ऑपरेशन के दौरान पेट में छूटा सर्जिकल गॉज, फैला संक्रमण, खून के थक्के निकालकर पटना के डॉक्टर ने बचाई महिला की जान

ऑपरेशन के दौरान पेट में छूटा सर्जिकल गॉज, फैला संक्रमण, खून के थक्के निकालकर पटना के डॉक्टर ने बचाई महिला की जान


पटना. एक ऑपरेशन के बाद मरीज को नई जिंदगी मिलने की उम्मीद थी, लेकिन वही ऑपरेशन उसके लिए जानलेवा साबित होने लगा. पेट में लगातार दर्द, 102 से 103 डिग्री तक तेज बुखार, असामान्य ब्लीडिंग और घाव से पस निकलने जैसी परेशानियों के बीच एक महिला करीब 17 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही. आखिरकार दूसरे अस्पताल में दोबारा ऑपरेशन के बाद महिला की जान बचाई जा सकी. इस दौरान उसके पेट से 200 से 250 एमएल तक खून के थक्के, पस और ऑपरेशन में इस्तेमाल किया गया कपड़ा (सर्जिकल गॉज) निकाला गया.

मामला राजगीर के पंडितपुर गांव का है. यहां के निवासी श्रवण कुमार अपनी पत्नी के इलाज के दौरान हुए अनुभव को बताते हुए भावुक हो जाते हैं. उनका कहना है कि आज उनकी पत्नी को एक नई जिंदगी मिली है. जब तक वे जीवित रहेंगे, इलाज करने वाले डॉक्टर डॉ. पंकज कुमार चौधरी के शुक्रगुजार रहेंगे. उनके तीन बच्चे हैं और पत्नी का सुरक्षित घर लौटना पूरे परिवार के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है.

गए थे इलाज करवाने, दे दी नई बीमारी
लोकल18 से बात करते हुए श्रवण कुमार बताते हैं कि उनकी पत्नी को लंबे समय से पेट में दर्द की शिकायत थी. स्थानीय स्तर पर डॉक्टर से संपर्क करने के बाद अल्ट्रासाउंड कराया गया. जांच में गर्भाशय (यूट्रस) में परेशानी सामने आने पर उसे निकलवाने की सलाह दी गई. डॉक्टरों के निर्देश के अनुसार स्थानीय अस्पताल में ही ऑपरेशन हुआ और गर्भाशय को निकाल दिया गया.

पति की मानें तो ऑपरेशन के अगले ही दिन से महिला को तेज बुखार आने लगा. कभी तापमान 102 तो कभी 103 डिग्री तक पहुंच जाता था. इसके साथ पेट फूलने और दस्त की शिकायत भी शुरू हो गई. परिवार ने कई बार ऑपरेशन करने वाले डॉक्टरों को इन परेशानियों के बारे में बताया, लेकिन उन्हें मरीज के ठीक होने का भरोसा दिलाया जाता रहा. लगभग एक सप्ताह बाद अस्पताल ने डिस्चार्ज करने का फैसला लिया.

खतरे में पड़ सकती है जान
हालांकि, डिस्चार्ज के समय ही पेशाब के रास्ते ब्लीडिंग शुरू हो गई. शुरुआत में इसे सामान्य बताते हुए घर भेज दिया गया, लेकिन रात होते-होते रक्तस्राव काफी बढ़ गया. अगले कई दिनों तक ब्लीडिंग नहीं रुकी. इसके बाद ऑपरेशन के घाव से पस भी निकलने लगा. मरीज की हालत में सुधार नहीं होने पर परिजनों की चिंता बढ़ती गई. श्रवण कुमार को महसूस होने लगा कि मामला सामान्य नहीं है, कुछ तो समस्या है और उनकी पत्नी की जान खतरे में पड़ सकती है.

इसके बाद उन्होंने हाई रिस्क मामलों के एक्सपर्ट और स्त्री रोग विशेषज्ञ पटना के डॉ. पंकज कुमार चौधरी से संपर्क किया. मरीज के लक्षणों को देखते हुए संक्रमण और पेट के भीतर किसी बाहरी वस्तु के मौजूद होने की आशंका जताई गई. इसके बाद पटना में डॉ. पंकज कुमार चौधरी के नेतृत्व में मरीज का दोबारा ऑपरेशन किया गया.

सेप्टीसीमिया की स्थिति में पहुंच चुकी थीं मरीज
इलाज करने वाले डॉ. पंकज कुमार चौधरी ने बताया कि महिला की स्थिति गंभीर थी और उसे सेप्टीसीमिया हो चुका था. पेट के अंदर जमा खून के थक्के और बाहरी वस्तु संक्रमण का स्रोत बन चुके थे. इतना ही नहीं, अंदर किसी छोटी रक्त वाहिका से लगातार रिसाव होने के कारण 200-250 एमएल से अधिक खून जमा हो गया था. संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए री-लैपरोटोमी (दोबारा पेट का ऑपरेशन) किया गया. इस दौरान खून के थक्के, ऑपरेशन में इस्तेमाल किया गया कपड़ा और पस निकाला गया.

डॉक्टर ने बताया कि मरीज को पहले भी पांच यूनिट ब्लड चढ़ाया जा चुका था. फिर से चार यूनिट ब्लड चढ़ाने की जरूरत पड़ी. कई बार ब्लड ट्रांसफ्यूजन के बाद अब महिला की स्थिति में सुधार है. वह चल-फिर पा रही है और डिस्चार्ज के लायक हो चुकी हैं. आगे घाव की नियमित देखभाल और उपचार की सलाह दी गई है.

तीन बच्चों के सिर से टल गया मां को खोने का खतरा
श्रवण कुमार के लिए यह महज एक मेडिकल उपचार नहीं, बल्कि पूरे परिवार की जिंदगी से जुड़ी लड़ाई थी. लगातार बिगड़ती हालत और कई दिनों की परेशानी के बाद पत्नी का स्वस्थ होना उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है. हालांकि, यह मामला बताता है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर की लापरवाही एक परिवार को बर्बाद कर सकती थी. अब पीड़ित परिवार लापरवाही करने वाले डॉक्टर और उनके अस्पताल पर कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है.



Source link