सोनिया गांधी ने क्यों चुना था मनमोहन सिंह का नाम? PM बनाने के पीछे की पूरी कहानी आई सामने

सोनिया गांधी ने क्यों चुना था मनमोहन सिंह का नाम? PM बनाने के पीछे की पूरी कहानी आई सामने


कांग्रेस की तत्कालीन अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 2004 में मनमोहन सिंह को देश का नेतृत्व करने के लिए चुना था. उनका मानना था कि मनमोहन सिंह की ईमानदारी पर कोई सवाल नहीं उठा सकता और उन्हें शासन की गहरी समझ है. सोनिया गांधी इस बात को लेकर आश्वस्त थीं कि मनमोहन सिंह के आने से संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की कार्यक्षमता को लेकर लोगों के मन में व्याप्त संदेह दूर हो जाएंगे और वर्षों पहले शुरू की गई नीतियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी. सोनिया गांधी ने अपने बहुप्रतीक्षित संस्मरण – ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में इस फैसले की वजह बताई है. ‘हार्परकॉलिन्स इंडिया’ द्वारा प्रकाशित यह किताब आज यानी मंगलवार को बाजार में आ गई.

जब सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री का पद अस्वीकार करने का अंतिम फैसला कर लिया, तो यह तय करना था कि आखिर कौन इस पद की जिम्मेदारी संभालेगा और प्रधानमंत्री पद की शपथ लेगा. सोनिया गांधी ने पुस्तक में लिखा है, ‘कई वरिष्ठ सहयोगी थे, जो अनुभवी और इस पद के लिए योग्य थे तथा इसे खुशी-खुशी स्वीकार भी कर लेते. लेकिन उन सभी में से एक व्यक्ति ऐसा था, जिस पर मेरी नजर काफी समय से थी, एक ऐसा व्यक्ति जिस पर कोई उंगली नहीं उठा सकता और जिसे शासन-प्रशासन की गूढ़ और बेहतर समझ थी. वह थे कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य, डॉ. मनमोहन सिंह.’

मनमोहन सिंह को चुनने की वजह

पुस्तक में वह लिखती हैं कि एक अनुभवी अर्थशास्त्री के तौर पर 1990 के दशक की शुरुआत में वित्त मंत्री रहते हुए उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव के नेतृत्व में भारत में आर्थिक सुधार लागू किए थे. उन्होंने देश का नेतृत्व करने के लिए मनमोहन सिंह को चुने जाने के कारणों को विस्तार से बताते हुए कहा, ‘पार्टी के भीतर वह किसी खास गुट से नहीं जुड़े थे. उस समय तक कांग्रेस की छवि ‘वाम-झुकाव’ वाली बन गई थी और हमारी सरकार को कम्युनिस्ट पार्टियों का भी समर्थन मिलने वाला था. मुझे लगा कि डॉ. मनमोहन सिंह उन लोगों की आशंकाएं दूर कर सकेंगे, जिन्हें हमारी सरकार की क्षमता और वर्षों पहले शुरू की गई नीतियों को आगे बढ़ाने को लेकर संदेह था.’

सोनिया गांधी ने बताया कारण

सोनिया गांधी बताती हैं कि मनमोहन सिंह का जन्म पंजाब के एक गांव में सिख परिवार में हुआ था, जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है. कम उम्र में ही अपनी मां को खो देने के कारण वह कठिनाइयों और संघर्षों को बहुत अच्छी तरह समझते थे. उन्होंने कहा, ‘उनकी तीक्ष्ण बुद्धि और कड़ी मेहनत ने उन्हें एक दूरदराज के गांव के स्कूल से ऑक्सफोर्ड और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालयों तक पहुंचाया और वहां से अंतरराष्ट्रीय मंचों तक का सफर तय कराया. एक विद्वान और तकनीकी विशेषज्ञ के रूप में तमाम उपलब्धियों के अलावा डॉ. सिंह के बारे में जो बात मैं सबसे बेहतर जानती थी, वह यह थी कि वह बेहद दयालु हृदय वाले और संवेदनशील थे और उनकी ईमानदारी पर कोई सवाल ही नहीं उठाया जा सकता था.

‘जानती थी कि PM के तौर पर मनमोहन सिंह के हाथों में देश सुरक्षित रहेगा’

सोनिया गांधी ने कहा, ‘मैं जानती थी कि हमारा प्यारा देश उनके हाथों में सुरक्षित रहेगा. मैंने अपने वरिष्ठ सहयोगियों से चर्चा की और अब वे मेरे फैसले से काफी हद तक सहमत लग रहे थे. जब मैंने डॉ. मनमोहन सिंह का नाम सुझाया तो उन्होंने कोई विरोध नहीं किया.’ गांधी ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के व्यापक अनुभव या एक ऐसे ईमानदार व्यक्ति के रूप में उनकी प्रतिष्ठा पर कोई सवाल नहीं उठा सकता था, जो भारत के हित में ही काम करेगा.’

सोनिया गांधी ने याद किया कि मनमोहन सिंह से निजी तौर पर पूछा गया था कि क्या वह इस पद को स्वीकार करेंगे. उन्होंने शुरुआत में इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में उनकी झिझक दूर की गई और उन्हें इसके लिए राजी कर लिया गया. इससे पहले, अपनी पार्टी की नेता और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष होने के नाते, उनका यह कर्तव्य था कि वह राष्ट्रपति से मिलें और अगली सरकार बनाने का दावा पेश करें.

किताब में खुलासा

उन्होंने पुस्तक में लिखा, ‘मैंने अपने सहयोगी डॉ. मनमोहन सिंह से मेरे साथ चलने को कहा. 18 मई का दिन था, जब हम राष्ट्रपति भवन पहुंचे. उसकी विशाल और भव्य दीवारें तपती धूप के बीच ऊंची खड़ी थीं. उस आलीशान इमारत के ‘ईस्टर्न कोर्ट’ (पूर्वी प्रांगण) के बीचों-बीच बलुआ पत्थर से बने एक बड़े फव्वारे के आस-पास कबूतरों का झुंड मंडरा रहा था.’

उन्होंने लिखा, ‘जैसे ही हमारी गाड़ियां प्रवेश द्वार पर रुकीं, मेरे मन में भावनाओं का एक सैलाब उमड़ पड़ा. मैं अपनी सास और राजीव के साथ पहले भी कई बार वहां जा चुकी थी, लेकिन इस बार मैं राष्ट्रपति भवन के लंबे, अंधेरे गलियारों से एक अलग मकसद के लिए गुज़र रही थी.’

उन्होंने पुस्तक में लिखा, ‘हम राष्ट्रपति भवन से 10, जनपथ स्थित मेरे आवास पहुंचे. मैंने डॉ. सिंह को उनकी कार तक छोड़ा. वापसी में या उससे पहले भी हम दोनों के बीच प्रधानमंत्री पद को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई थी. मैंने उस समय भी उनसे कुछ नहीं कहा. बाकी सभी लोगों की तरह उन्होंने भी स्वाभाविक रूप से यही मान लिया था कि यह जिम्मेदारी (प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी) मुझे ही मिलेगी.’

पुस्तक में सोनिया गांधी ने इस बात का जिक्र किया कि कैसे वह इस बात को लेकर अंदर ही अंदर उलझन में थीं कि उन्हें प्रधानमंत्री का पद स्वीकार करना चाहिए या नहीं और अंत में उन्होंने अपनी ‘अंतरात्मा की आवाज’ सुनी.

इस संस्मरण में उन्होंने राजीव गांधी के साथ उनकी शादी, अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात और भारत रंग-ढंग में ढलने के उनके प्रयासों का जिक्र किया है, जिसमें हिंदी सीखना, साड़ियां पहनना और भारतीय खान-पान एवं संस्कृति को अपनाना शामिल है. इसमें उन बड़ी त्रासदियों का भी वर्णन है, जिन्होंने गांधी परिवार को बदल कर रख दिया. इनमें विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मौत, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या और 1991 में राजीव गांधी की हत्या शामिल हैं.

यह संस्मरण 2004 के चुनावों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत से जुड़ी राजनीतिक घटनाओं पर भी प्रकाश डालता है. उस समय सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर दिया था और इसके बजाय पार्टी तथा गठबंधन का नेतृत्व किया था. इस गठबंधन ने एक दशक तक देश में सरकार चलाई थी.



Source link