Last Updated:
Himachal AQI: दिवाली पर पटाखों से हिमाचल प्रदेश में एक्यूआई खराब हुआ था, जो अब सुधर गया है. मौसम विभाग ने हल्की बारिश का अनुमान जताया है. लाहौल-स्पीति में सैलानी बर्फबारी का लुत्फ उठा रहे हैं.
मंडी के धर्मपुर का मंडप गांव. यहां पर पटाखों का धुआं अभी हल्का हल्का वातावरण में नजर आ रहा है.
शिमला. हिमाचल प्रदेश में दिवाली की रात को खूब पटाखे चले. शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी समेत सभी इलाकों में लोगों ने दिवाली का त्योहार सेलिब्रेट किया. ऐसे में दिल्ली की तरह हिमाचल प्रदेश में भी दिवाली की रात को एयर क्वालिटी इंडेक्स का स्तर खराब श्रेणी में पहुंच गया था. हालांकि, दिवाली के अगले अब इसमें सुधार हुआ है. लेकिन दिल्ली में एक्यूआई के मुकाबले हिमाचल में हवा की गुणवत्ता काफी बेहतर है.
दरअसल, शिमला में सोमवार सुबह 11 बजे का एक्यूआई 61 दर्ज किया गया है. हालांकि रात को पटाखे फोड़ने की वजह से यह 191 पहुंच गया था. इसके अलावा, बद्दी में 119, मनाली 88, धर्मशाला 149, सोलन 144, कुल्लू 79, कांगड़ा में 53 एक्यूआई दर्ज किया गया है. हालांकि, रात के बाद अब प्रदेश में सभी इलाकों में एक्यूआई का स्तर 100 से नीचे आ गया है. गौर रहे कि 50 से नीचे के एक्यूआई को बेहतर माना जाता है और 100 तक यह मॉडरेटर माना जाता है.
मौसम विज्ञान के शिमला केंद्र ने सोमवार सुबह बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश में अगले सात दिन में बीच बीच में हल्की बारिश और धूप खिलेगी. 12 और 13 नवंबर को आधू तूफान का येलो अलर्ट रहेगा और हल्की बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, मंडी में धुंध के चलते विजिबिलिटी 200 और सुंदर नगर में 300 मीटर है. ऊना में बीते रोज रविवार को सबसे अधिक 32 डिग्री पारा दर्ज किया गया है.
हिमाचल में मौसम का अगले सात दिन का हाल.
लाहौल में आ रहे सैलानी
नवंबर का दूसरा सप्ताह शुरू हो चुका है, लेकिन लाहौल स्पीति में बर्फ के दीदार करने का सैलानियों का जुनून अभी भी कम होने का नाम नहीं ले रहा है. लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद अब पर्यटकों का रुख बारालाचा ला दर्रे की ओर बना हुआ है. जिला मुख्यालय केलांग से करीब 75 किलोमीटर दूर स्थित बारालाचा ला दर्रा इन दिनों बर्फ की सफेद चादर से ढका हुआ है. चारों ओर फैली बर्फ की खूबसूरत वादियां और कड़ाके की ठंड के बीच चल रही तेज हवाएं यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को रोमांचित कर रही हैं.
हालांकि, नवंबर का महीना शुरू होने के साथ ही पर्यटकों की संख्या में पहले के मुकाबले गिरावट दर्ज की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद बर्फ के दीदार की चाह पर्यटकों को यहां खींच ला रही है. पर्यटकों का कहना है कि बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच प्रकृति के इतने खूबसूरत नजारे देखना उनके लिए किसी यादगार अनुभव से कम नहीं है. यही वजह है कि यहां पहुंचने वाले सैलानी दूसरे लोगों को भी बारालाचा ला की खूबसूरत वादियों का दीदार करने की सलाह दे रहे हैं.