UP Chunav 2027: पश्चिमी यूपी का सबसे बड़ा ब्राह्मण चेहरा, मायावती के भरोसेमंद नेताओं में होती थी गिनती

UP Chunav 2027: पश्चिमी यूपी का सबसे बड़ा ब्राह्मण चेहरा, मायावती के भरोसेमंद नेताओं में होती थी गिनती


यूपी चुनाव 2027: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में पंडित रामवीर उपाध्याय का नाम एक ऐसे कद्दावर स्तंभ के रूप में दर्ज है, जिनका राजनीतिक रसूख किसी एक दल या कार्यकाल तक सीमित नहीं रहा. लगातार 5 बार विधायक और 4 बार कैबिनेट मंत्री रहे रामवीर उपाध्याय के परिवार का प्रभाव हाथरस, अलीगढ़ और आसपास के जिलों में आज भी कायम है. कभी मायावती की खास रहे उपध्याय का परिवार यूपी चुनाव 2027 में किस दल के तरफ रहेगा? जानें यूपी चुनाव 2027 के मद्देनजर रामवीर उपाध्याय के परिवार की राजनीतिक वापसी और चुनावी मैदान में उतरने की चर्चाओं ने कैसे ब्रज की सियासत का पारा चढ़ा दिया है.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ब्रज क्षेत्र के प्रभावशाली ब्राह्मण नेताओं की चर्चा हो तो पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित रामवीर उपाध्याय का नाम प्रमुखता से लिया जाता है. हाथरस की राजनीति में करीब ढाई दशक तक उनका दबदबा रहा. पांच विधानसभा चुनाव लगातार जीतने वाले रामवीर उपाध्याय कभी बसपा सुप्रीमो मायावती के भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते थे. उनकी राजनीतिक पकड़ सिर्फ विधानसभा तक सीमित नहीं थी, बल्कि जिला पंचायत से लेकर लोकसभा और संगठन के दूसरे पदों तक उनके परिवार की मौजूदगी रही.

कोरोना टाइम में पूरा परिवार बीजेपी में शामिल हुआ था.

पश्चिमी यूपी का सबसे बड़ा ब्राह्मण चेहरा

अब यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच हाथरस और ब्रज क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में रामवीर उपाध्याय के परिवार की संभावित चुनावी सक्रियता को लेकर चर्चा है. रामवीर उपाध्याय की साल 2022 में कैंसर से मौत हो गई थी. अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि परिवार का कोई सदस्य विधानसभा चुनाव में उतर सकता है. हालांकि, अभी तक किसी सीट या उम्मीदवार को लेकर आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है.

1996 से 2017 तक लगातार पांच चुनाव जीते

रामवीर उपाध्याय ने अपनी राजनीतिक पहचान हाथरस से बनाई. वर्ष 1993 में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद 1996 में वह बहुजन समाज पार्टी में शामिल हुए और हाथरस सदर सीट से पहली बार विधायक बने. इसके बाद उनकी जीत का सिलसिला लगातार जारी रहा. 2002 और 2007 में हाथरस सदर से चुनाव जीता. 2012 में उन्होंने सिकंदराराऊ और 2017 में सादाबाद विधानसभा सीट से जीत दर्ज की. इस तरह वह हाथरस जिले की तीनों विधानसभा सीटों का प्रतिनिधित्व कर चुके थे.

रामवीर उपाध्याय के बेटे ने कथावाचक निधि सारस्वत से शादी की है.

मायावती सरकार में जबरदस्त धाक

मायावती सरकारों में उन्हें ऊर्जा, परिवहन और चिकित्सा शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी मिली. अलग-अलग कार्यकालों में मंत्री पद संभालने के कारण प्रदेश की राजनीति में उनका कद बढ़ता गया. उनकी पहचान केवल एक ब्राह्मण नेता के तौर पर नहीं, बल्कि हाथरस और आसपास के क्षेत्रों में मजबूत स्थानीय नेटवर्क वाले नेता के रूप में भी बनी.

मायावती के भरोसेमंद नेताओं में होती थी गिनती

बसपा के विस्तार के दौर में रामवीर उपाध्याय उन नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने पश्चिमी यूपी और ब्रज क्षेत्र में पार्टी का जनाधार बढ़ाने में भूमिका निभाई. मायावती के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती थी. पार्टी में उनका प्रभाव इतना था कि उन्हें पश्चिमी यूपी के प्रमुख ब्राह्मण चेहरों में शामिल किया जाता था. 2016 में भी बसपा ने उन्हें ब्राह्मण समाज तक पहुंच बनाने के लिए अहम जिम्मेदारी दी थी. उस समय उनकी भूमिका को पार्टी के ब्राह्मण संपर्क अभियान से जोड़कर देखा गया था. हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उनके और बसपा नेतृत्व के बीच मतभेद सामने आए. रामवीर उपाध्याय ने जनवरी 2022 में बसपा छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया. उन्होंने पार्टी छोड़ने के पीछे संगठन और चुनावी रणनीति को लेकर अपनी असहमति का जिक्र किया था. इसके बाद बीजेपी ने उन्हें सादाबाद से उम्मीदवार बनाया, लेकिन वह चुनाव हार गए.

मायावती मंत्रिमंडल में रामवीर उपाध्याय चार बार कैबिनेट मंत्री बने. 

उपाध्याय परिवार का राजनीतिक रसूख

रामवीर उपाध्ययाय की 2 सितंबर 2022 को बीमारी के चलते निधन हो गया. उनके जाने के बाद हाथरस की राजनीति में उनके प्रभाव और उनके परिवार की भूमिका को लेकर नए समीकरण बनने लगे. रामवीर उपाध्याय की राजनीतिक विरासत को समझने के लिए उनके परिवार के चुनावी सफर पर नजर डालना जरूरी है. रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय खुद एक मजबूत राजनीतिक पहचान रखती हैं. वह वर्ष 2009 में बसपा के टिकट पर फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थीं. इसके अलावा वह कई बार हाथरस जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुकी हैं. वर्ष 2021 में वह बीजेपी में शामिल हुईं और बीजेपी के समर्थन से जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गईं.

परिवार में कौन-कौन दावेदार?

रामवीर उपाध्याय के भाई मुकुल उपाध्याय भी राजनीति में सक्रिय रहे हैं. वह इगलास से विधायक और विधान परिषद सदस्य रह चुके हैं. बाद में उन्होंने भी बीजेपी का रुख किया. परिवार के एक अन्य सदस्य विनोद उपाध्याय जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं. स्थानीय निकाय की राजनीति में भी परिवार की मौजूदगी रही है. रामवीर के छोटे भाई रामेश्वर उपाध्याय मुरसान ब्लॉक की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और ब्लॉक प्रमुख का पद संभाल चुके हैं. रामवीर उपाध्याय के बेटे चिराग उपाध्याय भी राजनीति में सक्रिय हैं. वह वर्ष 2020 में बीजेपी में शामिल हुए थे. 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने अपने पिता की राजनीतिक गतिविधियों और बीजेपी के समर्थन में बयान दिए थे.

यूपी चुनाव 2027 में क्या मायावती-अखिलेश फिर आएंगे एक साथ?

2027 में किस सीट से उतर सकता है परिवार?

इस तरह रामवीर उपाध्याय का परिवार लंबे समय से हाथरस की राजनीति में अलग-अलग स्तरों पर सक्रिय रहा है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में रामवीर उपाध्याय के परिवार की अगली राजनीतिक पारी कहां से शुरू होगी? हाथरस जिले में तीन विधानसभा सीटें हैं- हाथरस, सादाबाद और सिकंदराराऊ. रामवीर उपाध्याय इन तीनों सीटों से विधायक रह चुके थे. ऐसे में परिवार की संभावित चुनावी सक्रियता की चर्चा इन तीनों क्षेत्रों के राजनीतिक समीकरणों के संदर्भ में हो रही है.

रामवीर उपाध्याय के बसपा छोड़ने और फिर निधन के बाद हाथरस में पार्टी के सामने स्थानीय नेतृत्व का सवाल खड़ा हुआ. उनके दौर में जिले की राजनीति में बसपा का एक मजबूत चेहरा मौजूद था. अब पार्टी को तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अपना संगठन और नया स्थानीय नेतृत्व खड़ा करने की चुनौती है. 2027 के चुनाव में मायावती की बसपा अगर ब्राह्मण समाज के बीच दोबारा राजनीतिक पैठ बनाने की कोशिश करती है तो रामवीर उपाध्याय की पुरानी भूमिका और उनके परिवार का प्रभाव भी चर्चा में आ सकता है. हालांकि, रामवीर अब बसपा में नहीं थे और 2022 में बीजेपी में शामिल हो गए थे. इसलिए उनकी पुरानी राजनीतिक विरासत को किसी एक पार्टी का मौजूदा समर्थन मानना सही नहीं होगा.



Source link