Last Updated:
LIC New Plans: LIC जोखिम के सटीक आकलन (Underwriting), धोखाधड़ी की पहचान और क्लेम सेटलमेंट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दायरा तेजी से बढ़ा रही है. लेकिन, एआई की वजह से कंपनी कर्मचारियों की छंटनी नहीं करेगी.
सीईओ दोरईस्वामी ने कहा कि एलआईसी पेंशन और एन्युटी प्रोडक्ट्स में बड़ा विस्तार करने जा रही है.
नई दिल्ली. भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) आने वाले समय में अपने पारंपरिक सेविंग प्रोडक्ट्स के साथ ही प्रोटेक्शन और एन्युटी बिजनेस पर ज्यादा जोर देगी. कंपनी 70 साल पुरानी विरासत और ग्राहकों के भरोसे को कायम रखते हुए खुद को पूरी तरह चुस्त, डिजिटल और मॉडर्न बीमा कंपनी के रूप में री-पोजिशन करने का रोडमैप बनाया है. मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, एलआईसी के प्रबंध निदेशक (MD) सीईओ आर. दोरईस्वामी ने कहा है कि कंपनी की कोशिश अगले पांच वर्षों में अपने ब्रांड और भरोसे को बनाए रखने के साथ ही ऑर्गेनाइजेशन को अधिक चुस्त, डिजिटल रूप से सक्षम और कंज्यूमर सेंट्रिक बनाने की है.
दोरईस्वामी ने कहा कि एलआईसी दशकों से प्योर टर्म और रिटर्न ऑफ प्रीमियम वाले उत्पाद बेच रही है. बचत और पारंपरिक योजनाओं के मुकाबले प्रोटेक्शन सेगमेंट को पहले उतनी प्राथमिकता नहीं मिल सकी. अब इसमें बड़ा बदलाव होने जा रहा है. व्यक्तिगत जीवन बीमा पॉलिसियों को जीएसटी (GST) से छूट मिलने के बाद टर्म इंश्योरेंस की मांग में तेज उछाल आया है. इसे भुनाने के लिए एलआईसी ने मध्यम आय वर्ग के परिवारों को ध्यान में रखकर नए और किफायती टर्म प्लान पेश किए हैं, जिन्हें बाजार से शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है. कैंसर कवर और हेल्थ शील्ड जैसे बेनिफिट-बेस्ड हेल्थ प्रोडक्ट्स को भी नए फीचर्स के साथ दोबारा लॉन्च किया गया है.
पेंशन और एन्युटी पर बड़ा दांव
दोरईस्वामी ने कहा कि एलआईसी पेंशन और एन्युटी प्रोडक्ट्स में बड़ा विस्तार करने जा रही है. दोरईस्वामी का मानना है कि देश की एक बड़ी आबादी के पास सामाजिक सुरक्षा का अभाव है, जिसके चलते लोगों को अपने बुढ़ापे और नियमित आय की जिम्मेदारी खुद उठानी होगी.
युवा वर्ग भी अब ऐसे गारंटीड उत्पादों को पसंद कर रहे हैं, जहां पहले से तय तारीख पर निश्चित कैश फ्लो मिले. आने वाले दिनों में रिटायरमेंट प्लानिंग को कंपनी अपने ग्रोथ का सबसे बड़ा पिलर बनाएगी. कंपनी का यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (ULIP) पर भी फोकस जारी रहेगा, ताकि जो ग्राहक बीमा और शेयर बाजार आधारित रिटर्न दोनों चाहते हैं, उन्हें एक ही जगह बेहतर विकल्प मिल सके.
92% जिलों में नेटवर्क
निजी बीमा कंपनियों से मिल रही कड़ी प्रतिस्पर्धा का मुकाबला करने के लिए एलआईसी अपने विशाल नेटवर्क का सहारा लेगी. देश के 92 फीसदी जिलों में कंपनी की फिजिकल मौजूदगी है और लाखों एजेंट्स का मजबूत ढांचा मौजूद है. अब इस नेटवर्क को एडवांस्ड डेटा एनालिटिक्स से जोड़ा जा रहा है, ताकि ग्राहकों की उम्र, आमदनी और वित्तीय प्राथमिकताओं को समझकर कस्टमाइज्ड प्रोडक्ट्स तैयार किए जा सकें.
एआई को बढ़ावा पर नहीं होगी कर्मचारियों की छंटनी
तकनीकी मोर्चे पर LIC जोखिम के सटीक आकलन (Underwriting), धोखाधड़ी की पहचान और क्लेम सेटलमेंट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दायरा तेजी से बढ़ा रही है. पेंशनर्स के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट, कस्टमर ऑनबोर्डिंग और रिन्यूअल प्रीमियम रिमाइंडर के लिए पहले ही AI टूल्स का इस्तेमाल शुरू हो चुका है.