Last Updated:
दिल्ली से सटे नोएडा में बर्थडे पार्टी के दौरान हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई. जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों में केवल पैर से स्कूटी टकराने पर विवाद शुरू हुआ और फिर लड़ाई शुरू हो गई. इस दौरान दो युवकों को गंभीर चोट आई, जिसमें से एक युवक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया.
नोएडा में बर्थडे पार्टी के दौरान युवक की हत्या.
नोएडाः उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिल के नोएडा में पार्क के अंदर जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया. मामला थाना फेस-1 क्षेत्र के नया बांस गांव के पास का है, जहां स्कूटी एक युवक के पैर से टकराने के बाद दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते झगड़ा बढ़ा और मारपीट में अमित के सिर पर गंभीर चोट लग गई. जबकि शिवम भी घायल हो गया. दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया. शिवम की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार टीमें गठित की हैं. आरोपियों की तलाश जारी है.
पैर से टकराई स्कूटी तो शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक दिनांक 8/09.11.2026 की रात्रि में थाना फेस 1 क्षेत्र के अंतर्गत नया बांस गांव के पास कुछ लड़के जिसमें अमित (मृतक) 25 वर्ष , शिवम, यशपाल, आकाश और विनोद आदि पार्क में थे. जब वह स्कूटी से वहां से जाने लगे तो उनकी स्कूटी एक युवक के पैर में टकरा गई. उक्त युवक अपने कुछ साथियों के साथ अपने एक मित्र का पार्क में ही बर्थडे मना रहा था. जिस कारण आपस में दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया. झगड़े के दौरान अमित (मृतक ) के सिर में गंभीर चोट एवं शिवम के सिर में चोट लग गई.
आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
अमित और शिवम को उनके दोस्त अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर द्वारा अमित उपरोक्त को मृत घोषित कर दिया गया. शिवम को हायर सेन्टर में उपचार हेतु रेफर किया गया, जो अब खतरे से बाहर है. थाना फेस 1 पुलिस द्वारा मृतक के शव का पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. थाना फेस 1 पुलिस द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है. 04 पुलिस टीमों का गठन किया गया है. शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जायेगी.