Diwali Firecracker: दिवाली पर आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठता है. कहीं लाल, कहीं हरे तो कहीं सुनहरे रंग के पटाखे लोगों का ध्यान खींचते हैं. लेकिन आसमान में दिखने वाली यह खूबसूरत रोशनी जमीन पर रहने वालों के लिए जहर बन जाती है. पटाखों से निकलने वाला धुआं सिर्फ आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी पैदा नहीं करता, बल्कि हवा में कई तरह के जहरीले तत्व भी छोड़ता है. इनमें पोटैशियम, एल्युमिनियम, बेरियम और स्ट्रॉन्शियम जैसे तत्व शामिल हैं. ये तत्व बेहद महीन कणों के साथ मिलकर हवा में फैलते हैं और सांस के जरिये हमारे शरीर में पहुंच सकते हैं.
दिवाली की रात प्रदूषण का स्तर अचानक बढ़ने के पीछे पटाखों का जलना अहम कारण है. कई अध्ययनों में इस दौरान PM2.5 के स्तर में सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना वृद्धि दर्ज की गई है. दिल्ली में हुए एक अध्ययन में पटाखों के कारण PM2.5 का स्तर पहले के मुकाबले 12 से 16 गुना तक बढ़ जाता. सवाल ये कि पटाखों से निकलने वाले ये तत्व कितने खतरनाक हैं और दिवाली की रात हवा की रासायनिक संरचना कैसे बदल जाती है?
पटाखों में कौन से केमिकल बनाते हैं रंगीन रोशनी?
पटाखों में इस्तेमाल होने वाले अलग-अलग केमिकल आसमान में अलग-अलग रंग पैदा करते हैं. लाल रंग के लिए स्ट्रॉन्शियम, हरे रंग के लिए बेरियम, नीले रंग के लिए कॉपर और पीले रंग के लिए सोडियम के कंपाउंड का इस्तेमाल किया जाता है. इनके अलावा पोटैशियम नाइट्रेट, सल्फर और चारकोल जैसे पदार्थ पटाखों को जलाने और विस्फोट के लिए जरूरी केमिकल प्रक्रिया कराते हैं.
पटाखे जलने के बाद इन पदार्थों का एक हिस्सा गैस और बेहद महीन कणों के रूप में वातावरण में फैल जाता है. इससे हवा में PM2.5 और PM10 जैसे तत्वों की मात्रा बढ़ती है. सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी गैसें भी निकली हैं.
हवा में धातुओं की मात्रा बढ़ती है
दिवाली के दौरान पटाखों से निकलने वाले प्रदूषण की एक खास पहचान हवा में कुछ धातुओं की मात्रा में अचानक होने वाली वृद्धि है. वैज्ञानिक अध्ययनों में पोटैशियम, एल्युमिनियम, बेरियम, स्ट्रॉन्शियम और सल्फर जैसे तत्वों की मात्रा में स्पष्ट बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
2024 में जर्नल एटमॉस्फेरिक एनवायरमेंट में प्रकाशित दिल्ली के एक अध्ययन में 2019, 2020 और 2021 के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया. इसमें पाया गया कि दिवाली के दौरान हवा में मौजूद तत्वों वाले PM2.5 के कुल भार में पटाखों का योगदान 85 फीसदी से अधिक था. 2022 में दिल्ली में किए गए एक अन्य अध्ययन में भी पटाखों के प्रभाव का विश्लेषण किया गया. इसमें दिवाली के दौरान PM2.5 का स्तर पटाखे जलाने से पहले के मुकाबले 12 से 16 गुना तक पहुंचा. अध्ययन में पाया गया कि हवा में मौजूद तत्वों वाले PM2.5 का करीब 95 फीसदी हिस्सा पटाखों से जुड़ा था.
सर्दियों की शुरुआत में प्रदूषण जानलेवा?
दिवाली के आसपास उत्तर भारत में मौसम भी प्रदूषण बढ़ाने में मददगार है. अक्टूबर के आखिर और नवंबर की शुरुआत में रात का तापमान गिरने लगता है. हवा की रफ्तार कम होने और वातावरण में नमी बढ़ने से प्रदूषक कणों का फैलाव धीमा हो सकता है.
इस दौरान कई जगह टेम्परेचर इनवर्जन की स्थिति बनती है. सामान्य तौर पर ऊंचाई बढ़ने के साथ तापमान घटता है, लेकिन इस स्थिति में जमीन के पास ठंडी हवा और उसके ऊपर गर्म हवा की परत बन जाती है. इससे प्रदूषण फैलाने वाले कण जमीन के करीब फंस सकते हैं. हवा में पहले से मौजूद प्रदूषण के साथ पटाखों से निकले नए कण भी मिल जाते हैं.
पराली से ज्यादा खतरनाक हैं पटाखे?
दिल्ली-एनसीआर में सर्दियों के प्रदूषण की चर्चा होते ही पराली जलाने का मुद्दा सामने आ जाता है. पंजाब और हरियाणा में फसल अवशेष जलाने से निकलने वाला धुआं हवा के साथ दिल्ली और आसपास के इलाकों तक पहुंचता है. लेकिन पटाखों और पराली के प्रदूषण की प्रकृति और समय अलग-अलग हो सकते हैं. पटाखों का प्रभाव खासतौर पर उनके जलने के दौरान कुछ घंटों में दिखाई देता है. इस दौरान बेरियम, स्ट्रॉन्शियम, पोटैशियम और एल्युमिनियम जैसे तत्वों की मात्रा तेजी से बढ़ सकती है. इसके उलट पराली जलाने से निकलने वाला धुआं क्षेत्रीय स्तर पर प्रदूषण बढ़ाता है और कई दिनों तक असर डाल सकता है.
दिल्ली में किए गए 2022 के अध्ययन में भी यह अंतर सामने आया. शोधकर्ताओं के मुताबिक, दिवाली की रात पटाखों से प्रदूषण में तेज उछाल आया, जबकि दिवाली के बाद के दिनों में खराब हवा की स्थिति में बायोमास बर्निंग यानी पराली और दूसरे जैविक पदार्थों के जलने का योगदान अहम था. इसलिए दिवाली के प्रदूषण के लिए सिर्फ पराली या सिर्फ पटाखों को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं होगा.