Last Updated:
राजस्थान के भिवानी से बिहार के छपरा जिला जा रही बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लखनऊ के जीरो प्वाइंट पर पलट गई. बस के पलटते ही चीख-पुकार मच गई. वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बिहार जा रही बस पलटी.
लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मोहान जीरो प्वाइंट के पास राजस्थान से छपरा जा रही बस पलट गई. इस हादसे में करीब 15 बस यात्री घायल हो गए. जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. बस पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. बस में फंसे करीब 15 यात्रियों को फायर ब्रिगेड ने बस की बॉडी काटकर बाहर निकाला गया. भोर में एक्सप्रेस वे के ज़ीरो प्वाईंट पर यह हादसा हुआ है.
कैसे हुआ हादसा
चश्मदीदों के मुताबिक यह बस राजस्थान के भिवानी से बिहार के छपरा जिले के लिए जा रही थी. यात्रियों का आरोप है कि राजस्थान से लेकर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के दौरान चालक और परिचालक ने कई जगह रुककर शराब पी थी. यात्रियों का कहना है कि चालक अत्यधिक नशे में था, जिसके कारण तेज रफ्तार बस जीरो पॉइंट के पास बेकाबू होकर खंती में पलट गई.
सभी को निकाला गया बाहर
हादसे के बाद बस में सवार करीब 50 से 60 यात्री अंदर फंस गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया. सरोजनीनगर के अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) सुमित प्रताप सिंह ने फायर सर्विस कर्मियों के साथ बचाव अभियान की कमान संभाली. पलटी बस में फंसे बच्चों और अन्य यात्रियों को बाहर निकालने के लिए टीम ने कड़ी मशक्कत की. पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर बस में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया.