राज्य तो मिल गया, लेकिन सपनों वाला उत्तराखंड अभी बनना बाकी है…75 साल के आंदोलनकारी रामपाल का छलका दर्द

राज्य तो मिल गया, लेकिन सपनों वाला उत्तराखंड अभी बनना बाकी है…75 साल के आंदोलनकारी रामपाल का छलका दर्द


Last Updated:

Uttarakhand News: उत्तराखंड राज्य को बने 25 साल हो चुके हैं, लेकिन इस राज्य के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के जख्म आज भी ताजा हैं. ऐसे ही एक आंदोलनकारी हैं 75 वर्षीय रामपाल, जिन्होंने राज्य की मांग को लेकर देहरादून से दिल्ली तक आमरण अनशन किया और लाठियां भी खाईं. कई दिनों तक भूखे रहकर आंदोलन करने का असर आज भी उनकी सेहत पर दिखाई देता है. रामपाल कहते हैं कि राज्य तो बन गया, लेकिन जिन सपनों को लेकर उन्होंने लड़ाई लड़ी थी, वे अब तक पूरे नहीं हुए.

देहरादून: 9 नवंबर को जब उत्तराखंड अलग राज्य बना, तो उन लोगों के चेहरे पर खुशी थी जिन्होंने इसके लिए लंबा संघर्ष किया था. इस आंदोलन में कई लोगों ने अपनी जान तक गंवा दी. वहीं, कुछ आंदोलनकारी ऐसे भी हैं जिनके शरीर पर उस संघर्ष के जख्म आज भी मौजूद हैं. 75 साल के रामपाल भी उन्हीं आंदोलनकारियों में से एक हैं. उन्होंने कम उम्र में ही उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर दिल्ली से देहरादून तक आमरण अनशन किया था. महीनों तक भूखे रहकर उन्होंने राज्य की लड़ाई लड़ी.

रामपाल ने बताया कि वह सबसे पहले इंद्रमणि बडोनी के नेतृत्व में आमरण अनशन पर बैठे थे. देहरादून में उन्होंने 30 दिन तक अनशन किया. इसके बाद वह दिल्ली पहुंचे और वहां भी आंदोलन जारी रखा. दिल्ली में लालकिले पर उन्हें पुलिस की लाठियां भी खानी पड़ीं. रामपाल का कहना है कि उत्तराखंड राज्य बहुत मुश्किलों से मिला है. खास बात यह है कि वह पहाड़ी मूल के नहीं हैं, बल्कि राज्य के मैदानी इलाके से आते हैं.

1952 से शुरू हुआ था अलग राज्य का सपना

रामपाल के मुताबिक, उत्तराखंड को अलग राज्य बनाने का संघर्ष 1952 से ही शुरू हो गया था. हालांकि, 1994 में लोग बड़ी संख्या में एकजुट हुए और आंदोलन में पूरी ताकत लगा दी. उन्होंने बताया कि इंद्रमणि बडोनी अनशन पर बैठे थे और उन्हें 5 अगस्त को वहां से उठाया गया था. इसके बाद 8 अगस्त 1994 को वे देहरादून पहुंचे और यहां भी आमरण अनशन किया. फिर मुजफ्फरनगर कांड हुआ. आंदोलन के उग्र होने के बाद कई लोगों ने अपनी जान गंवाई.

आज भी भूख हड़ताल का असर झेल रहे हैं रामपाल

रामपाल ने बताया कि लंबे समय तक भूखे रहने का असर आज भी उनके शरीर पर है. आमरण अनशन के कारण उन्हें कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और अब भी इलाज करवाना पड़ता है. उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें किडनी की परेशानी भी हो रही है. हालांकि, उन्हें इस बात का गर्व है कि उन्होंने उत्तराखंड राज्य के लिए संघर्ष किया. उनका शरीर भले ही कमजोर हो गया हो, लेकिन राज्य के लिए लड़ने का उनका हौसला आज भी कायम है.

राज्य तो मिला, लेकिन सपनों वाला उत्तराखंड नहीं बना

रामपाल ने कहा कि जिन उम्मीदों के साथ उन्होंने अलग राज्य की लड़ाई लड़ी थी, वे आज भी पूरी होती नजर नहीं आ रही हैं. उन्हें किसी भी सरकार में वे उम्मीदें पूरी होती नहीं दिखीं. उनका कहना है कि उत्तराखंड तो बन गया, लेकिन जिस राज्य का सपना आंदोलनकारियों ने देखा था, वह अभी बनना बाकी है. उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों को लगता है कि उनके संघर्ष और कुर्बानी को भुलाया जा रहा है. इसके बावजूद उनकी इच्छा है कि आने वाली पीढ़ी इस आंदोलन को याद रखे और इसके लिए लोगों ने जो लड़ाई लड़ी, उसे न भूले. राज्य स्थापना दिवस पर रामपाल की यही सबसे बड़ी अपील है.



Source link