Last Updated:
97 के करीब जा पहुंचा रुपया, एक बार फिर लौटने लगा है. सोमवार की सुबह एक डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत 93.68 के आसपास पहुंच गई थी. बीते एक हफ्ते में ही यह उछाल देखने को मिली है. सवाल ये कि इसका आपकाे क्या फायदा होगा.
रुपया डॉलर के मुकाबले लगातार मजबूत हो रहा है.
विदेशी निवेशकों के शेयर मार्केट में लौटने के साथ ही रुपया भी छलांग लगाने लगा है. सोमवार को शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपये में करीब 25 पैसे की तेजी आई और यह बढ़कर 93.68 तक पहुंच गया. महज एक हफ्ते में रुपया तकरीबन 3 रुपया चढ़ा है. आप सोच रहे होंगे कि इसका आप पर क्या असर? असर है, रुपया बढ़ेगा तो बाहर से तेल-गैस जैसी चीजें मंगाने के लिए सरकार को ज्यादा पैसा नहीं खर्च करना पड़ेगा. वो पैसा कहीं सड़क-रेलवे बनाने में खर्च होगा. दूसरा, बाहर से आने वाली चीजें सस्ती पड़ेंगी तो महंगाई पर लगाम लगेगी. विदेश में पढ़ाई करना सस्ता हो जाएगा. इसीलिए ज्यादातर एक्सपर्ट कह रहे कि खुशहाली बस आने वाली है.
पहले तो समझिए क्यों चढ़ रहा रुपया? दरअसल, लगभग 1.5 अरब डॉलर का विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (एफपीआई) आने, अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने और ईरान-अमेरिका तनाव कम होने की वजह से रुपया चढ़ रहा है. अमेरिका-कोरिया, चीन-जापान में एआई स्टॉक गिरने की वजह से निवेशक भारत की ओर भागे हैं. वे मोटा पैसा मार्केट में झोंक रहे हैं. नतीजा शेयर बाजार लगातार चढ़ता जा रहा है. इससे रुपया भी मजबूत हो रहा. एक्सपर्ट्स के मुताबिक- 94 का स्तर जो पहले सपोर्ट का काम करता था, अब रेजिस्टेंस में बदल गया है.
आपकी जेब पर क्या असर
अगर डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 1 रुपये मजबूत होता है, तो पेट्रोल-डीजल से लेकर महंगाई, विदेश घूमने, कंपनियों के मुनाफे और शेयर बाजार तक पर इसका असर होता है.
- कच्चे तेल का आयात होगा सस्ता: भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चा तेल विदेशों से खरीदता है. डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत होने से तेल आयात करने के लिए कम रुपये खर्च करने पड़ेंगे. इससे तेल कंपनियों की लागत घट सकती है. भारत अपनी जरूरत का 85% कच्चा तेल आयात करता है. अर्थशास्त्रियों के अनुसार, डॉलर के मुकाबले रुपया 1 रुपये मजबूत होने से भारत का सालाना तेल आयात बिल लगभग 8000 से 10000 करोड़ तक कम हो जाता है.
- पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर असर: रुपये की मजबूती से पेट्रोल-डीजल की खरीद लागत घट सकती है. इसका फायदा तेल कंपनियां ग्राहकों तक पहुंचाती हैं, तो वाहन चालकों को राहत मिल सकती है. ट्रांसपोर्ट का खर्च भी कम हो सकता है. लेकिन कीमतों में कटौती सरकार की टैक्स नीति, तेल कंपनियों के मार्जिन और कच्चे तेल के वैश्विक भाव पर निर्भर करेगी.
- महंगाई पर लग सकती है लगाम: भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, मशीनरी, खाद, केमिकल और कई जरूरी सामानों का आयात करता है. रुपया मजबूत होने से इन वस्तुओं की कीमत रुपये में कम हो सकती है. इससे कंपनियों की लागत घटेगी और महंगाई का दबाव कम हो सकता है. हालांकि, घरेलू मांग, मजदूरी, खाद्य पदार्थों की कीमतें और सप्लाई चेन भी महंगाई तय करती हैं. रुपया मजबूत होने से आयातित महंगाई कम होती है. आरबीआई के अनुमानों के मुताबिक, रुपये में 5% की मजबूती से घरेलू रिटेल महंगाई (CPI) लगभग 20 बेसिस पॉइंट (0.2%) तक घट सकती है. इससे पेट्रोल-डीजल और खाद्य तेल जैसी जरूरत की चीजें सस्ती होती हैं.
- विदेश में पढ़ाई करना हो सकता है सस्ता: विदेश में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की फीस और रहने का खर्च अक्सर डॉलर या दूसरी विदेशी मुद्रा में होता है. रुपया मजबूत होने पर परिवार को उतनी ही विदेशी मुद्रा खरीदने के लिए कम रुपये खर्च करने पड़ेंगे. इससे अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य देशों में पढ़ाई का खर्च घट सकता है. शिक्षा ऋण का बोझ भी कुछ कम हो सकता है. विदेश में 13 लाख से ज्यादा भारतीय छात्र पढ़ते हैं. यदि एक छात्र का सालाना खर्च 30,000 है, तो रुपये के सिर्फ 1 मजबूत होने से उस छात्र के परिवार के सीधे 30,000 बचते हैं. इससे विदेशी यात्रा और मेडिकल टूरिज्म भी काफी सस्ता हो जाता है.
- विदेश घूमने वालों को मिलेगा फायदा: अमेरिका, यूरोप या दूसरे देशों की यात्रा करने वाले भारतीयों के लिए मजबूत रुपया राहत लेकर आ सकता है. होटल, शॉपिंग, खाने और विदेशी मुद्रा खरीदने का खर्च रुपये में कम हो सकता है. विदेश यात्रा के बजट में बचत संभव है. हालांकि, हवाई टिकट, होटल की दरें और स्थानीय महंगाई भी यात्रा की कुल लागत को प्रभावित करती हैं.
- आयात करने वाली कंपनियों की बढ़ सकती है कमाई: विदेश से सामान मंगाने वाली कंपनियों को रुपये की मजबूती का फायदा मिल सकता है. इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, मशीनरी, केमिकल और फार्मा कंपनियों की आयात लागत घट सकती है. इससे उनके मुनाफे में सुधार की संभावना बनेगी. यदि कंपनियां लागत में कमी का फायदा ग्राहकों को देती हैं, तो सामान भी सस्ता हो सकता है.
- IT और निर्यात करने वाली कंपनियों को झटका: भारत की IT कंपनियां विदेशों से डॉलर में कमाई करती हैं. रुपया मजबूत होने पर डॉलर से मिलने वाली कमाई को रुपये में बदलने पर कम रकम मिलेगी. इससे कंपनियों के मार्जिन पर दबाव आ सकता है. कपड़ा, जेम्स-ज्वेलरी और अन्य निर्यातकों को भी नुकसान हो सकता है. हालांकि, विदेशी मांग बढ़ने से इसकी भरपाई संभव है.
- विदेशी कर्ज चुकाना होगा आसान: भारत सरकार, कंपनियां और बैंक विदेशों से डॉलर में कर्ज लेते हैं. रुपया मजबूत होने पर डॉलर में लिए गए कर्ज की रुपये में वैल्यू घट जाती है. इससे कर्ज चुकाने का बोझ कम हो सकता है. विदेशी मुद्रा में देनदारी रखने वाली कंपनियों को राहत मिलेगी. हालांकि, यह फायदा तभी होगा जब कर्ज की मुद्रा और भुगतान की शर्तें अनुकूल हों.
- शेयर बाजार में बदल सकता है निवेशकों का रुख: रुपये की मजबूती विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ा सकती है. भारत में निवेश करने वाले विदेशी निवेशकों को डॉलर में निवेश की वैल्यू बढ़ने का फायदा मिल सकता है. इससे FII निवेश बढ़ने की संभावना बन सकती है. दूसरी ओर, निर्यात आधारित कंपनियों के शेयरों पर दबाव आ सकता है. बाजार की चाल ब्याज दरों और वैश्विक परिस्थितियों पर भी निर्भर करेगी.
- सोना और विदेशी मुद्रा भंडार पर असर: भारत सोने और कई विदेशी वस्तुओं का आयात करता है. रुपया मजबूत होने से डॉलर में खरीदे जाने वाले सोने की रुपये में लागत घट सकती है. इससे घरेलू सोने की कीमतों पर दबाव संभव है. वहीं, RBI के विदेशी मुद्रा भंडार की डॉलर वैल्यू को रुपये में आंकने पर उसका मूल्य कम दिख सकता है. इसका मतलब यह नहीं कि डॉलर भंडार वास्तव में घट गया है.
कुछ नुकसान भी
- निर्यातकों को सीधा घाटा
भारतीय आईटी और फार्मा सेक्टर का बड़ा रेवेन्यू डॉलर में आता है. एक रुपये की मजबूती से देश की बड़ी आईटी कंपनियों के ऑपरेटिंग मार्जिन यानी मुनाफे में 20 से 30 बेसिस पॉइंट्स की सीधी गिरावट आती है. इससे निर्यातकों को सालाना हजारों करोड़ का नुकसान होता है. - रेमिटेंस की रकम में कमी
भारत को प्रवासी भारतीयों से सालाना लगभग $125 अरब का रेमिटेंस मिलता है (दुनिया में सबसे ज्यादा). रुपया 1 रुपये मजबूत होने का सीधा मतलब है कि भारत में रहने वाले उनके परिवारों को मुद्रा बदलने पर ₹12,500 करोड़ कम मिलेंगे, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रभावित करता है.