Last Updated:
दीवाली के बाद बिहार की हवा बेहद जहरीली हो गई है. पटना में वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 700 के पार पहुंच गया है. कई अन्य जिलों में भी हालात काफी खराब हैं. प्रदूषित हवा के कारण लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी हो रही है. बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
सांकेतिक फोटो
पटनाः दीवाली के बाद बिहार की हवा में जहर घुल गया है. त्योहार के मौके पर हुई भारी आतिशबाजी और पटाखों के धुएं ने पूरे प्रदेश के पर्यावरण को बुरी तरह प्रभावित किया है. इसके चलते बिहार के कई शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है. कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर तय मानकों से बहुत ऊपर पहुंच चुका है.
पटना में AQI 700 पार
इस बार दीवाली के बाद प्रदूषण के मामले में राजधानी पटना और कई अन्य जिलों में हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं. अलग-अलग इलाकों से सामने आए आंकड़े चौंकाने वाले हैं. पटना के कई प्रमुख क्षेत्रों में एक्यूआई सात सौ के पार दर्ज किया गया है. पटना के गुलजारबाग में एक्यूआई 714, कंकड़बाग में 713, गर्दनीबाग में 709 और आशियाना नगर में 622 तक पहुंच गया है. इसके अलावा बक्सर में 524 और छपरा में 422 एक्यूआई दर्ज किया गया है.
मुजफ्फरपुर में AQI 450 और मुंगेर में 400
प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है. मुजफ्फरपुर में एक्यूआई 450 और मुंगेर में 400 दर्ज किया गया है. समस्तीपुर में हवा का स्तर 371 रहा. इसके अलावा राजगीर में 362, सासाराम में 264, दरभंगा में 351, बिहार शरीफ में 319 और गया में 331 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया है. हाजीपुर और अन्य जगहों पर भी स्थिति कमोबेश ऐसी ही बनी हुई है. भागलपुर में एक्यूआई 246, कटिहार में 214 और मोतिहारी में 277 दर्ज किया गया है.
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
विशेषज्ञों का कहना है कि तीन सौ से अधिक का एक्यूआई मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक होता है. पटाखों से निकले भारी धुएं और हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों के कारण आम लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी हो रही है. लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सीने में जकड़न जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है. वायु प्रदूषण का सबसे बुरा असर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर पड़ रहा है. पटाखों के धुएं में मौजूद बारीक कण सांस के रास्ते सीधे फेफड़ों तक पहुंच जाते हैं. इससे दमा और हृदय रोग के पीड़ितों की मुश्किलें काफी बढ़ जाती हैं.
प्रदूषण से बचने के लिए बरतें ये सावधानी
इस खतरनाक प्रदूषण से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए. बुजुर्गों, बच्चों और अस्थमा के मरीजों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें. सुबह और देर रात के समय जब हवा में प्रदूषण का स्तर अधिक होता है, तब बाहर टहलने या व्यायाम करने से पूरी तरह बचना चाहिए.
यदि किसी को सांस लेने में ज्यादा दिक्कत हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. घरों के अंदर धूल और धुएं का प्रवेश रोकने के उपाय करने चाहिए. जिन लोगों को पहले से कोई स्वास्थ्य समस्या है, वे डॉक्टर की सलाह के अनुसार अपनी नियमित दवाएं और इनहेलर का समय पर इस्तेमाल करें. प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से प्रदूषण कम करने में सहयोग की अपील कर रहा है.