिखाई देने लगा है. नैनीताल और आसपास के जंगलों में चहचहाने वाले पक्षियों की आवाजें इन दिनों मानो खामोश हो गई हैं. हालात यह हैं कि पिछले तीन दिनों से कई पक्षी शहर और गांवों के आसपास नजर नहीं आ रहे हैं. इससे वन्यजीव प्रेमियों और पर्यावरणविदों की चिंता बढ़ गई है.
तेज धमाकों के बीच अचानक गायब
उत्तराखंड के पर्वतीय शहरों की बसावट जंगलों के आसपास है. ऐसे में यहां पक्षियों की कई दुर्लभ और आकर्षक प्रजातियां पाई जाती हैं. सामान्य दिनों में घरों, पेड़ों और जंगलों के आसपास दिखाई देने वाले ये पक्षी दीपावली के दौरान होने वाले तेज धमाकों के बीच अचानक गायब से हो गए हैं. पर्यावरणविदों का मानना है कि पटाखों का अत्यधिक शोर पक्षियों को उनके प्राकृतिक आवास से दूर जाने के लिए मजबूर कर रहा है.
क्या बोले पर्यावरणविद?
पर्यावरणविद डॉ. अजय रावत के अनुसार, दीपावली के दौरान पटाखों के शोर का असर कई पक्षी प्रजातियों पर पड़ता है. गौरैया, चीड़ फीजेंट, ब्राउन वुड आउल, स्टेपी ईगल और किंगफिशर समेत कई पक्षियों की मौजूदगी इन दिनों आसपास कम दिखाई दे रही है. हालांकि इनके गायब होने के पीछे अन्य कारणों की भी पड़ताल जरूरी है, लेकिन आतिशबाजी का शोर पक्षियों के लिए बड़ा खतरा बन सकता है.
पशु चिकित्सक डॉ. विवेक भारद्वाज बताते हैं कि पटाखों की तेज आवाज वन्यजीवों के लिए बेहद खतरनाक होती है. पक्षियों की सुनने की क्षमता काफी संवेदनशील होती है. ऐसे में तेज धमाके उन्हें बुरी तरह प्रभावित करते हैं. लगातार होने वाले धमाकों से पक्षियों में घबराहट और दिशा भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है. कई बार वे डरकर अपने प्राकृतिक आवास और घोंसलों को छोड़कर दूसरी जगह चले जाते हैं. तेज धमाकों से घायल होने या आघात के कारण उनकी मौत तक हो सकती है.
इसका असर केवल खुले आसमान में उड़ने वाले पक्षियों तक सीमित नहीं है. घोंसलों में मौजूद अंडों पर भी पटाखों के शोर का असर पड़ सकता है. मनोज शाह के मुताबिक, घोंसलों में पल रहे भ्रूण भी तेज धमाकों से प्रभावित हो सकते हैं. ऐसे में दीपावली के दौरान होने वाली अत्यधिक आतिशबाजी पक्षियों की अगली पीढ़ी के लिए भी खतरा बन सकती है.
700 से 790 प्रजातियों के पक्षी पाए जाते हैं
नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों की समृद्ध विविधता इस खतरे को और गंभीर बनाती है. यहां करीब 700 से 790 प्रजातियों के पक्षी पाए जाने की जानकारी है. इनमें रेड हेडेड वल्चर, ग्रेटर स्पॉटेड ईगल, ईस्टर्न इम्पीरियल ईगल, ग्रे क्राउन प्रिनिया, ब्लैक क्रेस्टेड टिट, ग्रीन क्राउन वार्बलर, व्हिस्लर वार्बलर, एशियन पैराडाइज फ्लाईकैचर, अल्ट्रामरीन फ्लाईकैचर, वर्डिटर फ्लाईकैचर, लॉन्ग टेल्ड मिनिवेट, व्हाइट कैप्ड रेडस्टार्ट, ओरिएंटल व्हाइट आई, ग्रेट बारबेट, कॉमन रोजफिंच, ब्लू विंग्ड मिनला, ग्रे हुडेड वार्बलर, येलो वैगटेल, हिमालयन वुडपेकर और रसेट स्पैरो जैसी कई प्रजातियां शामिल हैं. इनमें से कुछ पक्षी ऐसे हैं, जिन्हें अन्य क्षेत्रों में देखना काफी मुश्किल होता है.
वन्यजीव प्रेमियों का कहना है कि त्योहार मनाने की खुशी में प्रकृति और उसके जीवों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए. उनका मानना है कि आतिशबाजी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाना संभव न हो, तब भी पटाखों की आवाज और तीव्रता को नियंत्रित करना जरूरी है. कम शोर वाले पटाखों का इस्तेमाल और पक्षियों के प्राकृतिक आवासों के आसपास आतिशबाजी से परहेज कर उनके जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है. जिस दीपावली पर इंसानों के घर रोशनी से जगमगा रहे हैं, उसी दीपावली में जंगलों की चहचहाहट खामोश न हो जाए, इसके लिए अब पर्यावरण संरक्षण के साथ त्योहार मनाने की जरूरत है.