कब है भाई दूज? नोट करें सही तिथि, तिलक लगाने का मुहूर्त, नियम और पूजन विधि
Last Updated:
Bhai Dooj 2026 Date: भाई दूज का पर्व इस साल आज मनाया जा रहा है या कल, इसको लेकर असमंजस बना हुआ है. इस खबर में जानिए भाई दूज की सही तिथि, तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त, जरूरी नियम और संपूर्ण पूजन विधि, जिससे आप बिना किसी कंफ्यूजन के यह पावन पर्व मना सकें. सही समय पर तिलक करने से भाई-बहन के रिश्ते में मिठास और लंबी उम्र का आशीर्वाद मिलता है.
Bhai Dooj 2026 Date: भाई-बहन के प्रेम और अटूट रिश्ते का प्रतीक भाई दूज का त्योहार हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है. दिवाली के दो दिन बाद मनाया जाने वाला यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है और इसी के साथ पांच दिन तक चलने वाले दीपावली महापर्व का समापन हो जाता है. इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं. वहीं भाई अपनी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और खुशहाली का संकल्प लेते हैं. आइए जानते हैं साल 2026 में भाई दूज की सही तारीख, तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त, नियम और पूजा की पूरी विधि.
भाई दूज 2026 की सही तारीख
द्वितीया तिथि की शुरुआत: 10 नवंबर, दोपहर 2 बजे से
द्वितीया तिथि का समापन: 11 नवंबर, दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक
उदिया तिथि के आधार पर भाई दूज का पर्व 11 नवंबर 2026 दिन बुधवार को मनाया जाएगा. शास्त्रों में बताया गया है कि भाई दूज का पर्व दोपहर के समय व्यापिनी द्वितीया तिथि में मनाने का विधान है. वहीं 11 नवंबर को मध्यान्ह व्यापिनी तिथि मौजूद है, इसलिए यह पर्व बुधवार को मनाया जा रहा है.
तिलक लगाने का मुहूर्त: भाई दूज पर तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक रहेगा. इस दौरान बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर पूजा-अर्चना कर सकती हैं.
भाई दूज का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज को यम द्वितीया भी कहा जाता है. पौराणिक कथा के मुताबिक, इस दिन भगवान यम अपनी बहन यमुना के घर गए थे. यमुना ने उनका स्वागत किया, माथे पर तिलक लगाया और भोजन कराया. बहन के प्रेम और सत्कार से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर तिलक लगवाएगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा. तभी से भाई दूज मनाने की परंपरा चली आ रही है.
भाई दूज की पूजन विधि
भाई दूज के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और घर के मंदिर में भगवान की पूजा करें. इसके बाद एक साफ चौकी पर भगवान गणेश, भगवान विष्णु और यमराज का स्मरण करें. पूजा की थाली में रोली, अक्षत, दीपक, फूल, मिठाई और नारियल रखें. इसके बाद भाई को चौकी पर बैठाकर उसके माथे पर रोली और चावल से तिलक लगाएं. भाई के हाथ में कलावा बांधें और उसकी आरती उतारें. फिर उसे मिठाई खिलाकर उसके सुखी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करें. भाई भी अपनी बहन को उपहार देकर उसके सुख और समृद्धि की कामना करे. इस दिन बहनें अपनी श्रद्धा के अनुसार व्रत रख सकती हैं. पूजा के बाद भाई-बहन साथ बैठकर भोजन करते हैं. कई जगहों पर यमुना स्नान और यमराज की पूजा का भी विशेष महत्व माना जाता है.